Weekly numerology (7th-13th march): आपके लिए कितना शुभ रहेगा ये सप्ताह

Monday, Mar 07, 2022 - 09:39 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मूलांक – 1
मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व सूर्य देव करते हैं।  मूलांक 1 वालों के लिए सोमवार का दिन अच्छा रहेगा। यदि कोई सरकारी काम करना चाहते हैं तो समय अनुकूल है। विद्यार्थियों के लिए भी सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी। मंगलवार के दिन कार्यालय में कर्मचारियों के साथ बहस हो सकती है, अपने क्रोध पर काबू रखें। सप्ताह आगे बढ़ने के साथ-साथ परिस्थितियां आपके अनुकूल होने लगेंगी। किसी सामाजिक कार्य में भागीदार बन सकते हैं। सप्ताह के मध्य का समय आपके लिए शुभ है। उधार दी हुई धन राशि वापस मिल सकती है। किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह आपके लिए लाभदायक रहेगी। विदेश यात्रा के योग बनते हैं।
उपाय:- शहद का सेवन करें। सूर्य को जल अर्पित करें।

मूलांक – 2
मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व चन्द्र देव करते हैं।  सप्ताह की शुरूआत मूलांक 2 वालों के लिए थोड़ी मंदी रहेगी। संतान को लेकर चिंतित हो सकते हैं। यात्रा करते हुए सावधानी बरतें। हालांकि सप्ताह के मध्य का समय आपके लिए अच्छा रहेगा। आप जोश और ऊर्जा से भरा हुआ महसूस करेंगे। पिता की सलाह से आपके सभी काम पूरे होंगे। मन प्रसन्न रहेगा। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा। कोई पुरानी इच्छा पूरी होने के योग बनते हैं। सप्ताह के अंत में दस्तावेजों के लेन-देन में सावधानी बरतें।
उपाय:- यथासंभव चांदी के आभूषण धारण करें। शिवलिंग पर जल अभिषेक करें।

मूलांक – 3
मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बृहस्पति देव करते हैं। सप्ताह की शुरुआत में किसी धर्म स्थान की यात्रा पर जा सकते हैं। आपका मन धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यों में लगेगा। अपने काम किसी और पर टालने की बजाय स्वयं करने की कोशिश करें। सप्ताह के मध्य में आपकी स्वयं की कोशिश से जरूरी काम पूरे होने के योग बनते हैं। अहंकार की भावना से बचें अन्यथा बनते काम बिगड़ सकते हैं। शनिवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। कम प्रयास से भी आपके कार्य सफल होंगे। सप्ताह के अंत में आप कोई विदेशी तकनीक सीखने का मन बना सकते हैं।
उपाय:- पीपल के वृक्ष की सेवा करें। शनि मंदिर में सरसों के तेल का दीपक जलाएं।

मूलांक – 4
मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व राहू देव करते हैं।  मूलांक 4 वाले सप्ताह की शुरुआत का लाभ उठाने की कोशिश करें, समय आपके अनुकूल है। व्यापार में विस्तार का विचार बना सकते हैं। प्रॉपर्टी में निवेश करने से भी लाभ होगा। बुधवार के दिन दोस्तों से मदद मिलेगी। हालांकि सप्ताह के मध्य में कुछ उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है। अपनी वाणी पर संयम रखें। सप्ताह के अंत का समय रिसर्च और अनुसंधान से जुड़े लोगों के लिए अच्छा रहेगा। आप कोई नया हुनर सीखने की कोशिश करेंगे।
उपाय:- गले में पीले रंग का धागा धारण करें। धर्म स्थान में सेवा करें।

मूलांक – 5
मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बुध देव करते हैं। सप्ताह की शुरूआत का समय व्यापारियों के लिए अच्छा रहेगा। व्यापार संबंधित की गई यात्रा लाभदायक रहेगी। आपके नेटवर्क में नए लोग शामिल होंगे, जो कि आपके लिए लाभकारी सिद्ध होंगे। बुधवार का दिन थोड़ा सावधानी से बिताएं। कोई नया काम शुरू करने से बेहतर होगा कि पुराने काम पूरे किए जाएं। सप्ताह के मध्य में घर के बड़ों से मिली सलाह आपके लिए लाभदायक रहेगी। लेन-देन में नकदी धन की कमी हो सकती है। सप्ताह के अंत में अपने कुछ काम शॉर्टकट से पूरा करने की कोशिश करेंगे।
उपाय:-  दुर्गा मां पर पीले रंग के फूलों की माला अर्पित करें। छोटी कन्या को भोजन करवाएं और आशीर्वाद लें।

