डूसू चुनाव परिणाम को दिल्ली उच्च न्यायालय में दी गई चुनौती

Monday, Sep 17, 2018 - 12:57 PM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली उच्च न्यायालय में सोमवार को एक याचिका दायर कर दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव के परिणाम को चुनौती दी गई।      

तीन उम्मीदवारों ने यह याचिका दायर कर ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया है। साथ ही, उन्होंने सवाल किया है कि निजी तौर पर खरीदी गयी ईवीएम का इस्तेमाल 12 सितंबर को हुए डूसू चुनावों में कैसे किया जा सकता है।      

अपनी याचिका में उम्मीदवारों ने डूसू चुनाव में इस्तेमाल में लाई गई ईवीएम सुरक्षित रखने का भी अनुरोध किया है। गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने पिछले गुरुवार को कहा था कि डूसू चुनाव में इस्तेमाल में लाई गई ईवीएम चुनाव आयोग ने नहीं दिए थे और संभवत: वे निजी तौर पर खरीदी गई थी।      

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के 13 सितंबर को घोषित परिणाम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े छात्र संगठन एबीवीपी (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) को अध्यक्ष सहित चार में से कुल तीन सीटें हासिल हुई हैं। वहीं, कांग्रेस से जुड़े छात्र संगठन एनएसयूआई को सिर्फ एक सीट मिली है।     
 

pooja

Advertising