CORONA VIRUS: सेना भर्ती की प्रक्रिया एक बार फिर टली

Saturday, Mar 14, 2020 - 11:16 AM (IST)

नई दिल्लीः कोरोना वायरस के खौफ के चलते उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में 17 मार्च को होने वाली आगरा और अलीगढ़ मण्डल के छह जिलों की संयुक्त सेना भर्ती की प्रक्रिया को एक बार फिर टाल दिया गया है। जिला प्रशासन ने सेना से इस भर्ती प्रक्रिया को टाले जाने का अनुरोध किया था जिसके बाद यह कदम उठाया गया है। सेना में भर्ती के लिए आगरा और अलीगढ़ मंडल के अंतर्गत आगरा, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, मथुरा और फिरोजाबाद जिलों के युवाओं से आवेदन की मांग की गई थी। 17 मार्च से मथुरा के ईगल ग्राउंड पर यह भर्ती प्रक्रिया शुरू होनी थी। इसी सिलसिले में छह जिलों के 1.21 लाख युवाओं ने आवेदन किया था और सेना की तरफ से भी पूरी तैयारी थी।

पहले भी टाली जी चुकी है भर्ती प्रक्रिया
गौरतलब है कि इससे पहले फरवरी में उत्तर प्रदेश बोर्ड की परीक्षाओं एवं जिले में होली आयोजनों के चलते सैन्य भर्ती टाली जा चुकी है। पहले छह फरवरी से एक सप्ताह के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरु की जानी थी।

Riya bawa

Advertising