Weekly numerology (5-11 april): आपके लिए कितना शुभ रहेगा ये सप्ताह

Monday, Apr 05, 2021 - 07:48 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मूलांक – 1
मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व सूर्य देव करते हैं। मूलांक 1 वाले जातकों के लिए सप्ताह की शुरूआत के समय में थोड़ा सा उतार-चढ़ाव बना रहेगा। निजी जीवन की व्यस्तताओं के कारण अपने काम को कम समय दे पाएंगे। कोई त्वचा विकार उत्पन्न हो सकता है। अधिक खर्च की वजह से पैसे उधार लेने की जरूरत पड़ सकती है। सप्ताह के मध्य में किसी की कही सुनी बातों में आकर कोई गलत काम करने से बचें। आपके आलस और कार्य में देरी के कारण ऑफिस में बॉस के साथ अनबन हो सकती है। हालांकि सप्ताह के अंत का समय आपके अनुकूल रहेगा। अपने अधूरे कार्यों को दृढ़ निश्चय के साथ पूरा करें। किसी नए प्रोजेक्ट पर काम करने को मिल सकता है। वाणी पर संयम रखें।
उपाय:- घर की पूर्व दिशा को साफ-सुथरा रखें।
पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें।

मूलांक – 2
मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व चन्द्र देव करते हैं। सप्ताह की शुरुआत में घर का माहौल परेशान और व्यस्त रहेगा। खर्चों की अधिकता के कारण नकदी धन की कमी हो सकती है। बच्चों का मन पढ़ाई में कम लगेगा। माता की सेहत का ख्याल रखें। स्वयं को भी मानसिक तनाव का सामना करना पड़ सकता है। सेहत का ख्याल रखें। कमर दर्द परेशानी का कारण बनेगा। जिम्मेदारियां बढ़ेंगी। हालांकि सप्ताह के अंत में परिस्थितियों में सुधार आएगा। आप ऊर्जावान और उत्साहित महसूस करेंगे। अधूरे कार्य पूरे होंगे। एकाग्रता में वृद्धि होगी। छोटे बहन-भाइयों के साथ व्यर्थ के विवाद को नजरअंदाज करें।
उपाय:- यथासम्भव चांदी के पात्र में जल पिएं।
दूध और चावल का दान न करें।

मूलांक – 3
मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बृहस्पति देव करते हैं। मूलांक 3 वाले जातकों के लिए सप्ताह मिलेजुले फल लेकर आया है। सप्ताह की शुरुआत में बच्चों का मन संगीत और कला की तरफ आकर्षित हो सकता है। आप किसी विदेशी तकनीक को सीखने के लिए मन बना सकते हैं। सप्ताह के मध्य में धर्म स्थान की यात्रा के योग बनते हैं। आप में अध्यात्म की प्रवृत्ति बढ़ेगी। आलस्य के कारण काम विलंब से होंगे परंतु यह समझना जरूरी है कि सफलता स्वयं के परिश्रम से ही प्राप्त होगी। सप्ताह के अंत में परिणाम आपके अनुकूल होंगे। छोटे भाई-बहन मददगार साबित होंगे। समाज कल्याण कार्य में भागीदार बन सकते हैं। कार्यक्षेत्र पर आपके काम की प्रशंसा होगी। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा।
उपाय:- गुरुजनों और बुजुर्गों का सम्मान करें।
चने की दाल मंदिर में दान करें।

मूलांक – 4
मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व राहू देव करते हैं। मूलांक 4 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी परंतु कोई अनैतिक कार्य करने से बचें अन्यथा पुलिस विभाग के संपर्क में आना पड़ सकता है। किसी वहम के चलते दांपत्य जीवन के सुखों में खटास पैदा हो सकती है। मन की बात को सांझा करें, अन्यथा मनभेद रिश्तों की दरार को बढ़ा सकता है। सप्ताह के मध्य में मन चिंतित रहेगा। मानसिक तनाव बढ़ सकता है। शुक्रवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। आपके विचारों को स्थिरता मिलेगी। भाई से मदद प्राप्त होगी। हालांकि पिता के साथ वैचारिक मतभेद बढ़ सकते हैं। वाणी पर संयम रखें, क्रोध में आकर अपशब्द न कहें।
उपाय:- चांदी का चौकोर टुकड़ा अपने पास रखें।
जौं को जल प्रवाह करें।

