मार्च में मिलीं 8.14 लाख नई नौकरियां: ई.पी.एफ.ओ.

Wednesday, May 22, 2019 - 11:25 AM (IST)

नई दिल्ली: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ई.पी.एफ.ओ.) के ताजा आंकड़ों के अनुसार संगठित या औपचारिक क्षेत्र में मार्च, 2019 में शुद्ध रूप से 8.14 लाख नौकरियों का सृजन हुआ। फरवरी में 7.88 लाख नई नौकरियां मिली थीं। वर्ष 2018-19 में 67.59 लाख रोजगार के अवसरों का सृजन हुआ। नौकरी के ये आंकड़े कर्मचारियों के ई.पी.एफ.ओ. में अंशदान के विश्लेषण पर आधारित हैं।

इन आंकड़ों के अनुसार सितंबर, 2017 से मार्च, 2018 के दौरान ई.पी.एफ.ओ. में कुल मिला कर 15.52 लाख नए सदस्य जुड़े। ई.पी.एफ.ओ. अप्रैल, 2018 से नौकरी के आंकड़े जारी कर रहा है। इसमें सितंबर, 2017 से शुरू हुई अवधि के आंकड़े शामिल हैं। मार्च, 2019 में सबसे अधिक नौकरियां 22 से 25 साल के आयु वर्ग के लोगों को मिलीं। 

इस वर्ग के लोगों के लिए 2.25 लाख रोजगार के अवसरों का सृजन हुआ। इसके बाद 18 से 21 साल के आयु वर्ग में रोजगार के अवसरों का सृजन हुआ। वित्त वर्ष 2018-19 में 8.31 लाख के आंकड़े के साथ नौकरियों में बढ़ौतरी का सबसे ऊंचा आंकड़ा जनवरी, 2019 में रहा। पिछले माह जारी प्रारंभिक आंकड़ों में जनवरी,19 का यह आंकड़ा 8.94 लाख बताया गया था।

bharti

Advertising