Teej 2020: 1 साल में 3 बार मनाया जाता है तीज का त्यौहार

Friday, Aug 21, 2020 - 09:39 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Teej 2020: धार्मिक मान्यता के अनुसार माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए इस व्रत का पालन किया था। परिणामस्वरूप भगवान शिव ने उनके तप से प्रसन्न होकर उन्हें पत्नी रूप में स्वीकार किया था। माना जाता है कि श्रावण शुक्ल तृतीया के दिन माता पार्वती ने सौ वर्षों के तप उपरांत भगवान शिव को पति रूप में पाया था। इसी मान्यता के अनुसार स्त्रियां माता पार्वती का पूजन करती हैं।

हरियाली तीज ,कजरारी तीज एवं हरितालिका तीज तीन रूपों में मनाई जाती है। सावन के शुक्ल पक्ष में हरियाली तीज मनाई जाती है। इस अवसर पर चांद की पूजा दूध, दही और फूलों से की जाती है। इसके अतिरिक्त कजरारी तीज सावन के कृष्ण पक्ष की तृतीया को मनाई जाती है।

इस अवसर पर महिलाएं नीम की पूजा कर नाचती एवं गाती हैं। हरितालिका तीज भादो में प्रथम पक्ष की तृतीया को मनाई जाती है। इस अवसर पर महिलाएं निर्जला व्रत रखती हैं। यह व्रत महिलाएं अपने पति की दीर्घायु के लिए रखती हैं। यह व्रत न केवल विवाहित महिलाएं बल्कि अविवाहित महिलाएं भी रखती हैं। इस अवसर पर उनके ससुराल से तरह-तरह के तोहफे आते हैं जिनका वो आनंद उठाती हैं।

तीज पर मेहंदी लगाने, हरि चूड़ियां पहनने, झूले झूलने तथा लोक गीतों को गाने का विशेष महत्व है। तीज के त्यौहार वाले दिन खुले स्थानों पर बड़े–बड़े वृक्षों की शाखाओं पर, घर की छत की कड़ों या बरामदे में कड़ों में झूले लगाए जाते हैं जिन पर स्त्रियां झूला झूलती हैं।

हरियाली तीज के दिन अनेक स्थानों पर मेलों का भी आयोजन होता है। 

Niyati Bhandari

Advertising