भारत को व्यापार में हो रहा नुकसान, निर्यात में लगातार दूसरे महीने गिरावट

Thursday, Sep 15, 2016 - 09:19 PM (IST)

नई दिल्ली: देश के निर्यात में लगातार दूसरे महीने गिरावट दर्ज की गई। अगस्त महीने में यह 0.3 प्रतिशत घटकर 21.51 अरब डॉलर रहा। पेट्रोलियम तथा चमड़ा जैसे उत्पादों के निर्यात में गिरावट से निर्यात में कमी आई है। पिछले साल अगस्त में निर्यात 21.58 अरब डॉलर रहा था।
 
देश का आयात भी इस दौरान 14 प्रतिशत घटकर 29.91 अरब डॉलर रहा। इससे व्यापार घाटा आलोच्य महीने में 7.67 अरब डॉलर रहा जो तीन महीने में सबसे कम है। वाणिज्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़े के अनुसार इस साल अगस्त में व्यापार घाटा कम हुआ है जो पिछले साल इसी महीने में 12.4 अरब डालर था। जिन प्रमुख वस्तुओं के निर्यात में कमी आई है, उसमें पेट्रोलियम 14 प्रतिशत, चमड़ा 7.82 प्रतिशत तथा रसायन 5.0 प्रतिशत शामिल हैं। 
 
निर्यात आंकड़े पर अपनी प्रतिक्रिया में भारतीय निर्यात संगठनों के परिसंघ (फियो) ने कहा कि निर्यात में जो गिरावट आनी थी, आ चुकी है और अब हम अक्टूबर से इसमें वृद्धि की उम्मीद कर सकते हैं। फियो ने एक बयान में कहा कि इससे 2016-17 में निर्यात करीब 280 अरब डॉलर रह सकता है। कुल मिलाकर अप्रैल-अगस्त, 2016 में निर्यात 2.98 प्रतिशत घटकर 108.52 अरब डॉलर रहा। इस दौरान आयात भी 15.89 प्रतिशत घटकर 143.18 अरब डॉलर रहा। इससे व्यापार घाटा 34.67 अरब डॉलर रहा।
 
Advertising