Weekly numerology (24-30 August): जन्मतिथि से जानें आपके लिए कितना शुभ रहेगा ये सप्ताह

Monday, Aug 24, 2020 - 07:25 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मूलांक – 1
मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व सूर्य देव करते हैं। मूलांक 1 वालों के लिए यह सप्ताह औसत फलप्रदायी रहेगा। सेहत का ख्याल रखें। कोई त्वचा विकार उत्पन्न होने की संभावना है। समय पर चिकित्सक से सलाह लें। जीवनसाथी के साथ रिश्तों में मनमुटाव हो सकता है। अपने गुस्से पर नियंत्रण रखें। वाणी में मिठास लाने की कोशिश करें। कारोबार की दृष्टि से देखा जाए तो सप्ताह की शुरुआत में कारोबार संबंधी यात्राएं करनी पड़ सकती हैं। धन उपार्जन के स्त्रोत में वृद्धि होने की संभावना है। सप्ताह के अंत का समय विद्यार्थियों के लिए शुभ है। आपको मेहनत का फल और सफलता अवश्य प्राप्त होगी।
उपाय:- मंदिर में दही दान दें।
गायत्री मंत्र का जाप करें।

मूलांक – 2
मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व चन्द्र देव करते हैं। मूलांक 2 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत सामान्य रहेगी। घर-परिवार की चीजों पर अधिक खर्च होगा, जिसकी वजह से नकदी धन की कमी महसूस होने की संभावना है। कार्यों में जल्दबाजी न करें अन्यथा आप स्वयं बनते कार्य को बिगाड़ देंगे। माता की सेहत का ख्याल रखें। मन अकारण ही अशांत रहेगा। हालांकी सप्ताह के अंत में परिस्थितियों में सुधार आने लगेगा। विद्यार्थियों की एकाग्रता में वृद्धि होगी। पढ़ाई में मन लगेगा। जीवन में खुशी व उल्लास का संचार होगा। कारोबार या व्यवसाय की दृष्टि से तरक्की के योग बनते हैं। मेहनत को दोगुना कर समय का सदुपयोग करें, उत्तम परिणामों की प्राप्ति होगी।
उपाय:- माता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें।
काली उड़द की दाल का दान करें।

मूलांक – 3
मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बृहस्पति देव करते हैं। विवाहित व्यक्तियों को सप्ताह के शुरुआत में दांपत्य जीवन में कुछ मनमुटाव देखने को मिल सकता है। हालांकि शिक्षा से जुड़े जातकों के लिए समय अच्छा है। विद्या व अध्ययन में रुचि बढ़ेगी। मेहनत के शुभ परिणाम प्राप्त होंगे। कार्यों में सफलता मिलेगी। छोटे भाई-बहनों के साथ किसी भी प्रकार के  विवाद को नजरअंदाज करें। सप्ताह के अंत में बड़ों की सलाह से व्यापार विस्तार के बारे में विचार किया जा सकता है। मूलांक 3 वालों का रुझान इस सप्ताह ज्योतिष विद्या और गुप्त विद्याओं की ओर हो सकता है।
उपाय:- केसर का तिलक करें।
विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।

मूलांक – 4
मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व राहू देव करते हैं।  मूलांक 4 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत मौज-मस्ती में बीतेगी। दोस्तों और परिवार वालों के साथ कहीं घूमने-फिरने जा सकते हैं। ये सभी योजनाएं अकस्मात ही बनेंगी। सप्ताह के मध्य में आप जोश व उत्साहित महसूस करेंगे। इस माहौल में आपका व्यवसायिक स्तर कुछ मन्दा अवश्य रहेगा। किसी प्रकार के शॉर्टकट या अनैतिक तरीके को न अपनाएं अन्यथा मानहानि का सामना करना पड़ सकता है। सप्ताह के अंत में कार्यभार की अधिकता को महसूस करेंगे। मन विचलित रहेगा। आपको दृढ़ इच्छाशक्ति से कार्य पूरे करने होंगे। मेहनत के परिणाम अवश्य प्राप्त होंगे।
उपाय:- कोई विद्युत उपकरण उपहार स्वरूप न लें।
किसी जरूरतमंद को भोजन करवाएं व मीठा भी दें।

