Weekly numerology (15th -21th may): जन्मतिथि से जानिए आपके लिए कितना शुभ रहेगा यह सप्ताह

Monday, May 15, 2023 - 08:16 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मूलांक – 1
मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व सूर्य देव करते हैं। मूलांक 1 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत पारिवारिक जिम्मेदारियों के इर्द-गिर्द बीतेगी। विवाह योग्य जातकों को शादी के प्रस्ताव प्राप्त हो सकते हैं। कहीं घूमने जाने की योजना भी बन सकती है। बुधवार का दिन कामकाज की अधिकता के कारण निजी जीवन के नजरिए से थोड़ा मंदा रहेगा। जीवनसाथी के साथ अनबन होने की संभावना बनती है। अपने क्रोध पर काबू रखें और शब्दों का चयन सोच-समझ कर करें। सप्ताह के अंत में कार्यक्षेत्र पर ज्यादा व्यस्त रहेंगे। बच्चों के लिए सप्ताह के अंत का समय अच्छा रहेगा। उनका मन पढ़ाई में लगेगा।
उपाय:- गणेश भगवान की आराधना करें और उन्हें दूर्वा अर्पित करें। संतान पक्ष के साथ संबंधों को मधुर बनाकर रखें।

मूलांक – 2
मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व चन्द्र देव करते हैं। मूलांक 2 वाले लोग सप्ताह के शुरुआत में अपनी निजी जरूरतों पर नकदी धन खर्च करेंगे। इस सप्ताह यात्राओं के योग बनते हैं। वाहन चलाते समय गति सीमा का ध्यान रखें। कोई भी फैसला जल्दबाजी में लेने से बचें। अपने उतावलेपन पर काबू रखें, अन्यथा नुकसान उठाना पड़ सकता है। सप्ताह के अंत में पिता की सलाह से आपके काम पूरे होंगे। कार्यक्षेत्र पर भी उच्च अधिकारियों का साथ और सहमति प्राप्त होगी। शनिवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। किसी को उधार दिया हुआ पैसा वापस मिल सकता है।
उपाय:- कुत्ते को मीठी रोटी खिलाएं और उसकी सेवा करें। गायत्री मंत्र का पाठ करें।

मूलांक – 3
मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बृहस्पति देव करते हैं। मूलांक 3 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम सामान्य रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत में कामकाज और निजी जिम्मेदारियां दोनों साथ-साथ बनी रहेंगी जिन्हें आप अपनी सूझबूझ के साथ एक संतुलन देने में सक्षम है। आपका मन किसी गुप्त विद्या या ज्योतिष विद्या को सीखने के लिए भी आकर्षित हो सकता है। काम की अधिकता के कारण मेहनत अधिक करनी पड़ेगी परंतु अपनी मेहनत के उचित परिणाम भी आपको अवश्य मिलेंगे। बृहस्पतिवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। सप्ताह के अंत के समय में किसी नए काम की जिम्मेदारी आपको मिलेगी। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा। विद्यार्थी अपनी आगे की शिक्षा को लेकर योजना बनाएंगे।
उपाय:- केसर का तिलक लगाएं। मंदिर में केले का दान करें।

मूलांक – 4
मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व राहु देव करते हैं। मूलांक 4 वाले लोगों के लिए सप्ताह की शुरुआत के परिणाम अच्छे रहेंगे। जीवन में कोई प्रेम संबंध दस्तक दे सकता है। आपका ध्यान निजी जीवन की तरफ ज्यादा आकर्षित रहेगा। मंगलवार के दिन जीवन साथी के साथ कहीं घूमने जाने की योजना बन सकती है। आय के नए साधन प्राप्त होने के भी योग बनते हैं। बृहस्पतिवार के दिन पुलिस के मामलों से थोड़ी दूरी बनाकर रखें। वाहन चलाते समय गति सीमा का ध्यान रखें। सप्ताह के अंत में कोई नया काम शुरू करने में ज्यादा बड़ा निवेश न करें। दस्तावेजों के लेन-देन में सावधानी बरतें।
उपाय :- संतान पक्ष के साथ संबंधों को मधुर बनाकर रखें। सरस्वती मां की आराधना करें।

मूलांक – 5
मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बुध देव करते हैं। मूलांक 5 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम मिले-जुले रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत का समय आपके भौतिक सुख-साधनों में वृद्धि करेगा। मां-बेटी के संबंध अच्छे होंगे। नौकरी में स्थानांतरण चाहने वाले लोग आवेदन कर सकते हैं। इस सप्ताह कार्यक्षेत्र पर उच्च अधिकारियों की सलाह मानकर चलना आपके लिए अच्छा रहेगा। सप्ताह के मध्य में कुछ अनचाहे खर्चों पर अंकुश लगाने की कोशिश करेंगे। सप्ताह के अंत में घर में किसी मांगलिक कार्य का आयोजन हो सकता है। मन की भावनाओं और मस्तिष्क दोनों के मध्य संतुलन बना कर एक निर्णय लेने में असमंजसता महसूस करेंगे।
उपाय:- छोटी कन्या को भोजन करवाकर उनका आशीर्वाद लें। बुध आदित्य स्त्रोत का पाठ करें।

