UP Cabinet Ayodhya Visit: समाजवादी को छोड़कर यू.पी. के विधायकों ने किए रामलला के दर्शन

Monday, Feb 12, 2024 - 08:01 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

लखनऊ (एजैंसी): मुख्‍य विपक्षी दल सपा को छोड़कर उत्तर प्रदेश के दोनों सदनों (विधानसभा और विधान परिषद) के लगभग 325 विधायकों ने मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के साथ नवनिर्मित राम मंदिर में श्री रामलला का दर्शन-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने राम मंदिर में भगवान के सामने साष्टांग दंडवत कर पूजा-अर्चना की। विधायकों के मंदिरों के शहर में पहुंचने पर अयोध्या के वासियों में उत्साह देखा गया और उन्होंने फूलों की वर्षा की।

योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्‍स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘आज श्री अयोध्या धाम में उत्तर प्रदेश विधानसभा के माननीय अध्यक्ष सतीश महाना जी, विधान परिषद के माननीय सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह जी और सम्मानित सहयोगियों के साथ भगवान श्री रामलला के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। जय सीताराम।’ 

मुख्यमंत्री ओर से साझा किए गए 14 मिनट के वीडियो में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना समेत कई विधायक ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन गाते दिखाई दे रहे हैं। कुछ विधायकों ने मंदिर की सीढ़ियों पर बैठकर समूह में तस्वीरें खिंचवाई। उ.प्र. विधानसभा के सूत्रों ने बताया, ‘कुछ विधायकों की पत्नियां भी उनके साथ थीं। कुल मिलाकर, दल का आकार 400 से अधिक था।’ 

दर्शन-पूजन के बाद अयोध्‍या में ही विधायकों के लिए भोज का आयोजन हुआ और उसके बाद सभी लखनऊ लौट गए।

Niyati Bhandari

Advertising