घर की ही नहीं बाहर की सीढ़ियां का भी सही होना है जरूरी वरना...

Friday, May 20, 2022 - 11:44 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
वास्तु शास्त्र में मानव जीवन से संबंधित कोई एक नहीं बल्कि कई पहलू बताए गए हैं। जिन्हें अपने जीवन में अपनाने वाला व्यक्ति हमेशा सफलता व तरक्की के मार्ग पर चलने में सक्षम हो जाता है। इन पहलू में न केवल मानव जीवन के घर से बल्कि ऑफिस आदि से जुड़े भी कई तथ्य, टिप्स व उपाय बताए हैं।आज हम आपको वास्तु शास्त्र में बताए गए सीढ़ियों से जुड़े उपाय बतान जा रहे हैं। कहा जाता है कि जिस घर में सीढ़ियां सही न हो, उस घर में इसके चलते वास्तु दोष पैदा हो जाते हैं जिसके कारण परिवार के सदस्यों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वास्तु विशेषज्ञ के अनुसार जिस घर में वास्तु दोष पैदा होते हैं, उनके परिवार में बीमारियों की एंट्री हो जाती है, घर में क्लेश बढ़ जाता है, आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ता है। तो अगर आप जानना चाहते हैं कि कैसी सीढ़ियां घर में वास्तु दोष पैदा करती हैं, तो आगे दी गई जानकारी ध्यान से पढ़िए- 

वास्तु शास्त्र के अनुसार जिन घरों में गलत जगह पर सीढ़ियां बनी होती हैं, उस घर में रोज़ नई-नई समस्याएं पैदा होती हैं। वास्तु शास्त्र के अनुसार घर के अंदर की सीढ़ियां मंगल ग्रह तो बाहर की सीढ़ियां शुक्र ग्रह को प्रभावित करती हैं। इस लिए इनका सही होना आवश्यक होता है, क्योंकि अगर ये दोनों ग्रह अशुभ प्रभाव देने लगे तो जीवन में मुश्किलें पैदा होने लगती हैं।

सीढ़ियां बनवाते समय कुछ बातों का ध्यान रखना विशेष माना जाता है। वास्तु विशेषज्ञ के मुताबिक घर की सीढ़ियां नैऋत्य कोष में होनी शुभ होती है। ये दिशा सीढ़ियों के लिए सबसे उत्तम मानी जाती है। वहीं, दक्षिण दिशा, पूर्व से पश्चिम दिशा की ओर की सीढ़ियों को भी उत्तम माना जाता है। इसके अलावा घर में बनी चौढ़ी सीढ़ियां भी शुभ प्रभाव प्रदान करती है। 

घर का निर्माण करवाते समय इस बात का खास ध्यान रखें कि कभी भी घर में सीढ़ियों के नीचे पूजा घर या बाथरूम का निर्माण न करें। वास्तु शास्त्र में ऐसा करना अशुभ माना गया है। माना जाता है ऐसा करने से घर में सुख-शांति का अभाव होता है। इसके अलावा कुछ लोग इसके नीचे किचन भी बना लेते हैं, जो कि सही नहीं है। वास्तु के मुताबिक सीढ़ियों के नीचे की जगह को स्टोर रूम की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है, मगर ध्यान रखें इस जगह की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।  

इन सब के अतिरिक्त सीढ़ियों के नीचे जूते-चप्पल की अलमारी या फिर गहने पैसे की अलमारी भी नहीं रखनी चाहिए। माना जाता है जो लोग इस स्थान पर जूते-चप्पल रखते हैं उन्हें जीवन में आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता है। 
 

Jyoti

Advertising