हरियाणा की आईटीआई में तैयार होंगे कंस्ट्रक्शन कारीगर

punjabkesari.in Saturday, Nov 10, 2018 - 09:42 AM (IST)

हिसारः हरियाणा के वित्त एवं राजस्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि राज्य की आईटीआई में मकान निर्माण की विभिन्न विधाओं से संबंधित पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे तथा इनमें इससे संबंधित हुनरमंद कारीगर तैयार होंगे।   कैप्टन अभिमन्यु ने हिसार जिले के बडाला गांव में पांचाल समिति द्वारा आयोजित विश्वकर्मा दिवस समारोह को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मकान निर्माण के दौरान ईंट-पत्थर, लकड़ी, लोहा-सरिया, पलंबर, टाइल-पत्थर और पेंट करने जैसे अनेक कार्य होते हैं तथा इनमें हुनरमंद कारीगर तैयार करने का सरकार ने फैसला लिया है। 

 

उन्होंने बताया कि राज्य की आईटीआई में इन कार्यों से संबंधित पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे तथा यहां से जो युवा प्रशिक्षित होंगे वे स्वरोजगार शुरू करने अथवा रोजगार हासिल करने में सक्षम होंगे।  उन्होंने कहा कि 70 साल के आजाद भारत में हमारी परंपरागत कौशल कला और हुनर को विकसित करने की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया। 
 

देश में हजारों साल पहले बने विश्व विख्यात मंदिर, दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल, सरदार पटेल की हाल ही में बनी विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा हमारे शिल्पकारों और कारीगरों की कल्पना शक्ति और कला के अछ्वुत नमूने हैं। लेकिन देश के ऐसे परंपरागत कौशल को विकसित करने और इनकी विधिवत् शिक्षा की ओर किसी पूर्ववर्ती सरकार ने ध्यान नहीं दिया।  

 

मंत्री ने कहा कि देश की परंपरागत विधाओं को किसी संस्थान में आधुनिक परिप्रेक्ष्य से नहीं पढ़ाया जाता। लेकिन वर्तमान राज्य सरकार युवाओं के कौशल विकास हेतु पलवल में भगवान विश्वकर्मा कौशल विकास विश्वविद्यालय का निर्माण कर रही है। जहां हमारे पारंपरिक हुनर तराशने का कार्य किया जाएगा। वित्तमंत्री ने पांचाल समाज की मांग पर विश्वकर्मा भवन के निर्माण हेतु 11 लाख रुपये देने की घोषणा करते हुए ग्रामीणों से आह्वान किया कि इस भवन के लिए गांव के हर घर, हर जाति और हर धर्म से सहयोग लेकर इसमें सर्वसमाज की हिस्सेदारी की जाए।  उन्होंने बताया कि गांव के लिए पेयजल परियोजना का निर्माण शीघ्र होगा। इसी प्रकार गांव के लिए 2.5 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजना मंजूर हो चुकी है इसके लिए धनराशि भी जारी की जा चुकी है।  
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Sonia Goswami

Recommended News