CBSE 12th Exam: गणित के पेपर में कंफ्यूजन, सेट एक और सवाल अलग

Tuesday, Mar 19, 2019 - 01:39 PM (IST)

एजुकेशन डेस्कः केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित हो रही 12वीं बोर्ड परीक्षा का गणित का पेपर चर्चा का विषय बन गया। बताया जा रहा है कि गणित के पेपर में हिंदी और अंग्रेजी भाषा में अलग अलग सवाल थे। कहा जा रहा है कि गणित के पेपर में अंग्रेजी वर्जन में जो सवाल पूछा गया था, वो हिंदी वर्जन में नहीं था और उससे अलग सवाल पूछा गया जबकि दोनों पेपर एक ही सेट के थे, लेकिन ट्रांसलेशन में अलग-अलग सवाल है।

गलत ट्रांसलेशन होने की वजह से अब छात्र मार्क्स को लेकर चिंतित है कि आखिर सही सवाल क्या था और इसकी चेकिंग किस आधार पर होगी। रिपोर्ट्स के अनुसार गणित के सेट-2 पेपर के 26वें सवाल में ABOUT और AROUND का अंतर है। इस वजह से छात्रों ने सवाल के अलग अलग उत्तर दिए हैं।

 

हालांकि दूसरे सेट में दोनों माध्यमों में एक ही सवाल पूछे गए, लेकिन सेट-2 पेपर को लेकर छात्रों को कंफ्यूजन है। यह सवाल 6 नंबर का था और इस सवाल को हल करने का तरीका भी अलग -अलग था। हालांकि बोर्ड से इस मामले में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। वहीं पूरे पेपर की बात करें तो पेपर का डिफिकल्टी लेवल ज्यादा नहीं था और पेपर काफी आसान भी नहीं था।

बताया जा रहा है एक सेट में अलग-अलग सवाल होने को लेकर बोर्ड कुछ फैसला ले सकता है। बता दें कि बोर्ड की ओर से पहले भी कहा गया है कि बोर्ड के पास इन तरह के मामलों को सुलझाने के लिए अलग अलग पैटर्न होता है। अब देखना ये है कि बोर्ड इस मामले को लेकर क्या फैसला लेता है।

Sonia Goswami

Advertising