स्कूल के नाटक में लड़की के अजान पढ़ने से खड़ा हुआ विवाद , मंचन पर लगी रोक

Saturday, Dec 01, 2018 - 10:33 AM (IST)

कोझिकोड :  कोझिकोड के एक स्कूल में नाटक में एक लड़की के अजान पढऩे के कारण विवाद छिडऩे के बाद स्कूल ने राज्य स्तर पर स्पर्धा में इसके मंचन पर रोक लगा दी है।    

      

वटाकरा में मेमूंडा उच्च माध्यमिक स्कूल ने राजस्व जिला स्कूल कला महोत्सव में प्रथम स्थान हासिल किया। लेखक आर उन्नी की कहानी ‘वांख’ पर आधारित नाटक ‘किताब’ में अग्रणी भूमिका निभाने वाली लड़की को सर्वश्रेष्ठ अदाकारा का पुरस्कार मिला है। यह विवाद तब उठा जब नाटक का चयन स्कूल स्तरीय स्पर्धा के लिए हुआ। ‘किताब’ एक ऐसी लड़की की कहानी है जो अपने मुअज्जिन पिता की तरह अजान पढना चाहती है।        

 

केरल सुन्नी स्टूडेंट फेडरेशन और सुन्नी युवजन संघम ने नाटक के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि इससे धार्मिक भावनांए आहत हुई है और समुदाय के एक धड़े को गलत तरीके से दिखाया गया है।  परंपरा के तहत अजान केवल पुरूष पढ़ते हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नाटक ने मुसलमानों की जीवन शैली का अपमान किया है। स्कूल के प्रधानाध्यापक पी के कृष्णदास ने कहा कि स्कूल किसी की भावनाओं को आहत नहीं करना चाहता इसलिए राज्य स्तरीय स्पर्धा से इसे वापस लेने का फैसला किया।  नाटक का निर्देशन करने वाले रफीक मंगलासेरी ने कहा कि कट्टरपंथियों के दबाव के कारण नाटक का मंचन नहीं करने का फैसला किया गया।           

pooja

Advertising