Weekly numerology (15th-21st August): जन्मतिथि से जानें, आपके लिए कितना शुभ रहेगा ये सप्ताह

Monday, Aug 15, 2022 - 07:12 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मूलांक – 1
मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व सूर्य देव करते हैं। मूलांक 1 वाले लोगों के लिए सप्ताह के परिणाम मिले-जुले रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत में कारोबार में पैसा निवेश करने की योजना बना सकते हैं। जीवन साथी के साथ कहीं घूमने जाने का मौका मिलेगा। आय के नए साधन प्राप्त हो सकते हैं। कार्यभार बढ़ सकता है। दोस्तों से उचित सलाह मिलेगी। कोर्ट-कचहरी के मामलों से दूरी बनाकर रखें। अपने क्रोध पर काबू रखें। सप्ताह के मध्य में अपने कुछ अधूरे काम पूरा करने की कोशिश करें। सप्ताह के अंत का समय आपके लिए अनुकूल है। किसी नए काम की जिम्मेदारी आपको मिल सकती है, जिसे आप पूरे जोश के साथ बखूबी पूरा कर पाएंगे। किसी को उधार दिया हुआ पैसा वापिस मिल सकता है। कोई भी निर्णय जल्दबाजी में लेने से बचें। सप्ताह के अंत का समय विद्यार्थियों के लिए भी अच्छा रहेगा।
उपाय:- किसी भी प्रकार की ली गई सेवा के शुल्क का समय पर भुगतान करें। पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें।

मूलांक – 2
मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व चन्द्र देव करते हैं। मूलांक 2 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत के परिणाम थोड़े मंदे रहेंगे। घर-परिवार की जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। संतान पक्ष को लेकर थोड़ी चिंता बनी रहेगी। अपने मन की बात दूसरों से साझा करते हुए संकोच करेंगे। गलत संगति में जाने से बचें। मानसिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। घर-परिवार में पिता से आपको उचित मार्गदर्शन प्राप्त होगा। सप्ताह के मध्य से आगे का समय आपके अनुकूल रहेगा। कार्यक्षेत्र पर किसी कर्मचारी वर्ग के साथ नोक-झोंक में न फंसे। बेकार ही मानहानि का सामना करना पड़ सकता है। आप किसी नए काम की शुरुआत में व्यस्त रहेंगे। जिससे मानसिक तनाव में राहत मिलेगी। सप्ताह के अंत का समय हालांकि आपके लिए अच्छा रहेगा। किसी चीज का इंतजार, जो आप बहुत समय से कर रहे हैं आपको मिल सकती है। बच्चों से लिए भी यह समय अच्छा रहेगा, उनका मन पढ़ाई में लगेगा।
उपाय:- पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें। काले तिल शिवलिंग पर जलाभिषेक करके चढ़ाएं।

मूलांक – 3
मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बृहस्पति देव करते हैं। मूलांक 3 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम औसत रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत में प्रॉपर्टी में निवेश करने की योजना बना सकते हैं, हालांकि कोई भी निर्णय सोच-समझ कर लें। ज्यादा महंगा सौदा घाटे का हो सकता है। आपका मन पारिवारिक जीवन से हटकर अध्यात्म की ओर ज्यादा रुझान करेगा।  किसी ज्योतिष विद्या या गुप्त विद्या को सीखने का भी मन बना सकते हैं। आपकी स्वयं की मेहनत से किए गए काम आप को सकारात्मक परिणाम देंगे। आलस्य को त्याग कर समय का सदुपयोग करें। सप्ताह के मध्य में प्रतियोगिता में सफल होने के योग बनते हैं। कार्यक्षेत्र पर आपको अपने सीनियर से पूरी सहायता मिलेगी। सप्ताह के अंत में बच्चे अपने आगे की पढ़ाई को लेकर योजना बनाएंगे। आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।
उपाय:- पीपल के वृक्ष की सेवा करें। विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।

