पुड्डुचेरी में छह जनवरी से फिर खुलेंगे सभी कॉलेज, सप्ताह में छह दिन ली जाएंगी कक्षाएं

Tuesday, Jan 05, 2021 - 05:36 PM (IST)

एजुकेशन डेस्क: केंद्रशासित प्रदेश पुड्डुचेरी में लॉकडाउन के कारण बंद सभी कॉलेजों को नौ महीने के अंतराल के बाद बुधवार से फिर खोला जायेगा। प्रदेश में हालांकि,17 दिसंबर को कॉलेज खोले गये थे लेकिन केवल स्नातक अंतिम वर्ष और परास्नातक छात्रों के लिए कक्षाएं आयोजित की गई थीं।

उच्च एवं तकनीकी शिक्षा निदेशालय के निदेशक यासम लक्ष्मी नारायण रेड्डी ने मंगलवार को सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को एक परिपत्र में कहा कि वे मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करके सभी छात्रों के लिए कॉलेजों को फिर से खोलें। सभी कॉलेजों को सेनिटाइजर प्रदान करना चाहिए और थर्मल स्कैनर स्थापित करना चाहिए।

साथ ही छात्रों के शारीरिक तापमान की जांच के बाद ही कॉलेज के भीतर आने की अनुमति दी जानी चाहिए। एक कक्षा में यदि 60 से अधिक छात्र हों तो उन्हें दो समूहों में विभाजित किया जायेगा और एक सप्ताह में छह दिन कक्षाएं ली जाएंगी। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि छात्र कॉलेज परिसर और कक्षाओं में सामाजिक दूरी बनाये रखें और मास्क भी पहने। 

rajesh kumar

Advertising