Weekly numerology (19-25 april): आपके लिए कितना शुभ रहेगा ये सप्ताह

Monday, Apr 19, 2021 - 07:52 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मूलांक – 1
मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व सूर्य देव करते हैं। मूलांक 1 वाले जातकों के लिए यह सप्ताह सकारात्मक रहेगा। सप्ताह की शुरुआत में कार्य बनेंगे। कार्यक्षेत्र पर उच्च अधिकारियों का साथ प्राप्त होगा। आपको दी गई जिम्मेदारियां आप बखूबी निभाएंगे और मान-सम्मान प्राप्त करेंगे। शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए भी समय अच्छा रहेगा। जातक किसी विदेशी तकनीक को सीख कर बड़ी उपलब्धि प्राप्त कर सकते हैं। सप्ताह के अंत में कार्यभार की अधिकता की वजह से निजी जीवन एवं दांपत्य जीवन को कम समय दे पाएंगे। जिसके कारण स्वभाव में चिड़चिड़ापन उत्पन्न हो सकता है। रविवार का दिन थोड़ा सावधानी से बिताएं। संतान पक्ष को लेकर चिंतित हो सकते हैं।
उपाय:- सूर्य को जल दें।
जीवन साथी के साथ संबंधों को मधुर बनाए रखें।

मूलांक – 2
मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व चन्द्र देव करते हैं। मूलांक 2 वाले जातक सप्ताह के शुभ परिणाम प्राप्त करेंगे। आपके मनोबल में वृद्धि होगी। ऑफिस में बॉस की मदद मिलेगी। घर में पिता के साथ संबंध अच्छे होंगे। किसी को उधार दी हुई धनराशि वापस मिल सकती है। आप पहले की अपेक्षा अधिक प्रसन्न चित्त रहेंगे। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा। एकाग्रता में वृद्धि होगी। सप्ताह के मध्य में छोटी बहन के साथ अनबन हो सकती है। वाणी पर संयम रखें। व्यापार में कोई बड़ा फैसला सोच-समझ कर लें। सप्ताह के अंत में जीवनसाथी को लेकर घर के बड़ों के साथ अनबन हो सकती है। मानसिक तनाव का सामना करना पड़ सकता है।
उपाय:- यथासंभव चांदी के पात्र में जल पिएं।
कुत्ते को मीठी रोटी खिलाएं।

मूलांक – 3
मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बृहस्पति देव करते हैं। मूलांक 3 वाले जातकों के लिए सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी। विद्यार्थियों के लिए समय अच्छा है। मन लगाकर पढ़ाई करें। उत्तम परिणाम प्राप्त होंगे। सप्ताह के मध्य के समय में स्वास्थ्य का ध्यान रखें। सांस संबंधित तकलीफ हो सकती है। अनुसंधान व रिसर्च के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए समय अच्छा रहेगा। कारोबार में कुछ परिवर्तन का सामना करना पड़ सकता है। कही सुनी बातों में आकर कोई गलत कार्य न करें। सप्ताह के अंत में किसी प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हैं तो सफलता प्राप्त होगी। दाम्पत्य जीवन के सुखों में कमी आ सकती है। आप का मन अध्यात्म कि ओर ज्यादा लगेगा। स्वभाव में धार्मिक प्रवृत्ति बढ़ेगी।
उपाय:- विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।
पीले रंग का रुमाल अपने पास रखें।

मूलांक – 4
मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व राहू देव करते हैं। मूलांक 4 वाले लोगों को सप्ताह की शुरुआत में सरकारी काम में अड़चनों का सामना करना पड़ सकता है। ऑफिस में बॉस के साथ बहस हो सकती है। कोई ऐसा काम करने से बचें, जिसके कारण बाद में मानहानि का सामना करना पड़े। चाहे परिस्थिति कैसी भी हो, क्रोध पर काबू और वाणी पर संयम रखें। आपके विचारों की अस्थिरता का दूसरे लोग फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। सही गलत की परख करने के बाद ही कोई फैसला लें। किसी काम को शीघ्रता से करने के लिए कोई शॉर्टकट न अपनाएं। पुलिस विभाग के संपर्क में आना पड़ सकता है। किसी महिला मित्र के साथ बातचीत में स्वयं के पक्ष और चरित्र को साफ रखें।
उपाय:- चांदी का चौकोर टुकड़ा अपने पास रखें।
हनुमान चालीसा का पाठ करें।