मूलांक – 6
मूलांक 6, 15 और 24 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शुक्र देव करते हैं। मूलांक 6 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत का समय अच्छा रहेगा। सोमवार का दिन आपके लिए अच्छा है। आप इस दिन निजी रख-रखाव पर ज्यादा ध्यान देंगे। अपने मन की बात जीवन साथी के साथ साझा करके बेहतर महसूस करेंगे। वाहन खरीदने के योग बनते हैं। बृहस्पतिवार के दिन घर में किसी मंगल कार्य का आयोजन हो सकता है। सप्ताह के अंत का समय कामकाज की अधिकता में व्यस्त रहेगा। कोई त्वचा विकार उत्पन्न होने की संभावना बनती है। जीवनसाथी को लेकर घर के बड़ों के साथ वैचारिक मतभेद उत्पन्न हो सकते हैं। काम की अधिकता भी आपको व्यस्त रखेगी।
उपाय:- गुड़ का सेवन न करें। गाय को हरा चारा खिलाएं।

मूलांक – 7
मूलांक 7, 16 और 25 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व केतु देव करते हैं। मूलांक 7 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम मिले-जुले रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत में आपका मन नृत्य-संगीत आदि कलाओं की तरफ ज्यादा आकर्षित होगा। दर्शनशास्त्र से जुड़े हुए लोग भी अच्छे परिणाम प्राप्त करेंगे। मंगलवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। इस दिन कार्यों में सफलता मिलने के योग बनते हैं। बुधवार के दिन किसी लोहे के औजार का इस्तेमाल करते हुए सावधानी बरतें। आय के नए साधन प्राप्त होने के भी योग बनते हैं। खेलकूद के क्षेत्र से जुड़े हुए लोग थोड़ा सावधानी बरतें। किसी एडवेंचर एक्टिविटी में भागीदार बनते हुए सावधानी बरतें। शुक्रवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। सरकारी काम सफल होने के योग बनते हैं। नकदी धन खर्च होगा। कामकाज को आगे बढ़ाने का विचार बनाएंगे।
उपाय:- माता-पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें। माथे पर केसर का तिलक लगाएं।

मूलांक – 8
मूलांक 8, 17 और 26 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शनि देव करते हैं। मूलांक 8 वाले लोगों के लिए सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी। जीवन साथी के साथ संबंधों में मधुरता बढ़ेगी। यात्रा में सफलता मिलने के योग बनते हैं। संतान पक्ष को लेकर थोड़ा चिंतित हो सकते हैं। बुधवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। किसी नए काम की तलाश कर रहे हैं तो अच्छी खबर मिलने के योग बनते हैं। आय के नए साधन प्राप्त होंगे। बृहस्पतिवार का दिन थोड़ा सावधानी से बिताएं। अपने क्रोध पर काबू रखें। अपने रिश्ते में खटास उत्पन्न न होने दें। सप्ताह के अंत में कामकाज की अधिकता बनी रहेगी जिसके कारण निजी जीवन पर कम ध्यान दे पाएंगे। किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह से काम करना आपके लिए लाभदायक रहेगा।
उपाय:- गुड़ का सेवन रात्रि में न करें। शनि देव जी के मंदिर में सरसों के तेल का दीपक जलाएं।

मूलांक – 9
मूलांक 9, 18 और 27 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व मंगल देव करते हैं। मूलांक 9 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत का समय मिलाजुला रहेगा। घर में किसी शुभ कार्य का आयोजन हो सकता है। हालांकि संतान पक्ष को लेकर थोड़ा चिंतित रहेंगे। कुछ अनचाही यात्राएं भी करनी पड़ सकती है। सेहत का ख्याल रखें, कमर दर्द की परेशानी चिंता का कारण बन सकती है। बृहस्पतिवार से सप्ताह के आगे का समय आपके लिए अच्छा रहेगा। सूझबूझ और एक अच्छे निर्णय के साथ आगे बढ़े, कार्यों में सफलता मिलेगी। लोग आपके काम की प्रशंसा करेंगे, मन प्रसन्न रहेगा। किसी को उधार दी हुई धनराशि भी वापस मिल सकती है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हैं तो सफलता मिलने के योग बनते हैं।
उपाय:- एक लाल रंग का रुमाल अपने पास रखें। संतान पक्ष के साथ संबंधों को मधुर बनाकर रखें।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.gurukulastro.com

1100  रुपए मूल्य की जन्म कुंडली मुफ्त में पाएं। अपनी जन्म तिथि अपने नाम, जन्म के समय और जन्म के स्थान के साथ हमें 96189-89025 पर व्हाट्सएप करें

Niyati Bhandari

Advertising