सीबीएसई कर रहा है प्रश्न-पत्रों का पैटर्न बदलने की तैयारी

Monday, Apr 15, 2019 - 03:13 PM (IST)

नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) फिर एक बार प्रश्न पत्रों का पैटर्न बदलने की तैयारी में है। इस मामले में सीबीएसई परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने कहा कि 2019-20 सत्र में भी कुछ बदलाव किए जा रहे हैं। परीक्षा में प्रश्न पत्रों का पैटर्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तरह होगा। ऑब्जेक्टिव प्रश्न अधिक होंगे लेकिन मल्टीपल च्वाइस वाले प्रश्न नहीं होंगे। इससे छात्र हर टॉपिक को गहराई से पढ़ेंगे। 2020 की 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रश्नों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। तब मौजूदा प्रश्न पत्र से 10 अधिक सवालों के जवाब देने पड़ सकते हैं। 2018-19 सत्र में परीक्षार्थियों के प्रश्न-पत्र में जो बदलाव हुए उनमें एक-दो सवाल का अंतर आया था मगर अब 12वीं कक्षा में यह अंतर 10 तक जा सकता है।

ऐसा होगा नया पैटर्न
नए पैटर्न में वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के साथ दो अंक, तीन अंक और पांच अंकों के भी सवाल होंगे। भौतिकी व रसायन में 10 से 12 प्रश्न न्यूमेरिकल वाले होंगे। दो और तीन अंकों वाले सात-सात प्रश्न होंगे। पांच अंकों के तीन प्रश्न होंगे। बोर्ड ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की संख्या अब 10 की जगह 20 होगी। नये पैटर्न को लेकर तैयारी शुरू हो चुकी है। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट निकलने के बाद इसकी जानकारी स्कूलों को दी जायेगी। 

उत्तर लिखने के लिए विषय की गहराई से करनी होगी पढ़ाई 
12वीं के छात्रों में तार्किक व याद करने की क्षमता बढ़े, इसके लिए बोर्ड ने प्रश्न पत्रों की ऐसी डिजाइन बनायी है कि उत्तर लिखने के लिए छात्रों को विषय की गहराई तक जानकारी होनी चाहिए। 2020 की 12वीं बोर्ड की परीक्षा में मल्टीपल च्वाइस वाले प्रश्न नहीं होंगे। इससे उत्तर लिखने के लिए छात्रों को विषय की पूरी पढ़ाई करनी होगी।  

bharti

Advertising