Weekly numerology (2nd january- 8th january): जन्मतिथि से जानिए आपके लिए कितना शुभ रहेगा यह सप्ताह

Monday, Jan 02, 2023 - 07:50 AM (IST)

 

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मूलांक – 1

मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व सूर्य देव करते हैं। मूलांक 1 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम मिले-जुले रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत का समय विद्यार्थियों के लिए अच्छा रहेगा। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा। कोई मेधावी मिलने के भी योग बनते हैं। हालांकि सप्ताह के मध्य में समय थोड़ा सावधानी से बिताएं। बुधवार का दिन विशेष रुप से ध्यान पूर्वक बिताने का है। कोई ऐसा काम न करें, जिसके कारण मानहानि का सामना करना पड़े। इस दिन पिता के साथ किसी बात पर मतभेद हो सकता है। पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण कामकाज पर कम ध्यान दे पाएंगे। हालांकि शनिवार के दिन की गई यात्रा आपके लिए शुभ रहेगी। संतान पक्ष से कोई शुभ समाचार मिलेगा। सप्ताह के अंत में जीवनसाथी के साथ किसी बात पर मनमुटाव होने की संभावना बनती है। अपने शब्दों का चयन सोच-समझ कर करें।
उपाय:- काले और नीले रंग से परहेज करें। विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।

मूलांक – 2
मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व चन्द्र देव करते हैं। मूलांक 2 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी। किसी को उधार दी हुई धनराशि वापस मिल सकती है। आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने की योजना बना सकते हैं। कामकाज के नजरिए से की गई यात्रा सफल रहेगी। सप्ताह के मध्य में बच्चों का मन पढ़ाई से भटक सकता है। मूलांक 2 वालों के लिए सप्ताह के मध्य का समय निजी जरूरतों को पूरा करने में बीतेगा। जीवन में कोई प्रेम संबंध भी दस्तक दे सकता है। सप्ताह के अंत का समय थोड़ा सावधानी से बिताएं। सेहत का ख्याल रखें। पैरों का दर्द और जोड़ों का दर्द परेशानी का कारण बन सकता है। वाहन चलाते हुए गति सीमा का ख्याल रखें। अनिंद्रा के कारण मानसिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
उपाय:- पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें। यथासंभव चांदी के पात्र में जल पीएं।

मूलांक – 3
मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बृहस्पति देव करते हैं। मूलांक 3 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत में समय अनुकूल रहेगा। आपके कार्य कम प्रयास से सफल हो जाएंगे। समय का सदुपयोग करने की कोशिश करें। बच्चे अपनी पढ़ाई को लेकर आगे की योजना बनाएंगे। नौकरी में भी पदोन्नति के योग बनते हैं। इस सप्ताह आपका मन ज्योतिष विद्या या अन्य किसी गुप्त विद्या को सीखने के लिए आकर्षित हो सकता है। मूलांक 3 वालों का मन धर्म-कर्म के कामों में लगेगा। सप्ताह के मध्य में आपके भौतिक सुख-साधनों में वृद्धि होगी। शनिवार के दिन किसी धर्म स्थल की यात्रा पर जा सकते हैं। कार्यभार की अधिकता बनी रहेगी। आलस्य में आकर अपने कामों को आने वाले समय पर न डालें।
उपाय:- पीपल के वृक्ष की सेवा करें। गुड़ और शहद का सेवन करें।

मूलांक – 4
मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व राहू देव करते हैं। मूलांक 4 वाले जातक सप्ताह की शुरुआत में सोमवार का दिन थोड़ा सावधानी से बिताएं। भावनाओं में आकर किसी को कोई वायदा न करें। किसी के साथ बातचीत के दौरान अपने शब्दों का चयन सोच-समझ कर करें। हालांकि सप्ताह के आगे का समय आपके लिए अच्छा रहेगा। किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह आपके लिए लाभदायक रहेगी। घर के बड़े-बुजुर्गों के साथ मतभेद करने के स्थान पर उनके अनुभव का लाभ उठाने की कोशिश करें। सप्ताह के मध्य का समय मूलांक 4 वाले जातक मौज-मस्ती में बिताएंगे। निजी जरूरतों पर धन खर्च होगा। शनिवार का दिन आपके लिए शुभ रहेगा। नौकरी में स्थानांतरण चाहने वाले आवेदन भेज सकते हैं। इस समय में कोर्ट-कचहरी के मामले आपके हक में आने के भी योग बनते हैं।
उपाय :- कुत्ते को मीठी रोटी खिलाएं। परनिंदा से परहेज करें।

मूलांक – 5
मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बुध देव करते हैं। मूलांक 5 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम मिले-जुले रहेंगे। इस सप्ताह आप किसी नए काम को शुरू करने की योजना में व्यस्त रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत में आपके सभी कार्य समय से पूरे हो जाएंगे। बुधवार का दिन थोड़ा सावधानी से बिताएं, किसी प्रलोभन में आकर या कोई शॉर्टकट अपनाने की इच्छा से कोई अनैतिक कार्य न करें अन्यथा बाद में पछताना पड़ सकता है। सप्ताह के मध्य का समय दांपत्य जीवन के सुखों के नजरिए से सकारात्मक रहेगा। जीवन साथी के साथ संबंधों में मधुरता बढ़ेगी। सप्ताह के अंत में की गई यात्रा लाभदायक रहेगी। किसी भी निर्णय को लेने में ज्यादा सोच-विचार करने से विलंब का सामना करना पड़ेगा।
उपाय:- बुध आदित्य स्त्रोत का पाठ करें। गणेश भगवान जी की आराधना करें और उन्हें दूर्वा अर्पित करें।