मूलांक – 5
मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बुध देव करते हैं। मूलांक 5 वालों के लिए यह सप्ताह शुभ फलप्रदायी रहेगा। विवाह योग्य जातकों के लिए समय अनुकूल है। कोई प्रेम सम्बंध जीवन में दस्तक दे सकता है। नौकरी में आय वृद्धि अथवा बोनस मिलने के योग बनते हैं। शिक्षा से जुड़े जातकों के लिए समय अच्छा है। इस सप्ताह आप ख़र्च पर अंकुश लगाने का प्रयास करेंगे। सप्ताह के मध्य में यदि बल और बुद्धि का सामंजस्य रखा जाए तो कार्यों में सफलता प्राप्त होगी। सप्ताह के अंत का समय सावधानी से व्यतीत करें। कार्यों में अड़चनें उत्पन्न हो सकती हैं। संचार माध्यम व लेखन के कार्यों में कामयाबी मिलेगी।
उपाय:- गाय को हरा चारा खिलाएं।
दुर्गा सप्तशती का पाठ करें।

मूलांक – 6
मूलांक 6, 15 और 24 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शुक्र देव करते हैं। मूलांक 6 वाले जातकों के लिए यह सप्ताह अच्छे फल देना वाला रहेगा। मूलांक 6 वाले जातक इस सप्ताह स्वयं की खरीदारी पर खर्च करेंगे। आपका ध्यान मौज-मस्ती, पार्टी, खाने-पीने, सजावट का सामान खरीदने अथवा कपड़ों आदि की खरीदारी में लगा रहेगा। विद्यार्थियों का ध्यान पढ़ाई में कम लगेगा। किसी महिला मित्र से विवाद की संभावना बनती है। क्रोध पर काबू रखें अन्यथा परिस्थितियां अधिक खराब हो सकती हैं। जीवन साथी के साथ अनबन होने की संभावना है। वाणी में मधुरता अथवा स्वयं पर संयम रखें। सप्ताह के अंत में घर परिवार में तनाव की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना है।
उपाय:- मंदिर में दही दान दें।
मां लक्ष्मी की आराधना कर गुलाब का फूल अर्पित करें।

मूलांक – 7
मूलांक 7, 16 और 25 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व केतु देव करते हैं। मूलांक 7 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत औसतन मंदी रहेगी। मन कुछ अशांत रहेगा। अकारण ही आप निराश व उदास महसूस करेंगे। हालांकि यदि आप कोई शोध कार्य करते हैं तो सफलता मिलने की संभावना है। जीवनसाथी के साथ भी दांपत्य सुख में कमी आ सकती है। कार्यों में विघ्न उत्पन्न होने की संभावना है। सप्ताह के मध्य का समय सावधानी से व्यतीत करें। कारोबार संबंधी यात्राएं करनी पड़ सकती हैं। वर्तमान स्थिति के चलते स्वास्थ्य का ख्याल रखें। माता के साथ किसी बात पर मतभेद होने की संभावना है। सप्ताह के अंत में आप का ध्यान ज्योतिष अथवा गुप्त विद्या की ओर हो सकता है।
उपाय:- कुत्ते को मीठी रोटी खिलाएं।
कानों में सोना धारण करें।

मूलांक – 8
मूलांक 8, 17 और 26 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शनि देव करते हैं। मूलांक 8 वालों को सप्ताह की शुरुआत में कार्यों में विलंब का सामना करना होगा। मेहनत के बाद भी परिणाम कम ही प्राप्त होंगे। हालांकि सप्ताह के गुजरने के साथ-साथ परिस्थितियों में सुधार आने लगेगा। प्रॉपर्टी के लेन-देन के सिलसिले में भाइयों के साथ घर परिवार में बात चल सकती है। सप्ताह के अंत में जीवन साथी के साथ रिश्तों में मनमुटाव उत्पन्न हो सकता है। कार्यों में जल्दबाजी न करें। सच्ची लगन व मेहनत से किए गए कार्य का शुभ परिणाम अवश्य प्राप्त होगा।
उपाय:- शनि मंदिर में सरसों के तेल का दीपक जलाएं।
पीपल के वृक्ष को जल दें।

मूलांक – 9
मूलांक 9, 18 और 27 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व मंगल देव करते हैं। मूलांक 9 वालों को इस सप्ताह अपने क्रोध और गुस्से पर काबू रखना होगा। किसी महिला मित्र से विवाद होने की संभावना बनती है। सप्ताह की शुरुआत का समय सावधानी से बिताएं। संभावना है कि परिस्थितियां आपकी सोच के विपरीत रूप लें। हालांकि सप्ताह के अंत में चीजों में सुधार आने लगेगा। माता पिता के आशीर्वाद व साथ से कार्यों में सफलता प्राप्ति के योग बनेंगे। आपका मन सामाजिक कल्याण के कार्यो में लगेगा। साहसिक कार्यों में सफलता प्राप्त होगी।
उपाय:- काले चने का दान करें।
हनुमान जी की प्रतिमा के चरणों से सिंदूर लेकर तिलक करें।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट –www.goas.org.in

Niyati Bhandari

Advertising