Weekly numerology (15th-21st January): जन्मतिथि से जानिए आपके लिए कितना शुभ रहेगा यह सप्ताह

Monday, Jan 15, 2024 - 07:49 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मूलांक – 1
मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व सूर्य देव करते हैं। मूलांक 1 वाले लोग इस सप्ताह ऊर्जा से भरा हुआ महसूस करेंगे परंतु कोई भी काम करते हुए अहंकार की भावना को अपने अंदर न आने दें, अन्यथा परिणाम विपरीत हो सकते हैं। सप्ताह की शुरुआत का समय मिले जुले फलों वाला रहेगा। सोमवार के दिन निजी जीवन के कारण कामकाज पर कम ध्यान दे पाएंगे। जीवनसाथी के साथ कहीं घूमने जाने की योजना बन सकती है। हालांकि सप्ताह के मध्य से आगे का समय व्यावसायिक स्तर पर ज्यादा सक्रिय रहेगा। कामकाज की अधिकता के कारण थोड़े व्यस्त रहेंगे। बृहस्पतिवार के दिन अपने क्रोध पर काबू रखें अन्यथा इस बात का असर आपके रिश्तों पर देखने को मिलेगा। शनिवार और रविवार का दिन विद्यार्थियों के लिए अच्छा रहेगा। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा।
उपाय:- सरसों के तेल में छाया दर्शन कर शनि मंदिर में दान करें। सूर्य भगवान को तांबे के लोटे से जल दें।

मूलांक – 2
मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व चन्द्र देव करते हैं। मूलांक 2 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत के परिणाम थोड़े मंदे रहेंगे। कामकाज में व्यस्त होने के कारण निजी जीवन पर कम ध्यान दे पाएंगे। मन थोड़ा परेशान रहेगा। पैरों के दर्द की समस्या परेशानी का कारण बन सकती है। मानसिक और शारीरिक थकान महसूस करेंगे। हालांकि सप्ताह के मध्य से आगे का समय आपके लिए अच्छा रहेगा। ऊर्जावान और साहस से भरा हुआ महसूस करेंगे। शुक्रवार का दिन आपके लिए विशेष रूप से शुभ रहेगा। किसी नए काम की जिम्मेदारी को समय से पूरा कर पाएंगे। किसी नए काम में निवेश करने के लिए भी विचार कर सकते हैं। शनिवार का दिन भी आपके लिए अच्छा रहेगा। किसी को उधार दी हुई धनराशि वापस मिल सकती है। सप्ताह के अंत में बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा।
उपाय:- काली उड़द की दाल जल प्रवाह करें। गुड़ का सेवन करें।

मूलांक – 3
मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बृहस्पति देव करते हैं। मूलांक 3 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम मिले जुले रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत में समय निजी जीवन की तरफ ज्यादा आकर्षित रहेगा। मंगलवार के दिन घर में किसी पूजा-पाठ का आयोजन हो सकता है। सप्ताह के मध्य का समय काफी व्यस्त रहेगा। कामकाज की अधिकता बनी रहेगी। सप्ताह के अंत का समय भी आपके लिए अच्छा रहेगा। प्रतियोगिता में सफलता मिलने के योग बनते हैं। किसी नए काम की जिम्मेदारी आपको मिलेगी। जिसे पूरा करने में आप बखूबी सक्षम हैं और सफलता हासिल करेंगे। आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। रविवार के दिन किसी कार्य को अपने अनुभव और प्रयत्न से सफलतापूर्वक पूरा कर पाएंगे। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा।
उपाय:-पीपल के वृक्ष पर सरसों के तेल का दीपक जलाएं। गुरुजनों एवं बड़ों का सम्मान करें।

मूलांक – 4
मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व राहू देव करते हैं। मूलांक 4 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम मिले जुले रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत का समय आपके लिए अच्छा रहेगा। डिजाइन और फैशन से जुड़े हुए लोगों के लिए सोमवार का दिन अच्छा है। यात्राओं के योग बनते हैं और यात्राओं में सफलता मिलने की संभावना भी बनती है। बुधवार के दिन किसी नए काम की शुरुआत के कारण थोड़ा व्यस्त रहेंगे। आय के नए साधन प्राप्त होंगे। मंगलवार के दिन जमीन-जायदाद को लेकर छोटे बहन-भाई के साथ मन-मुटाव की संभावना बनती है। अपने स्वभाव में क्रोध को स्थान न दें। सप्ताह के अंत का समय काफी उतार- चढ़ाव भरा रहेगा। नए काम की शुरुआत आपको व्यस्त रखेगी। दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करते हुए सावधानी बरतें। किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह मानना आपके लिए लाभदायक रहेगा।
उपाय :- गुड़ का दान मंदिर में करें। शनि चालीसा का पाठ करें।

