आज जिनका जन्मदिन है, जानें कैसा रहेगा आने वाला साल

Tuesday, Sep 08, 2020 - 10:12 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
आज आप के जन्मदिन की आप को बहुत शुभकामनाएं। 8 सितम्बर में जन्में व्यक्तियों का मूलांक 8 होता है जिन के स्वामी मंगल देव हैं। मूलांक 8 वाले जातकों में ऊर्जा व साहस प्रचुर मात्रा में देखने को मिलता है। जिसके चलते ये लोग बहुत ही उत्साहित रहते हैं। हालांकि इस उतावलेपन का इन्हें कई बार नुकसान भी उठाना पड़ता है। ये लोग अक्सर साहसिक कार्यों में सफलता प्राप्त करते हैं। इनका शरीर मुख्यतः सुविकसित व सुडौल होता है। ये लोग एक अच्छे चिकित्सक, व आरोग्यसाधक बनते हैं। जनसेवा की भावना इनमें अधिक होती है। 

आज जिन जातकों का जन्मदिन है इस वर्ष उन्हें चाहिए कि अपनी बुद्धि का सदुपयोग करें। केवल बल व साहस के भरोसे बनते काम न बिगाड़ें। सितम्बर के महीने में किसी लड़ाई झगड़े में न पड़ें। अपने क्रोध पर काबू रखें। अक्टूबर के माह में हालांकि घर परिवार में कोई मांगलिक कार्य सम्पन्न होने के योग बनते हैं, परन्तु सावधानी बरतने की आवश्यकता है। नवम्बर के माह में दाम्पत्य जीवन के सुखों में वृद्धि होगी। युवा जातकों के जीवन में कोई प्रेमसम्बन्ध दस्तक दे सकता है। दिसम्बर का महीना सावधानी के साथ व्यतीत करें। बनते हुए कार्य भी बिगड़ते नज़र आएंगे। यात्राएं सम्भव हैं, वर्तमान स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य का ख्याल रखें। वर्ष 2021 के आरम्भ का समय विवाह योग्य जातकों के लिए शुभ है। 

विवाह के लिए आए प्रस्तावों पर विचार किया जा सकता है। अप्रैल के माह में प्रॉपर्टी के लेनदेन की बात चलने की संभावना बनती है। इस समय मन कुछ चिंतित रहेगा। कार्यभार बढ़ सकता है। मेहनत व परिश्रम अधिक करना होगा। किसी अनैतिक कार्य में भागीदार न बनें। मई के माह में किसी लड़ाई झगड़े में फंसने के योग बनते हैं, सतर्कतापूर्वक समय व्यतीत करें। जून का समय शुभ है। दोस्तों से मदद मिलेगी। पिता के साथ से कार्य पूर्ण होंगे। मन की बेचैनी को राहत मिलेगी। जुलाई व अगस्त का समय शिक्षा से जुड़े जातकों के लिए शुभ है। एकाग्रता में वृद्धि होगी। मन लगाकर अध्ययन करें।

इस वर्ष के शुभ फल प्राप्त करने के लिए हनुमानजी की प्रतिमा के चरणों से सिंदूर लेकर तिलक करें। हनुमान चालीसा का पाठ करें। बंदरों को गुड़ खिलाएं। किसी जरूरतमंद को भोजन करवाएं व मीठा भी दें। परनिंदा से बचें।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट –www.goas.org.in

Jyoti

Advertising