मूलांक – 4
मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व राहू देव करते हैं। मूलांक 4 वाले जातक सप्ताह की शुरूआत का समय काफी मौज-मस्ती में बिताएंगे। दोस्तों के साथ मिलने-जुलने में समय बीतेगा। जीवन साथी के साथ संबंध अच्छे होंगे, प्रेम संबंधों में मधुरता बढ़ेगी। कहीं घूमने जाने की योजना भी बना सकते हैं। सप्ताह के मध्य में कोर्ट-कचहरी के मामलों से दूरी बनाकर रखें। पुलिस संबंधी मामलों से सतर्क रहें, किसी पुराने मुद्दे के कारण दोबारा से परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दोस्तों के साथ बिना वजह किसी बात पर अनबन होने की संभावना बनती है। सरकारी कामों से लाभ होने की आशंका कम है। सप्ताह के अंत में दस्तावेजों के इस्तेमाल में सावधानी बरतें, नगदी धन खर्च होगा। किसी नए काम की शुरुआत में किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह लेना फायदेमंद रहेगा।
उपाय:- काला-सफेद कंबल दान करें।

मूलांक – 5
मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बुध देव करते हैं। मूलांक 5 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी। दांपत्य जीवन के सुखों में वृद्धि होगी। जीवन साथी के साथ संबंधों में मधुरता बढ़ेगी। आपका मन खेलकूद में ज्यादा लगेगा। दोस्तों से मिलने जुलने में समय बीतेगा। सप्ताह के मध्य में धन अधिक खर्च होगा। घर की सजावट पर ज्यादा धन व्यय करेंगे। बजट गड़बड़ाने के कारण बाद में अपने खर्चों पर अंकुश लगाने की कोशिश करेंगे। सप्ताह के मध्य में अपनी वाणी और क्रोध पर संयम रखें। संतान को अपशब्द न कहें। सप्ताह के अंत में किसी नए काम की जिम्मेदारी आपको मिल सकती है, जिसके कारण कार्य भार बढ़ जाएगा। स्वभाव में कुछ नीरसता और मानसिक तनाव झलकेगा। सप्ताह के अंत में दूसरों के साथ बातचीत के दौरान सावधानी बरतें। लोग आपके भोलेपन का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। व्यापार में कोई भी वायदा करते हुए पहले सोच-समझकर विचार कर लें। सप्ताह के अंत में व्यापार को आगे बढ़ाने की सोच से किसी नए काम में धन निवेश करेंगे।
उपाय:-दुर्गा चालीसा का पाठ करें। काली उड़द की दाल जल प्रवाह करें।

1100  रुपए मूल्य की जन्म कुंडली मुफ्त में पाएं। अपनी जन्म तिथि अपने नाम, जन्म के समय और जन्म के स्थान के साथ हमें 96189-89025 पर व्हाट्स एप करें

मूलांक – 6
मूलांक 6, 15 और 24 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शुक्र देव करते हैं। मूलांक 6 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी। फैशन डिजाइन या अन्य किसी भी प्रकार की कला और रचना से जुड़े हुए लोगों के लिए समय अच्छा है। मूलांक 6 वाले लोग अपनी अद्भुत रचनाओं को जन्म दे पाएंगे। किसी नए काम की जिम्मेदारी मिलेगी। जिसे आप बखूबी निभा पाएंगे। जीवन साथी के साथ संबंधों में मधुरता बढ़ेगी। आप अपने मन की बात अपने साथी के साथ साझा करके बेहतर महसूस करेंगे। प्रॉपर्टी में निवेश करना चाहते हैं तो भी समय आपके लिए अनुकूल है। सप्ताह के मध्य में कार्यक्षेत्र पर किसी कर्मचारी के साथ बेकार के क्रोध के चलते बहस हो सकती है। अपने स्वभाव पर थोड़ा संयम रखें। उच्च अधिकारियों के साथ भी मतभेद होने की संभावना बनती है। नकदी धन अधिक खर्च होगा, अतः अपने मासिक बजट को संभाल कर चलें। सप्ताह के अंत में आप अपने कामों को समय से पूरा करने में सफल रहेंगे। आपका अनुभव आपका साथ देगा।
उपाय:- शनि देव जी के मंदिर में सरसों के तेल का दीपक जलाएं और जाने- अनजाने हुई अपनी गलतियों की क्षमा याचना करें। गुड़ का दान मंदिर में करें।

