देवी पर चढ़ाए फूलों से हजारों कमा रही हैं आदिवासी महिलाएं

Wednesday, Jan 24, 2018 - 02:42 PM (IST)

(वार्ता) छत्तीसगढ के कोंडागांव जिले की कुछ आदिवासी महिलाएं देवी के मंदिर में चढ़ाए चंद फूलों से गेंदे की खेती कर अब हजारों रुपए कमा रही हैं। कोंडागांव से 65 किमी दूर मैनपुर की चार महिलाएं रेखा बाई, पद्मिनी, लच्छिनी और श्यामवती पांच एकड़ में गेंदे के फूल की खेती कर प्रति एकड़ 70-80 हजार रुपए कमा रही हैं। करीब तीन साल पहले ये महिलाएं गांव के माता मंदिर में गेंदे के फूल चढ़ाने के बाद मंदिर के पुजारी से बातचीत करतीं थीं। 


एक दिन पुजारी जयमन ने बातों-बातों में उन्हें गेंदे की खेती करने की सलाह दी। पुजारी ने इसके लिए देवी पर चढ़ाए फूल उन्हें दे दिए और उन्हें सुखाकर बीज निकालने को कहा। महिलाएं ने यही बीज खेतों में बोए। तीन साल से इस काम में लगी इन महिलाओं की इच्छाशक्ति की बदौलत अब सभी हजारों रुपए कमा रही हैं।  


आधुनिक तरीके से हो रही इस खेती से उपजे फूल अब स्थानीय स्तर के साथ जगदलपुर, कांकेर और दंतेवाड़ा तक पहुंचाए जा रहे हैं। इन महिलाओं से प्रेरित होकर गांव की आधा दर्जन महिलाओं ने भी फूलों की खेती शुरू की है। उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक कमलेश कुमार साहू ने बताया कि ग्रामीण महिलाओं को अब साग सब्जी के साथ फूलों की खेती के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके अच्छे परिणाम आने शुरू हो गए हैं। यहां से फूल अन्य शहरों में जा रहे हैं। समय-समय पर उन्हें तकनीकी और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाती है।    
 

Advertising