Delhi University 2019: डीयू छात्रसंघ के लिए मतदान आज कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू

Thursday, Sep 12, 2019 - 11:20 AM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के चार पदों के लिए आज (वीरवार) को मतदान होगा। सुबह की पाली में 8:30 से दोपहर 1 बजे तक, सांध्य कॉलेजों में दोपहर 3 से शाम 7:30 तक मतदान होगा। इसके अगले दिन शुक्रवार को परिणाम घोषित किया जाएगा। डूसू में मतदान के लिए 1.3 लाख से अधिक छात्र मतदान करने के योग्य हैं। मतदान के लिए डीयू द्वारा सभी इंतजाम कर लिए गए है। डूसू के चार पदों के लिए कुल 16 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। इनमें अध्यक्ष पद पर चार,उपाध्यक्ष पद पर सबसे अधिक पांच,सचिव पद पर सबसे कम तीन और सह-सचिव पद पर चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। अध्यक्ष पद पर चार उम्मीदवारों में से तीन छात्राए है,जबकि उपाध्यक्ष और सचिव पद पर एक भी छात्रा उम्मीदवार नहीं है। 

अध्यक्ष पद पर उतरे चार उम्मीदवारों में से सिर्फ एक छात्र है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की तरफ से अक्षित दहिया को प्रत्याशी बनाया गया है। नजदीकी मुकाबले वाले इन चुनावों में कांग्रेस सर्मिथत एनएसयूआई से अध्यक्ष पद के लिए 11 साल बाद कोई महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। इसकी प्रतिद्वंद्वी एबीवीपी ने पिछली बार 2011 में महिला उम्मीदवार उतारा था।  चुनाव मैदान में उतरे 16 उम्मीदवारों में केवल पांच महिलाएं हैं जिनमें से दो निर्दलीय हैं। 

एबीवीपी ने डूसू अध्यक्ष अक्षित दहिया, उपाध्यक्ष प्रदीप तंवर, महासचिव योगित राठी और संयुक्त सचिव पद के लिए शिवांगी खेरवाल को उतारा है। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया ने दहिया के खिलाफ चेतना त्यागी को और वाम दल सर्मिथत आइसा ने अध्यक्ष पद के लिए दामिनी कैन को उतारा है। एनएसयूआई ने उपाध्यक्ष पद के लिए अंकित भारती को, सचिव पद के लिए आशीष लांबा और संयुक्त सचिव पद के लिए अभिषेक चपराना को चुनाव मैदान में उतारा है।  

पिछले साल के चुनाव में एबीवीपी ने तीन पदों पर जीत हासिल की थी जबकि एनएसयूआई को एक सीट मिली थी। विभिन्न छात्र संगठनों ने चुनाव से पहले जो वादे किए हैं उनमें असमानता हटाना, महिला सुरक्षा, छात्रों  को ओलंपिक भेजना और मेट्रो के लिए रियायती पास दिलाना आदि शामिल हैं। 

Riya bawa

Advertising