आज जिनका जन्मदिन है, जानें कैसा रहेगा आने वाला साल

Wednesday, Apr 20, 2022 - 08:42 AM (IST)

 शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Today's Birthday Prediction:
आज आपके जन्मदिन की आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं। 20 अप्रैल में जन्में व्यक्तियों का मूलांक 2 होता है, जिनके स्वामी चंद्र देव हैं। मूलांक 2 वाले जातक बहुत ही भावुक स्वभाव के होते हैं। ये लोग दूसरों के साथ बहुत जल्दी भावनात्मक रिश्ता जोड़ लेते हैं। मूलांक 2 वाले जातक दूसरों को कभी कोई दुख नहीं दे सकते। ये लोग हमेशा दूसरों का उनके सुख-दुख में साथ देते हैं। ये लोग मृदुभाषी और कोमल हृदय वाले होते हैं। मूलांक 2 वाले जातक छोटी-छोटी बातों को दिल से लगा लेते हैं, जिसके कारण ये लोग बहुत जल्दी आहत हो जाते हैं। मूलांक 2 वाले लोग हमेशा दूसरों की मदद करने के लिए तैयार रहते हैं। ये लोग हर संभव कोशिश करके सामने वाले की सहायता करते हैं। इन्हें किसी काम के लिए न कहना नहीं आता, जिसके कारण बहुत बार ये लोग परेशानी में भी पड़ जाते हैं। मूलांक 2 वाले लोगों का अपने घर-परिवार में माता के साथ गहरा संबंध होता है। इन लोगों की कल्पना शक्ति मजबूत होती है। यदि जन्मतिथि के अन्य अंक भी साथ दें तो इन लोगों को एक अच्छे कवि या लेखक के रूप में उभरते हुए देखा गया है। मूलांक 2 वाले जातक अद्भुत रचनाओं को जन्म दे सकते हैं। इन लोगों में उच्च कोटि की रचनात्मकता होती है।

आज जिन जातकों का जन्मदिन है, यह वर्ष तरक्की के नए दरवाजे खोलता है। नौकरी तलाश करने वाले जातकों की तलाश इस वर्ष खत्म हो सकती है। विद्यार्थियों का ध्यान पढ़ाई में केंद्रित होगा। अप्रैल का महीना थोड़ा सावधानी से बिताएं। माता के साथ अनबन हो सकती है। पैरों का दर्द परेशान कर सकता है। मई के महीने में काम ज्यादा बना रहेगा, हालांकि आपको अपनी मेहनत के उचित परिणाम मिलेंगे। जल्दबाजी में कोई काम न करें। जून के महीने में पिता की सलाह लेकर काम करें लाभ मिलेगा। जुलाई के महीने में कोई नया काम शुरू कर सकते हैं। पैसे की कमी हो सकती है, जिसके कारण उधार लेना पड़ेगा। अगस्त के महीने में भावनाओं में आकर किसी को कोई वायदा न करें। मन थोड़ा परेशान रहेगा। अपने क्रोध पर काबू रखें। किसी को अपशब्द न कहें। सितंबर के महीने में विद्यार्थी अपनी आगे की पढ़ाई के लिए योजना बनाएंगे। अक्टूबर के महीने का समय रिसर्च और अनुसंधान के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए अच्छा रहेगा। नवम्बर के महीने में सेहत का ख्याल रखें। अस्पताल का चक्कर लगाना पड़ सकता है। दिसम्बर के महीने में आपके सभी काम योजनाबद्ध तरीके से होते चले जाएंगे, परंतु परिवार का माहौल कुछ अस्त-व्यस्त हो सकता है। वर्ष 2023 के जनवरी के महीने में किसी के बहकावे में आने से बचें। फरवरी और मार्च का समय विवाह योग्य जातकों के लिए शुभ रहेगा।

उपाय- इस वर्ष के शुभ फल प्राप्त करने के लिए हरे रंग से परहेज करें। पक्षियों को हरी मूंग की दाल का दाना डालें। छोटी कन्याओं को भोजन करवाएं और उनका आशीर्वाद लें। दूध में हल्दी डालकर सेवन करें। एक नारियल जल प्रवाह करें। खराब घड़ी घर में न रखें। ससुराल पक्ष के साथ संबंधों को मधुर बनाकर रखें।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट –www.gurukulastro.com

Niyati Bhandari

Advertising