सिख श्रद्धालुओं का जत्था वैसाखी मनाने पाकिस्तान हुआ रवाना
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 08:58 AM (IST)
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबन्धक कमेटी के द्वारा इस बार भी खालसा साजना दिवस वैसाखी के मौके पर दिल्ली की संगत को पाकिस्तान के गुरधामों के दर्शन कराने हेतु 409 श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान के लिए भेजा गयाा। दिल्ली गुरुद्वारा प्रबन्धक कमेटी अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका, महासचिव जगदीप सिंह काहलो ने जत्थे में जाने वाले श्रृद्धालुओं को बधाई दी। गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब के हैड ग्रन्थी ज्ञानी दिलबाग सिंह द्वारा अरदास की गई। दिल्ली के गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब में दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी के महासचिव जगदीप सिंह काहलो और परमजीत सिंह चंडोक ने जत्थे को रवाना किया।
इस मौके पर कमेटी के सलाहकार सुदीप सिंह, गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब के चेयरमैन सतनाम सिंह जग्गा सहित अनेक गणमान्य शख्सीयतें मौजूद रहीं। कालका एवं काहलो ने बताया कि कुल 2840 श्रृद्धालु देश के अलग अलग हिस्सों से जत्थे में शामिल हैं वहीं दिल्ली से 409 श्रद्धालुओं का जत्था अमृतसर के लिए रवाना हो गया है। कल 10 तारीख को सुबह सभी श्रद्धालु वाघा बार्डर के रास्ते पाकिस्तान में प्रवेश करेंगे और गुरुद्वारा पंजा साहिब में खालसा साजना दिवस वैसाखी का पर्व मनाकर 19 अप्रैल को वापस भारत पहुंचेंगे।
कमेटी सदस्य हरजीत सिंह पप्पा और अनूप सिंह घुम्मन को जत्थे का इंचार्ज बनाकर भेजा गया है। पिछली बार शिरोमणि कमेटी के जत्थे में से एक महिला के अलग होने की घटना से सबक लेते हुए इस बार दिल्ली कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं की पुख्ता पड़ताल के बाद ही वीजा के लिए भेजा था। कालका व काहलों ने कहा, जिन लोगों को वीजा नहीं मिल सका उनके लिए अरदास करते हैं कि अगली बार जत्थे में उन्हें दर्शनों की मंजूरी मिल सके। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह का विशेष तौर पर आभार प्रकट करते हैं जिन्होंने सिखों की भावनाओं की कदर करते दोनों देशों में तनावपूर्ण माहौल होने के बावजूद सिख श्रृद्धालुओ को गुरुद्वारों के दर्शनों हेतु पाकिस्तान जाने की मंजूरी दी है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
