Weekly numerology (2nd-8th May): आपके लिए कितना शुभ रहेगा ये सप्ताह

Monday, May 02, 2022 - 09:29 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ 

मूलांक – 1
मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व सूर्य देव करते हैं। मूलांक 1 वालों के लिए यह सप्ताह मिले-जुले फलों वाला रहेगा। सप्ताह की शुरुआत शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए अच्छी है। उधार दिया हुआ पैसा वापिस मिल सकता है। व्यापार में कोई नया प्रोजेक्ट मिलने की संभावना है। सप्ताह के मध्य का समय थोड़ा सावधानी से बिताएं। किसी की कही सुनी बातों में आकर कोई गलत काम न करें। पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण कामकाज को कम समय दे पाएंगे। शनिवार के दिन संतान से कोई शुभ समाचार प्राप्त होगा। यात्रा लाभकारी रहेगी। सप्ताह के अंत में जीवनसाथी के साथ मनमुटाव होने की संभावना बनती है।
उपाय:- काले चने जल प्रवाह करें। तांबे के बर्तन में साबुत हरी मूंग की दाल भरकर जल प्रवाह करें।

मूलांक – 2
मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व चन्द्र देव करते हैं। मूलांक 2 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी। लेखन के क्षेत्र से जुड़े हुए लोग अपनी कल्पनाओं को आकार देने में सफल रहेंगे। बच्चे अपनी पढ़ाई को लेकर आगे की योजना बनाएंगे। सप्ताह के मध्य में सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर कोई प्रतिक्रिया करते हुए सावधानी बरतें। मां और पत्नी के मध्य मनमुटाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। नकदी धन की स्थिति कमजोर रहेगी। मानसिक तनाव की स्थिति के कारण कोई भी फैसला जल्दबाजी में न लें।
उपाय:- दुर्गा सप्तशती का पाठ करें। शिवलिंग पर जल अभिषेक करें।

मूलांक – 3
मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बृहस्पति देव करते हैं। मूलांक 3 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम औसतन सकारात्मक रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत कारोबार के लिए अच्छी रहेगी। व्यापार में नए काम मिल सकते हैं। मंगलवार का दिन आपके लिए विशेष रूप से शुभ रहेगा। कोई रुका हुआ काम इस दिन पूरा किया जा सकता है। सप्ताह के मध्य में बच्चे अपनी पढ़ाई के लिए जागरूक रहेंगे। रिसर्च और अनुसंधान के क्षेत्र से जुड़े लोगों को लाभ मिलेगा। सप्ताह के अंत में आपका मन ज्योतिष विद्या या अध्यात्म की ओर आकर्षित हो सकता है। किसी धर्म स्थान पर घूमने की योजना बना सकते हैं। अपनी मेहनत के कारण आपको सफलता मिलेगी।
उपाय:- पीपल के वृक्ष की सेवा करें। गले में पीले रंग का धागा पहनें।

मूलांक – 4
मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व राहू देव करते हैं। मूलांक 4 वाले जातक सप्ताह की शुरुआत में व्यापार में पैसा निवेश करने से बचें। बेकार के प्रलोभन में आकर नुकसान उठाने से बचें। हालांकि सप्ताह के मध्य का समय आपके अनुकूल रहेगा। आपके बहुत से रुके हुए काम पूरे हो सकते हैं। अपना प्रयास अवश्य करें। मार्केटिंग और सेल्स के क्षेत्र से जुड़े हुए लोगों के लिए बृहस्पतिवार का दिन अच्छा रहेगा। प्रेम संबंधों में भी मधुरता बढ़ेगी। दोस्तों के साथ कहीं बाहर घूमने जा सकते हैं। किसी अपने से उचित सलाह मिलेगी। सप्ताह के अंत में प्रॉपर्टी में निवेश करने की योजना बना सकते हैं।
उपाय:- छोटी कन्याओं को भोजन करवाकर उनका आशीर्वाद लें। एक नारियल जल प्रवाह करें।

मूलांक – 5
मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बुध देव करते हैं। मूलांक 5 वालों को सप्ताह के सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। हालांकि सप्ताह की शुरुआत का समय थोड़ा सावधानी से बिताएं। भावनाओं में आकर किसी को कोई वायदा न करें। दूसरे लोग आपकी बातों का गलत फायदा उठा सकते हैं। बच्चों के लिए शिक्षा संबंधी फैसले लेने का समय है। सप्ताह के मध्य में व्यापार में प्रमोशन के लिए अपनाए गए रास्ते लाभदायक रहेंगे। अचानक आपको कारोबार में लाभ होने के योग बनते हैं। शुक्रवार के दिन किसी महिला से मदद मिलेगी। जीवन साथी के साथ संबंध अच्छे होंगे। सप्ताह के अंत में व्यापार संबंधी यात्रा लाभदायक रहेगी। खर्चे अधिक बने रहेंगे।
उपाय:- दुर्गा चालीसा का पाठ करें। गाय को हरा चारा खिलाएं।