मूलांक – 5
मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बुध देव करते हैं। मूलांक 5 वालों के लिए यह सप्ताह मिले-जुले फल लेकर आया है। सप्ताह की शुरुआत में पिता का साथ प्राप्त होगा। ऑफिस में आपके कार्य की प्रशंसा होगी। आपको कुछ अधिकारियों का समर्थन प्राप्त होगा। थोड़ा मानसिक तनाव बना रहेगा। खर्चों की अधिकता के कारण नगदी धन की कमी हो सकती है। बुधवार का दिन शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए अच्छा रहेगा। सत्ता के आगे बढ़ने के साथ-साथ आपका मन मौज- मस्ती की तरफ ज्यादा लगेगा। जीवनसाथी के साथ संबंध अच्छे होंगे। मन रचनात्मक कार्यों में बढ़ेगा। सप्ताह के अंत में कारोबार में रुकी हुई पेमेंट प्राप्त हो सकती है।
उपाय:-  दुर्गा चालीसा का पाठ करें।
कन्या को भोजन करवाएं।

मूलांक – 6
मूलांक 6, 15 और 24 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शुक्र देव करते हैं। सप्ताह की शुरुआत में कार्य भार के कारण दोस्तों के साथ घूमने जाना अथवा खरीदारी पर जाने जैसी कुछ योजनाएं स्थगित हो सकती हैं। जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। जिन्हें आप अच्छे से निभाएंगे। सप्ताह के मध्य में वाहन की मरम्मत पर पैसे खर्च हो सकते हैं। कार्यस्थल पर आपके काम की प्रशंसा होगी। सप्ताह के अंत में जीवनसाथी के साथ समय अच्छा बीतेगा। आप स्वयं के रख-रखाव की तरफ ज्यादा ध्यान देंगे। दोस्तों के साथ कहीं घूमने जाने की योजना बन सकती है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सेहत का ख्याल रखें।
उपाय:-  गाय का घी मंदिर में दान दें।
दुर्गा चालीसा का पाठ करें।

मूलांक – 7
मूलांक 7, 16 और 25 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व केतु देव करते हैं। मूलांक 7 वाले जातकों को सप्ताह के मिले-जुले परिणाम प्राप्त होंगे। सोमवार का दिन सरकारी कामों के लिए शुभ है। आपके मनोबल में वृद्धि होगी। मनोरथ पूरे होंगे। हालांकि मंगलवार का दिन कुछ तनाव में बीतेगा। मन अकारण ही परेशान रहेगा। आप योग और अध्यात्म की ओर आकर्षित हो सकते हैं। सप्ताह के मध्य में व्यर्थ के लड़ाई-झगड़ों को नजरअंदाज करें। क्रोध में आकर वाणी पर संयम न खोएं। सप्ताह के अंत में जीवन साथी की सलाह से लाभ प्राप्त होगा। सप्ताह के अंत में अपने मन की बातों को साझा करें। घर के बड़ों की सलाह व परामर्श से एक सही निर्णय लें।
उपाय:- भगवान गणेश की स्तुति करें।
गुरुजनों अथवा बड़ों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें।

मूलांक – 8
मूलांक 8, 17 और 26 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शनि देव करते हैं। मूलांक 8 वाले जातकों के लिए सप्ताह की शुरुआत थोड़ी मंदी रहेगी। कार्यक्षेत्र पर किसी अधिकारी के साथ विचारों में मतभेद आ सकता है। अपनी बात को विनम्रता के साथ रखने की जरूरत है। कोई भी फैसला जल्दबाजी में लेने से बचें। मानसिक तनाव के कारण अनिंद्रा की परेशानी बढ़ सकती है। कार्य स्वयं की मेहनत से सफल होंगे। गुरुवार का दिन थोड़ी सावधानी से बिताएं। किसी प्रलोभन से बचें। खर्चों की अधिकता बनी रहेगी। सप्ताह के अंत में वाहन चलाते हुए सावधानी बरतें। नुकसान उठाना पड़ सकता है। सेहत का ख्याल रखें, पैरों का दर्द परेशानी का कारण बन सकता है।
उपाय:-  शिवलिंग पर जल अभिषेक करें।
काली उड़द की दाल जल प्रवाह करें।

मूलांक – 9
मूलांक 9, 18 और 27 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व मंगल देव करते हैं। मूलांक 9 वालों के लिए सप्ताह सामान्यतः सकारात्मक रहेगा। साहसिक कार्यों में सफलता प्राप्त होगी। काम की अधिकता के कारण थकान महसूस करेंगे। बुधवार का दिन अच्छा रहेगा। पिता के आशीर्वाद से काम बनेंगे। अभिमान की भावना को दूर करें। घर के बड़ों की सलाह से काम करें, विचारों की अस्थिरता में स्पष्टता आएगी। बल एवं बुद्धि के मध्य संबंध स्थापित करें, शुभ परिणाम प्राप्त होंगे। आपके दोस्तों के प्रति आपका उत्साह और लगाव रिश्तों की मधुरता को बढ़ाएगा। संतान पक्ष को लेकर थोड़ा चिंतित हो सकते हैं।
उपाय:- हनुमान जी को सिंदूर का चोला चढ़ाएं।
छोटे भाई-बहनों से व्यर्थ के विवाद को नजरअंदाज करें।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.gurukulastro.com

Niyati Bhandari

Advertising