आज जिनका जन्मदिन है, जानें कैसा रहेगा आने वाला साल
punjabkesari.in Tuesday, Jul 09, 2024 - 07:02 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Today's Birthday Prediction: आज आपके जन्मदिन की आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं। 9 जुलाई में जन्में व्यक्तियों का मूलांक 9 होता है, जिनके स्वामी मंगल देव हैं। मूलांक 9 वाले जातक बहुत ही साहसी और निडर होते हैं। ये लोग हर साहसिक कार्य को करने के लिए तैयार रहते हैं। ये लोग किसी भी जोखिम भरे काम को करने से घबराते नहीं हैं। इनका रवैया काफी रौबदार होता है। इन लोगों का स्वभाव थोड़ा क्रोधी होता है। इन्हें हर छोटी-छोटी बात पर गुस्सा आ जाता है परंतु मूलांक 9 वाले जातक बहुत देर तक किसी से नाराज नहीं रह सकते। मूलांक 9 वाले जातक हमेशा दूसरों की मदद करने के लिए तैयार रहते हैं। इनके मन में दूसरे के लिए दया भावना होती है। इनका मन समाज सेवा के कार्यों में भी अधिक लगता है। अपने जीवन के किसी न किसी पड़ाव पर ये लोग एक समाज सेवी के रूप में कार्य करते हैं। मूलांक 9 वाले जातकों को पुलिस, आर्मी, डॉक्टर, सर्जन, समाज सेवी इत्यादि क्षेत्रों में सफल कार्य करते हुए देखा गया है। मूलांक 9 वाले जातकों का अपने परिवार में छोटे बहन-भाइयों के साथ अधिक स्नेह होता है। ये लोग हर परिस्थिति में उनका साथ देते हैं। मूलांक 9 वाले जातकों की शिक्षा प्रायः अच्छी रहती है। इन्हें हर विषय को सीखने में रुचि होती है।
आज जिन जातकों का जन्मदिन है, यह वर्ष आपके लिए शुभ परिणाम वाला रहेगा। इस साल आपके जीवन में कुछ मांगलिक कार्यों का आयोजन हो सकता है। विवाह योग्य जातकों को शादी के प्रस्ताव प्राप्त होने की संभावनाएं भी बनती हैं। जुलाई के महीने का शेष समय थोड़ा सावधानी से बिताएं। किसी प्रलोभन में आकर कोई गलत काम न करें। अगस्त के महीने में भौतिक सुख-साधनों में वृद्धि होगी। हालांकि बोलचाल के दौरान अपने शब्दों का चयन सोच-समझ कर करें अन्यथा बाद में पछताना पड़ सकता है। सितंबर के महीने में जीवनसाथी के साथ संबंधों में मधुरता बढ़ेगी। अक्टूबर के महीने का समय थोड़ा मध्यम गति वाला रहेगा। संतान पक्ष को लेकर थोड़ी चिंताएं हो सकती हैं। नवंबर के महीने में भी कार्य भार की अधिकता बनी रहेगी। दिसंबर के महीने का समय हालांकि पहले से अच्छा रहेगा। खेलकूद के क्षेत्र से जुड़े हुए लोग अच्छे परिणाम प्राप्त करेंगे।
वर्ष 2025 के जनवरी के महीने में यात्राओं के योग बनते हैं। कुछ अनचाहे स्थानांतरण भी संभव हैं। फरवरी के महीने में प्रॉपर्टी संबंधी मामले सामने आ सकते हैं। मार्च के महीने में समाज सेवा के कार्य में आपका मन लगेगा। फिजिकल फिटनेस के लिए योग और व्यायाम की तरफ मन आकर्षित हो सकता है। अप्रैल के महीने में किसी नए काम की शुरुआत करना चाहेंगे। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को भी शुभ समाचार मिल सकता है। मई के महीने में नकदी धन के नजरिया से समय अच्छा रहेगा। जून के महीने का समय भी कामकाज के नजरिया से अच्छा है। विद्यार्थियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में अच्छे परिणाम मिलेंगे।
उपाय- इस वर्ष के शुभ फल प्राप्त करने के लिए रसोई घर को साफ-सुथरा रखें। गाय की सेवा करें। जीवनसाथी के साथ संबंधों को मधुर बनाकर रखें। साफ-सुथरे कपड़े पहनें। वस्त्रों का दान न करें। लक्ष्मी मां की आराधना करें और उन्हें लाल गुलाब का फूल अर्पित करें। हनुमान चालीसा का पाठ करें। नियमित रूप से योग और व्यायाम करते रहें। छोटे बहन-भाइयों के साथ संबंधों को मधुर बनाकर रखें। गाय को हरा चारा खिलाएं। अपने चाल-चलन को अच्छा रखें।
आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.gurukulastro.com