मूलांक – 6
मूलांक 6, 15 और 24 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शुक्र देव करते हैं। मूलांक 6 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत का समय कामकाज में व्यस्त रहेगा। कार्यभार की अधिकता बनी रहेगी, जिसके कारण पारिवारिक जिम्मेदारियों की तरफ कम ध्यान दे पाएंगे। सोमवार के दिन कोई फैसला लेने में आपको असहजता महसूस होगी। किसी विशेष निर्णय में भावनाओं में आकर ज्यादा विचार करेंगे, जिसके कारण मानसिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। जीवनसाथी से उचित सलाह प्राप्त होगी। सप्ताह के मध्य का समय आपके लिए अच्छा रहेगा। इस समय में विवाह योग्य जातकों को शादी के प्रस्ताव प्राप्त हो सकते हैं। शुक्रवार का दिन आपके लिए विशेष रूप से शुभ रहेगा। इस दिन वाहन खरीदने के भी योग बनते हैं। सप्ताह के अंत में प्रॉपर्टी में निवेश करने का विचार बना सकते हैं।
उपाय:- गुड़ का दान मंदिर में करें। साफ-सुथरे कपड़े पहनें।

मूलांक – 7
मूलांक 7, 16 और 25 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व केतु देव करते हैं। मूलांक 7 वाले जातक सोमवार के दिन क्या करें और क्या न करें की स्थिति में फंसा हुआ महसूस करेंगे। इस दिन भावनाओं में आकर कोई निर्णय लेने से बचें। सप्ताह के आगे का समय आपके लिए अच्छा रहेगा। अपने कामकाज को आगे बढ़ाने का विचार करेंगे। इस सप्ताह पिता की सलाह से आपको लाभ होगा। कार्य क्षेत्र पर भी उच्च अधिकारियों का साथ प्राप्त होगा। सप्ताह के मध्य में मां-बेटी के संबंध अच्छे होंगे। वाहन खरीदने के भी योग बनते हैं। इस सप्ताह में की गई यात्राएं आपके लिए लाभदायक रहेंगी। नौकरी में स्थानांतरण चाहने वाले जातक भी आवेदन भेज सकते हैं। सप्ताह के अंत का समय व्यस्त रहेगा। शनिवार के दिन आपका अधिकतर समय यात्राओं में बीतेगा। आपके मन में गंभीरता और अलगाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। किसी गलत संगति में जाने से बचें।
उपाय:- पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें। केसर का तिलक लगाएं।

मूलांक – 8
मूलांक 8, 17 और 26 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शनि देव करते हैं। मूलांक 8 वालों के लिए यह सप्ताह मिले-जुले फलों वाला रहेगा। सप्ताह के शुरुआत में आलस्य में आकर अपने कामों को आने वाले समय पर न छोड़ें अन्यथा बाद में कार्यभार का सामना करना पड़ सकता है। किसी अनुभवी व्यक्ति से मिली सलाह का अनुसरण करें, आपको लाभ होगा। सप्ताह के मध्य में अकस्मात कुछ नए कामों की जिम्मेदारी आपको मिल सकती है। कामकाज के सिलसिले में यात्राओं के योग बनते हैं। निजी खरीदारी पर पैसा खर्च होगा। सप्ताह के अंत का समय आपके लिए अच्छा रहेगा। संतान पक्ष से कोई शुभ समाचार प्राप्त होने के योग बनते हैं। रविवार के दिन अहंकार में आकर किसी उच्च अधिकारी के साथ मतभेद न करें। चीजों को समय देने की कोशिश करें परिस्थितियां आपके अनुकूल होने लगेंगी।
उपाय:- कानों में सोना धारण करें। गुड़ का दान मंदिर में करें।

मूलांक – 9
मूलांक 9, 18 और 27 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व मंगल देव करते हैं। मूलांक 9 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी। आपको किसी नए काम की जिम्मेदारी मिलेगी, जिससे आप बखूबी निभा पायेंगे। लोग आपके काम की प्रशंसा करेंगे, हालांकि दूसरों की चापलूसी में फंसने से बचें। सप्ताह की शुरुआत का समय विद्यार्थियों के लिए भी अच्छा रहेगा। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा। किसी प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हैं तो सफलता मिलने के योग बनते हैं। बुधवार का दिन थोड़ा सावधानी से बिताएं। कोई अनैतिक काम करने से बचें। सप्ताह के मध्य में पारिवारिक जिम्मेदारियां बढ़ेंगी। घर में किसी शुभ कार्य का आयोजन हो सकता है। विवाह योग्य जातकों को शादी के प्रस्ताव प्राप्त हो सकते हैं। शनिवार का दिन थोड़ा सावधानी से बिताएं। संतान पक्ष को लेकर कुछ चिंताएं हो सकती हैं। आपके काम भी आने वाले समय पर टाले जा सकते हैं।
उपाय:- विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें। गायत्री मंत्र का जाप करें।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.gurukulastro.com

1100  रुपए मूल्य की जन्म कुंडली मुफ्त में पाएं। अपनी जन्म तिथि अपने नाम, जन्म के समय और जन्म के स्थान के साथ हमें 96189-89025 पर व्हाट्सएप करें 

 

Niyati Bhandari

Advertising