आज जिनका जन्मदिन है, जानें कैसा रहेगा आने वाला साल

Friday, May 13, 2022 - 09:20 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Today's Birthday Prediction in Hindi:- आज आप के जन्मदिन की आप को बहुत शुभकामनाएं । 13 मई में जन्में व्यक्तियों का मूलांक 4 होता है जिन के स्वामी राहू देव हैं। मूलांक 4 वाले जातक बहुमुखी प्रतिभा के धनी होते हैं। इन लोगों का दिमाग रिसर्च एवं अनुसंधान के स्तर पर ज्यादा चलता है। ये लोग हर चीज के आधारभूत तर्क तक जाने की कोशिश करते हैं। इनकी बातों में तर्क वितर्क अधिक झलकता है। किसी भी बात को यूं ही मान लेना इन लोगों की प्रवृत्ति नहीं होती। ये लोग पढ़ाई व शिक्षा से अलग घर-बाहर, समाज, राजनीति अथवा अन्य भी हर प्रकार की जानकारी रखते हैं। शिक्षा के क्षेत्र में भी ये लोग औसत से बेहतर ही प्रदर्शन करते हैं। इन लोगों को मुख्यतः विदेशी तकनीक व विदेशी ज्ञान को सीखते हुए देखा गया है।



बहुत बार मूलांक 4 वाले जातक विदेश में ही एक अच्छी आजीविका कमाने में कामयाब होते हैं। इन लोगों की आर्थिक स्थिति प्रायः अच्छी होती है। मूलांक 4 वाले जातक पुरानी परंपराओं और मान्यताओं को नहीं मानते। अतः इन्हें गैर परम्परावादी कह दिया जाता है। ये लोग समाज में लगातार परिवर्तन चाहते हैं। लोग इन्हें क्रांतिकारी समझने लगते हैं। मूलांक 4 वाले जातक मुख्यतः पुरानी और रूढ़िवादी विचारधाराओं के साथ विवाद की स्थिति में मिलते हैं। ये लोग धर्म के नाम पर हो रहे आडम्बरों को बिल्कुल नहीं मानते।

आज जिन जातकों का जन्मदिन है यह वर्ष घर परिवार के साथ अच्छा बीतेगा। आप पारिवारिक जिम्मेदारियों की तरफ ज्यादा ध्यान देंगे। विवाह योग्य जातकों को शादी के प्रस्ताव प्राप्त हो सकते हैं। कोई त्वचा विकार होने की संभावना बनती है। मई के महीने में अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखें। भावुकता में आकर अपना कोई रहस्य किसी को ना बताएं। जून के महीने का समय रिसर्च एवं अनुसंधान के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए अच्छा रहेगा। आपके प्रयास सफल होंगे। जून के महीने में आपके रुके हुए काम पूरा होने की संभावना बनती है। किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह लेकर आगे बढ़े। अगस्त और सितंबर के महीने में भौतिक सुख साधनों में वृद्धि होगी। जीवन साथी के साथ संबंधों को मधुर बनाकर रखें, अन्यथा परिस्थितियां बिगड़ सकती हैं।



अक्टूबर के महीने में अकस्मात धन प्राप्ति के योग बनते हैं। वाहन खरीदने की योजना बना सकते हैं। नवम्बर के महीने में कामकाज की भागदौड़ ज्यादा बनी रहेगी, परंतु अंत में आपको मेहनत के उचित परिणाम मिलेंगे। दिसंबर के महीने का समय सोच-समझ कर संयम और धैर्य के साथ बिताने का है। अपने क्रोध पर काबू रखेंगे तो, परिस्थितियों पर विजय प्राप्त कर लेंगे। वर्ष 2023 के जनवरी के महीने में संतान पक्ष से कोई शुभ समाचार मिलेगा। यात्राएं आपके लिए सफल रहेंगी। फरवरी के महीने में आपकी गैर जिम्मेदारियों के कारण जीवन साथी के साथ संबंधों में खटास आ सकती है। मार्च के महीने में बेकार की लड़ाई झगड़े से दूर रहें। समाज सेवा के कार्य में भागीदार बन सकते हैं। अप्रैल के महीने में पिता की सेहत का ख्याल रखें, और कोई भी बड़ा निर्णय पूरी जांच परख करने के बाद ही लें।

उपाय- इस वर्ष के शुभ फल प्राप्त करने के लिए एक हरा नारियल मंदिर में दान करें।
सरस्वती मां की आराधना करें और नीले रंग के फूल अर्पित करें।
शनि चालीसा का पाठ करें।
सरसों के तेल में छाया दर्शन कर शनि मंदिर में दान करें।
कोई भी जंग लगी हुई लोहे की वस्तु घर में ना रखें।
ससुराल पक्ष के साथ संबंधों को मधुर बनाकर रखें।
परनिंदा से परहेज करें।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.gurukulastro.com


 

Jyoti

Advertising