मूलांक – 7
मूलांक 7, 16 और 25 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व केतु देव करते हैं। मूलांक 7 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम मिले-जुले रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत में कारोबार और दांपत्य जीवन के सुखों के लिए समय अच्छा है। कारोबार संबंधी यात्राएं करनी पड़ सकती हैं। यात्राएं करना आपके लिए लाभदायक रहेगा। सप्ताह की शुरुआत में किसी नए काम पर निवेश करने की कोशिश करेंगे। आय के नए साधन प्राप्त हो सकते हैं। सप्ताह के मध्य में अपने क्रोध पर थोड़ा काबू रखें। दोस्तों के साथ बेवजह किसी बात पर अनबन हो सकती है। हालांकि सरकारी कामों से आपको लाभ मिलेगा। किसी सरकारी नौकरी के लिए आवेदन करना चाहते हैं तो भी समय अच्छा है। माता की सेहत का ख्याल रखें। मन थोड़ा सा परेशान रहेगा। सप्ताह के अंत में आपका मन धार्मिक कामों में लगेगा। किसी धर्म स्थान पर जाने का योजना भी बना सकते हैं।
उपाय:- गणेश भगवान की आराधना करें। केसर का तिलक लगाएं।

मूलांक – 8
मूलांक 8, 17 और 26 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शनि देव करते हैं। मूलांक 8 वाले जातक सप्ताह की शुरुआत में घर की सजावट पर अधिक खर्च करेंगे। बच्चों का मन पढ़ाई में कम लगेगा। पढ़ाई की अपेक्षा बच्चे संगीत कला नृत्य आदि चीजों में अधिक ध्यान आकर्षित करेंगे। संतान पक्ष को लेकर मन थोड़ा चिंतित रहेगा। यात्राएं करते हुए सावधानी बरतें। बुधवार का दिन आपके लिए अच्छा है। आलस्य को त्याग कर समय का सदुपयोग करने की कोशिश करें वरना बाद में पछताने के अलावा कुछ हाथ नहीं लगेगा। घर में किसी मंगल कार्य के आयोजन में कुछ अड़चनों का सामना करना पड़ सकता है। अपने क्रोध पर काबू रखें। पिता के साथ कुछ वैचारिक मतभेद उत्पन्न होने की संभावना बनती है। मानसिक तनाव की स्थिति हो सकती है। कोई भी फैसला जल्दबाजी में न लें। सप्ताह के अंत में आपको अपनी मेहनत के उचित परिणाम मिलेंगे। आपके किए गए संघर्ष रंग लाएंगे।
उपाय:- शनि चालीसा का पाठ करें। गुड़ का दान करें।

मूलांक – 9
मूलांक 9, 18 और 27 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व मंगल देव करते हैं। मूलांक 9 वालों के लिए सप्ताह मिले-जुले फल वाला रहेगा। सप्ताह की शुरुआत में घर में कुछ मंगल कार्यों का आयोजन हो सकता है। सोमवार का दिन आपके लिए शुभ है। किसी नए काम की शुरुआत करना चाहते हैं तो की जा सकती है। हालांकि सप्ताह के आगे आने वाले समय में संतान को लेकर थोड़ा चिंतित रहेंगे। शारीरिक परेशानियां भी बनी रहेंगी। पैरों का दर्द परेशान कर सकता है। सेहत का ख्याल रखें। प्रॉपर्टी में निवेश करने से अभी बचें। सप्ताह के मध्य से आगे का समय आपके लिए अनुकूल रहेगा। छोटे बहन भाइयों का साथ प्राप्त होगा। किसी नए काम में पिता की सलाह से लाभ मिलने की संभावना है। आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। सप्ताह के अंत का समय बच्चों के लिए अच्छा है। विद्यार्थियों का मन पढ़ाई में लगेगा।
उपाय:- हनुमान चालीसा का पाठ करें। छोटे बहन-भाइयों के साथ बेकार के विवाद को नजरअंदाज करें।



आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.gurukulastro.com

Niyati Bhandari

Advertising