मूलांक – 6
मूलांक 6, 15 और 24 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शुक्र देव करते हैं।  प्रेम संबंधों और दांपत्य जीवन के सुखों के नजरिए से मूलांक 6 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत का समय अच्छा है। आप मन की बातें जीवनसाथी से साझा करेंगे जिससे आपके संबंधों में मजबूती आएगी। सप्ताह की शुरुआत में प्रॉपर्टी या कोई वाहन खरीदने का मन बना सकते हैं। बुधवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। ऑफिस में सभी काम समय से पूरे हो जाएंगे। हालांकि सप्ताह के आगे के समय में मन थोड़ा परेशान रहेगा। सप्ताह के अंत का समय किसी भी प्रकार के रचनात्मक कार्य से जुड़े लोगों के लिए अच्छा है। 
उपाय:-  दही का दान मंदिर में करें। वस्त्र या आभूषण का दान न करें।

मूलांक – 7
मूलांक 7, 16 और 25 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व केतु देव करते हैं। मूलांक 7 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी। यात्राएं आपके लिए लाभदायक रहेंगी। यदि नौकरी में स्थानांतरण चाहते हैं तो आवेदन कर सकते हैं। कोर्ट- कचहरी के मामले आपके हक में आएंगे। बुधवार का दिन थोड़ा सावधानी से बिताएं। मांगलिक कार्यों के आयोजन में अड़चनों का सामना करना पड़ेगा। बृहस्पतिवार का दिन विद्यार्थियों के लिए अच्छा रहेगा। कोई नया काम शुरू करना चाहते हैं तो भी दिन शुभ है। सप्ताह के अंत में आपका मन गुप्त विद्याओं की ओर आकर्षित हो सकता है। अचानक धन लाभ के योग बनते हैं।
उपाय:-  केले का दान मंदिर में करें। केसर का तिलक लगाएं।

मूलांक – 8
मूलांक 8, 17 और 26 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शनि देव करते हैं। मूलांक 8 वाले सप्ताह की शुरुआत में प्रॉपर्टी में निवेश करना चाहते हैं तो समय शुभ है। संतान से कोई शुभ समाचार मिल सकता है। धार्मिक कार्यों में आपका योगदान बढ़ेगा। किसी दोस्त के साथ कहासुनी हो सकती है। छोटे बहन-भाइयों से मनमुटाव की स्थिति उत्पन्न होने के योग बनते हैं। सप्ताह के मध्य में माता-पिता के साथ मतभेद हो सकता है। बेहतर होगा कि इस सप्ताह का समय धैर्य और सूझबूझ के साथ बिताएं। कोई भी निर्णय गुस्से में आकर या जल्दबाजी में न लें। हालांकि सप्ताह के अंत में आपको किसी अनुभवी व्यक्ति से मिली सलाह लाभ दिला सकती है। अचानक आपको अपनी समस्याओं के समाधान मिलते नजर आएंगे।
उपाय:- पीपल के वृक्ष पर सरसों के तेल का दीपक जलाएं। शनि चालीसा का पाठ करें।

मूलांक – 9
मूलांक 9, 18 और 27 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व मंगल देव करते हैं। मूलांक 9 वालों के लिए सप्ताह मिले-जुले फल वाला रहेगा। सप्ताह की शुरुआत में वाहन चलाते हुए सावधानी बरतें। टायर पंचर हो सकता है। प्रॉपर्टी में निवेश न करें। हालांकि सप्ताह के आगे का समय आपके लिए अनुकूल रहेगा। बच्चों का ध्यान खेलकूद में ज्यादा लगेगा। कुछ अधूरे काम पूरा करना चाहते हैं तो सप्ताह के मध्य का समय अनुकूल है। घर के बड़ों के सलाह लेकर कोई नया काम भी शुरू किया जा सकता है। सप्ताह के अंत में धर्म स्थल की यात्रा पर जा सकते हैं। विदेश यात्रा के योग भी बनते हैं।
उपाय:- सूर्य को तांबे के लोटे से जल दें। हनुमान चालीसा का पाठ करें।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.gurukulastro.com

Niyati Bhandari

Advertising