मूलांक – 6
मूलांक 6, 15 और 24 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शुक्र देव करते हैं। मूलांक 6 वाले जातक सप्ताह की शुरुआत में अपने मन और भावनाओं पर नियंत्रण रखें। मानसिक तौर पर थोड़ा असंतुलित महसूस करेंगे। घर-परिवार की जिम्मेदारियां बढ़ेंगी। जिन्हें धैर्य और संयम के साथ संभालना जरूरी है। आप हर संभव प्रयास करके अपने कार्यों में सफल रहेंगे। सप्ताह के मध्य में प्रेम संबंधों में मधुरता बढ़ेगी। विवाह योग्य जातकों को शुभ समाचार मिल सकता है। जीवन साथी के साथ अपने मन की बात को साझा करने का समय निकाल पाएंगे। मकान खरीदने के योग बनते हैं।
उपाय:- छोटी हरी इलायची का सेवन करें। गाय का घी मंदिर में दान करें।

मूलांक – 7
मूलांक 7, 16 और 25 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व केतु देव करते हैं। मूलांक 7 वाले लोगों के लिए सप्ताह की शुरुआत में सोमवार का दिन थोड़ा मंदा रहेगा। किसी को पैसे उधार देने से बचें। हालांकि सप्ताह आगे बढ़ने के साथ-साथ परिस्थितियां अनुकूल होती चली जाएंगी। बच्चे अपनी आगे की पढ़ाई को लेकर योजना बनाएंगे। आपका मन अध्यात्म की तरफ लगेगा। व्यापार में तरक्की के योग बनते हैं। कुछ रुके हुए और अटके हुए काम पूरे होंगे। सप्ताह के अंत का समय विवाह योग्य जातकों के लिए शुभ रहेगा। प्रेम संबंध मधुर होंगे। चोरी के मामले आपके हक में आ सकते हैं।
उपाय:- परनिंदा से परहेज करें। गणेश भगवान की स्तुति करें।

मूलांक – 8
मूलांक 8, 17 और 26 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शनि देव करते हैं। मूलांक 8 वाले जातक सप्ताह की शुरुआत में कोई भी निर्णय जल्दबाजी में न लें। लोग आपकी बातों का गलत मतलब निकाल कर आप को नुकसान पहुंचा सकते हैं। बड़ों की सलाह लेकर काम करना लाभदायक रहेगा। सप्ताह की शुरुआत का समय आपके लिए अच्छा है। अचानक व्यापार में तरक्की के नए रास्ते मिलेंगे। पारिवारिक जिम्मेदारियों पर खर्चे अधिक होंगे। वाहन खरीदने के योग बनते हैं। यात्रा करते वक्त वाहन धीमी गति में चलाएं। सप्ताह के अंत में कोई रुका हुआ काम पूरा होने का योग बनता है।
उपाय:- शनि देव जी के मंदिर में सरसों के तेल का दीपक जलाएं। जीवन साथी के साथ संबंधों को मधुर बनाकर रखें।

मूलांक – 9
मूलांक 9, 18 और 27 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व मंगल देव करते हैं। मूलांक 9 वाले लोगों के लिए सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी। किसी को उधार दिया हुआ पैसा वापस मिल सकता है। मानसिक तौर पर तरोताजा महसूस करेंगे। अपनी इस ऊर्जा को अपने महत्वपूर्ण कार्यों में लगाने का प्रयास करें। सफलताओं के कारण अभिमान न करें अन्यथा आने वाले समय में नुकसान उठाना पड़ सकता है। पुलिस के मामलों से दूरी बनाकर रखें। सप्ताह के मध्य में क्रोध में आकर किसी को अपशब्द न कहें। जीवन साथी के साथ अपने बर्ताव को मधुर बनाकर रखें। सप्ताह के अंत में संतान पक्ष को लेकर थोड़ा चिंतित हो सकते हैं।
उपाय:- हनुमान चालीसा का पाठ करें। सूर्य को जल चढ़ाएं।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.gurukulastro.com

Niyati Bhandari

Advertising