Vastu Tips: रसोई में कौन सी है सिंक की सही दिशा?

Sunday, Mar 06, 2022 - 02:33 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
घर में रसोई सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। कहते हैं घर की खुशियों से लेकर हमारी हैल्थ तक रसोईघर के सही रख रखाव पर निर्भर करती है। वास्तु शास्त्र के अनुसार अगर हमारें घर की किचन शुभ दिशा में हो तो परिवार के सदस्यों के भाग्य में वृद्धि होती है। शुभ दिशा में रसोई घर होने पर मां लक्ष्मी हमेशा मेहरबान रहती हैं और घर में हमेशा सुख-समृद्धि का वास रहता है। तो वहीं अगर रसोईघर का एक भी सामान वास्तु के अनुसार न हो इससे घर की आर्थिक स्थिति व सेहत पर बुरा असर पढ़ता है। ऐसे में अगर आप भी अपनी सेहत या धन हानि से परेशान हैं तो आगे दी गई जानकारी जरूर पढ़ें क्योंकि आज हम आपको बताएंगे वास्तु के हिसाब से किचन की सही दिशा व किचन के सामान का सही रख-रखाब कैसे करें इसके बारे में जानकारी देने जा रहे हैं। 

वास्तु शास्त्र के अनुसार रसोईघर आग्नेय कोण यानि पूर्व-दक्षिण दिशा में होना शुभ फलदायी होता है। इससे मंगल ग्रह की अशुभता दूर होती है। इस स्थान पर रसोई घर होने से शुभ परिणाम मिलते हैं। इसलिए रसोई घर को पूर्व-दक्षिण दिशा में बनाना अच्छा माना जाता है। यदि ऐसा नहीं है तो इससे घर में रहने वाले लोगों की सेहत, खासतौर पर महिलाओं की सेहत पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। अन्न-धन की भी हानि होती है।

वास्तु के अनुसार रसोई में दो महत्वपूर्ण चीजों का ध्यान रखना बेहद ही जरूरी है, जिसमें आग की दिशा और दूसरा होता है जल की दिशा। रसोई में चूल्हा हमेशा दक्षिण-पूर्वी दिशा में होना चाहिए, क्योंकि यह दिशा अग्नि के लिए उत्तम मानी जाती है। वहीं पानी के लिए किचन में हमेशा उत्तर दिशा का चुनाव करना चाहिए। अगर आप किचन सिंक लगा रहे हैं तो वह भी उत्तर दिशा में ही लगाना चाहिए।

हमेशा ध्यान रखें कि भोजन बनाते समय आपका मुख पूर्व की ओर होना चाहिए, इसके लिए उत्तर व दक्षिण दिशा अशुभ मानी गई है। साथ ही इस बात का भी ध्यान रखें कि अगर किचन में झाडू, पौंछा या सफाई का कोई सामान रखना है तो नैऋत्य कोण में रख सकते हैं।

जिस घर में रसोईघर दक्षिण-पूर्व यानी आग्नेय कोण में नहीं हो तो वो लोग अपनी किचन में यज्ञ करते हुए ऋषियों की चित्राकृति लगा सकते हैं। ये शुभ माना जाता है।

इसके अलावा माइक्रोवेव, मिक्सर या अन्य धातु उपकरण दक्षिण-पूर्व में रखें। फ्रीज उत्तर-पश्चिम में रख सकते हैं। डस्टबिन को रसोईघर से बाहर ही रखें।

बताते चलें, रसोईघर में पूजा का स्थान बनाना शुभ नहीं होता। इसलिए रसोईघर में पूजा स्थल न बनाएं। आपकी जानकारी के लिए बता दें वास्तु के अनुसार रसोई में हरा, मेहरून या फिर सफेद रंग के पत्थरों का इस्तेमाल करें। ये बहुत ही शुभ माना जाता है। इससे आपके घर में बरकत बढ़ती है।

Jyoti

Advertising