वीडियो गेम छोडो-मैदान से नाता जोड़ो: तावड़े

punjabkesari.in Tuesday, Jan 08, 2019 - 12:57 PM (IST)

मुंबई : महाराष्ट्र के स्कूल शिक्षा और खेल मंत्री विनोद तावड़े ने महाराष्ट्र में खेल को और अधिक बढावा देने के लिए कहा है कि वीडियो गेम छोडो-मैदान से नाता जोड़ो।  

तावड़े ने सोमवार को यहां संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि खेलो इंडिया स्पर्धा इस बार महाराष्ट्र के मुंबई और पुणे में 9 जनवरी से शुरू होगी। उन्होंने कहा कि खेल का आयोजन करने के लिए महाराष्ट्र को चुना गया है जो इस राज्य के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के खिलाडिय़ों को खेल स्पर्धा में अच्छा खेल दिखाने के लिए 15 दिन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।  खेल मंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया स्पर्धा के रूप में महाराष्ट्र में एक बहुत बडा खेल महोत्सव शुरू होने वाला है। उन्होंने कहा कि यह स्पर्धा 9 जनवरी से 20 जनवरी के बीच होगी और इसमें पूरे देश से लगभग 9 हजार खिलाडियों के भाग लेने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव से महाराष्ट्र में स्कूली बच्चों के बीच खेल संस्कृति का विकास होगा। 

 तावड़े ने कहा कि महाराष्ट्र से लगभग 954 खिलाडी भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाडियों को शिवछत्रपति क्रीडा संकुल बालेवाडी के समीप ही होटलों में रहने की व्यवस्था की जा रही है ताकि खिलाडियों को खाने और रहने की असुविधा नही हो और खिलाडी अपनी पूरी ताकत खेल में लगा सकें। 


उन्होंने कहा कि शिवछत्रपति क्रीडा संकुल को लगभग 40 करोड रूपये की लागत से नवीनी करण किया गया है और इसे विश्व स्तर का बनाया गया है ताकि हमारे खिलाडियों को वह अनुभव प्राप्त हो सके जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुविधा मिलती है।  खेल मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सर्वोत्तम खेल दिखाने वाले खिलाडी को सरकारी नौकरी में प्राथमिकता देने के साथ ही उनके खेल के अनुसार सरकारी नौकरी में सीधे नियुक्ति दी जा सकती है। राज्य में उत्तम खिलाडियों को शासकीय, अर्धशासकीय और अन्य क्षेत्र में नौकरी के लिए पांच प्रतिशत आरक्षण दिया जायेगा।  उन्होंने कहा कि इस खेल महोत्सव में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉकिंस्ग, लॉन टेनिस, टेबल टेनिस, जिमनॉस्टिक्स, जुडो, निशानेबाजी, तैराकी, टेबल टेनिस, वेटलिटिंग, बास्केटबॉल, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खोखो, वालीबॉल जैसे 18 खेल शामिल किये गये हैं। इस अवसर पर क्रीडा उपसचिव राजेंद्र पवार, निशानेबाज तेजस्विनी सावंत, एथलीट रचिता मिस्त्री उपस्थित थे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

pooja

Recommended News