‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के वार्षिक समारोह का होगा उद्घाटन

Thursday, Jan 24, 2019 - 10:04 AM (IST)

नई दिल्ली:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के वार्षिक समारोह का कल यहां केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी उद्घाटन करेंगी जिसमें राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जाएगा।   

केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्रालय ने बुधवार को यहां बताया कि समारोह का आयोजन बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना की वर्षगांठ पर किया गया है। इस वर्ष राष्ट्रीय बालिका दिवस का विषय ‘उज्ज्वल कल के लिए लड़कियों का सशक्तिकरण’ है। बालिका दिवस का उद्देश्य गिरते हुए बाल लिंग अनुपात (सीएसआर) के बारे में जागरूकता पैदा करना और बालिकाओं के लिये सार्थक वातावरण बनाना है। इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार भी मौजूद रहेंगे।   समारोह में श्रीमती गांधी पांच राज्यों के प्रधान सचिवों और आयुक्तों को उनके समग्र समर्थन, मार्गदर्शन और योजना की निगरानी के लिए सम्मानित करेंगी। इसके अलावा 21 राज्यों और संघ शासित राज्यों में 25 जिलों के जिला मजिस्ट्रेट एवं उपायुक्तों को तीन श्रेणियों में किए गए उनके अनुकरणीय कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। इनमें 16 जिलों का चयन प्रभावी सामुदायिक भागीदारी, दो जिलों का चयन पूर्व गर्भाधान और पूर्व प्रसव निदान तकनीक अधिनियम को प्रभावी तरीके से लागू करने और सात जिलों का चयन बालिका शिक्षा सक्षम बनाने के लिये किया गया है।   इस अवसर पर ‘‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत नवाचार’’ पर एक पुस्तिका का विमोचन किया जाएगा। पुस्तिका में अन्य जिलों के लिए एक उदाहरण स्थापित करने के लिए देश भर के जिलों से 38 नवीन गतिविधियों को संकलित किया है। इन कार्यक्रमों को पांच विषयों के अनुसार वर्गीकृत किया गया है, जो जीवन रक्षा, संरक्षण, शिक्षा, भागीदारी और लड़कियों को महत्व देते हैं।
 

pooja

Advertising