मूलांक – 5
मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बुध देव करते हैं। मूलांक 5 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम सकारात्मक रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत में वैवाहिक जीवन के सुखों में वृद्धि होगी। मां-बेटी के संबंध भी अच्छे होंगे। कहीं घूमने जाने की योजना बन सकती है। कुछ अनचाहे खर्चों के कारण अपने व्यय पर अंकुश लगाने की कोशिश करेंगे। सप्ताह के मध्य में स्वभाव में कड़वाहट और नीरसता उत्पन्न होने की संभावना बनती है। बेकार की लड़ाई-झगड़े से दूर रहें और अपने क्रोध पर काबू रखें। सप्ताह के अंत का समय किसी नए काम के कारण व्यस्त रहेगा। भावनाओं में उथल-पुथल लगी रहेगी। हालांकि रविवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा।
उपाय:- सूर्य भगवान को तांबे के लोटे से जल दें। सरसों के तेल में छाया दर्शन कर शनि मंदिर में दान करें।

मूलांक – 6
मूलांक 6, 15 और 24 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शुक्र देव करते हैं। मूलांक 6 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम अच्छे रहेंगे। सोमवार का दिन मिले जुले परिणाम वाला रहेगा। जीवन साथी को कोई ऐसी बात न कहें जो आपके रिश्ते को खराब करें। आपका ध्यान स्वयं के रख-रखाव की तरफ ज्यादा आकर्षित रहेगा। मंगलवार के दिन वाहन खरीदने के योग बनते हैं। प्रॉपर्टी संबंधी मामलों के लिए भी समय अच्छा रहेगा। सप्ताह के मध्य में अपने उतावलेपन पर काबू रखें और कोई भी फैसला सोच- समझ कर लें। किसी एक काम को खत्म करके दूसरे काम को शुरू करने की होड़ में लगे रहेंगे। सप्ताह के अंत में नगदी धन खर्च होगा।
उपाय:- गुड़ का सेवन न करें। गाय की सेवा करें।

मूलांक – 7
मूलांक 7, 16 और 25 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व केतु देव करते हैं। मूलांक 7 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम अच्छे रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत में जीवन में कोई प्रेम संबंध दस्तक दे सकता है। मंगलवार का दिन भी आपके लिए अच्छा रहेगा। नौकरी में स्थानांतरण चाहने वाले लोग आवेदन कर सकते हैं। बुधवार के दिन जमीन-जायदाद के मामले सामने आ सकते हैं। बृहस्पतिवार का दिन थोड़ा सावधानीपूर्वक बिताएं। बेकार की लड़ाई-झगड़े से दूर रहें। छोटे बहन-भाइयों के साथ मन-मुटाव होने की संभावना बनती है। हालांकि शुक्रवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। सप्ताह के अंत में विद्यार्थियों के लिए समय अच्छा है परंतु मन किसी चिंता को लेकर विचलित रहेगा।
उपाय:- सूर्य भगवान को तांबे के लोटे से जल दें। शिवलिंग पर जलाभिषेक करते रहें।

मूलांक – 8
मूलांक 8, 17 और 26 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शनि देव करते हैं। मूलांक 8 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत का समय अच्छा रहेगा। जीवनसाथी के साथ संबंधों में मधुरता बढ़ेगी। निजी जरूरत पर धन खर्च होगा। कहीं घूमने जाने की योजना भी बन सकती है। बुधवार का दिन भी आपके लिए अच्छा रहेगा। यात्राएं करते हुए थोड़ी सावधानी बरतें। बृहस्पतिवार के दिन क्रोध में आकर जीवन साथी को कोई ऐसी बात न कहें जिसके कारण रिश्तों पर बुरा प्रभाव पड़े। सप्ताह के अंत का समय व्यावसायिक स्तर पर थोड़ा व्यस्त रहेगा। किसी नए काम की जिम्मेदारी आपको व्यस्त रखेगी। मानसिक तनाव की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना बनती है।
उपाय:- रात्रि में गुड़ का सेवन न करें। शनि चालीसा का पाठ करें।

मूलांक – 9
मूलांक 9, 18 और 27 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व मंगल देव करते हैं। मूलांक 9 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम अच्छे रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत में जीवन में कोई प्रेम संबंध दस्तक दे सकता है। अपने रिश्तों में किसी झूठे वायदे को स्थान न दें। मंगलवार का दिन सेहत के नजरिया से थोड़ा मंदा रहेगा। पैरों का दर्द परेशानी का कारण बन सकता है। किसी जमीन-जायदाद के मामले में अभी न फंसे। बेकार के लड़ाई-झगड़े से दूर रहें। सप्ताह के अंत का समय आपके लिए अच्छा रहेगा। कार्यों में सफलता मिलेगी। किसी को उधार दी हुई धनराशि भी वापस मिल सकती है।
उपाय:- गुड़ से बनी चीजों का सेवन करें। हनुमान चालीसा का पाठ करें।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.gurukulastro.com

Niyati Bhandari

Advertising