मूलांक – 5
मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बुध देव करते हैं। मूलांक 5 वालों के लिए यह सप्ताह अच्छे और मंदे हर प्रकार के अनुभव लेकर आया है। सप्ताह की शुरुआत का समय लेखन, रचना, कला इत्यादि क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए शुभ है। किसी प्रलोभन में आकर कोई अनैतिक कार्य करने से बचें। वाणी में कटु शब्दों का प्रयोग न करें। सप्ताह के मध्य में मां-बेटी के संबंध अच्छे होंगे। नकदी धन की कमी के कारण आप व्यर्थ के खर्चों पर अंकुश लगाने की कोशिश करेंगे। सप्ताह के अंत में बल और बुद्धि के मध्य सामंजस्य स्थापित करने से सही निर्णय ले पाएंगे अन्यथा विचारों की अस्थिरता में घिरे रहेंगे। पिता के परामर्श से लाभ प्राप्त होगा। कारोबार में साझेदारी के प्रस्ताव प्राप्त हो सकते हैं।
उपाय:-  पक्षियों को हरी मूंग की दाल का दाना डालें।
तुलसी के पौधे को जल दें।

मूलांक – 6
मूलांक 6, 15 और 24 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शुक्र देव करते हैं। मूलांक 6 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत का समय अच्छा रहेगा। किसी महिला मित्र अथवा सहकर्मी से सहायता प्राप्त होगी। जीवन में कोई प्रेम संबंध दस्तक दे सकता है। जीवनसाथी के साथ समय अच्छा बीतेगा। परिवार के साथ कहीं घूमने जाने की योजना बना सकते हैं। जीवनसाथी के साथ सप्ताह के मध्य में खरीदारी पर जाने की योजना बन सकती है। वाहन खरीदने के योग बनते हैं। सप्ताह के अंत में अपने क्रोध पर काबू रखें। वाणी में कठोरता उत्पन्न न होने दें। कार्यक्षेत्र पर कार्यभार की अधिकता के कारण स्वयं पर कम ध्यान दे पाएंगे। दिखावे अथवा शो ऑफ पर अधिक खर्च करने से बचें, अन्यथा नकदी धन की स्थिति कमजोर हो सकती है।
उपाय:- गाय का घी मंदिर में दान दें।
शिवलिंग पर जल अभिषेक करें।

मूलांक – 7
मूलांक 7, 16 और 25 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व केतु देव करते हैं। सप्ताह की शुरुआत में मां और बेटी के मध्य संबंध अच्छे होंगे। किसी की बातों में आकर कोई गलत निर्णय लेने से बचें। जीवन साथी के साथ अपने मन की बातों को साझा करें, रिश्ते में विश्वास और मजबूती आएगी। बुधवार का दिन थोड़ा मानसिक परेशानी भरा रहेगा। आप तनाव महसूस करेंगे। किसी धर्म स्थान की यात्रा करें। किसी कर्मचारी के साथ बर्ताव में अपशब्द न लेकर आएं। घर में भाई-बहन से मनमुटाव हो सकता है। सप्ताह के अंत का समय सरकारी कामों के लिए अच्छा है। आप का मनोबल बढ़ेगा। माता की सेहत का ख्याल रखें।
उपाय:-  काला-सफेद कम्बल मंदिर में दान दें।
माता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें।

मूलांक – 8
मूलांक 8, 17 और 26 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शनि देव करते हैं। सप्ताह की शुरुआत में किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर करते हुए सावधानी बरतें। किसी महिला मित्र व सहकर्मी के कारण जीवन साथी के साथ रिश्ते में खटास आ सकती है। अपने बर्ताव और चरित्र को साफ रखें। सप्ताह के मध्य का समय सावधानी से बिताएं। संतान पक्ष चिंता का कारण बन सकता है। आपके काम धीमी गति से होंगे। विचारों में अस्थिरता उत्पन्न हो सकती है। प्रॉपर्टी संबंधी मामले में देरी का सामना करना पड़ सकता है। मांगलिक कार्य में बाधा उत्पन्न हो सकती है। सप्ताह के अंत में सरकारी कार्यों में देरी होगी। कार्यालय में बॉस के साथ मतभेद उत्पन्न हो सकता है।
उपाय:- शनि देव जी के मंदिर में सरसों के तेल का दीपक जलाएं।
लोहे की वस्तुओं का लेन-देन न करें।

मूलांक – 9
मूलांक 9, 18 और 27 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व मंगल देव करते हैं। सप्ताह की शुरुआत का समय दोस्तों के साथ काफी मौज-मस्ती में बीतेगा। किसी महिला मित्र के साथ व्यवहार और वाणी में कठोरता न लाएं। सेहत का ख्याल रखें। कमर दर्द और पैरों का दर्द परेशान कर सकता है। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। प्रॉपर्टी तथा जमीन जायदाद के मामले में कोर्ट- कचहरी के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं। सप्ताह के अंत का समय आपके लिए अच्छा रहेगा। किसी विदेशी मित्र से सहायता प्राप्त हो सकती है। योजनाएं सफल होंगी। आपके विचारों और योजनाओं को बड़ों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। कार्यक्षेत्र पर आप रोबदार साबित होंगे।
उपाय:-  हनुमान चालीसा का पाठ करें।
पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.gurukulastro.com

Niyati Bhandari

Advertising