स्वामी प्रभुपाद: हरे कृष्ण मंत्र का चमत्कार, कैसे स्मरण से मिलता है परमेश्वर का साक्षात्कार
punjabkesari.in Tuesday, Jul 22, 2025 - 07:00 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
अभ्यासयोगयुक्तेन चेतसा नान्यगामिना।
परमं पुरुषं दिव्यं याति पार्थानुचिन्तयन्।।8.8।।
अनुवाद : हे पार्थ ! जो व्यक्ति अपने मन को मेरा स्मरण करने में निरन्तर लगाए रखकर अविचलित भाव से भगवान के रूप में मेरा ध्यान करता है, वह मुझको अवश्य ही प्राप्त होता है।
तात्पर्य : इस श्लोक में भगवान् कृष्ण अपने स्मरण किए जाने की महत्ता पर बल देते हैं। महामंत्र हरे कृष्ण का जप करने से कृष्ण की स्मृति आ जाती है। भगवान के शब्दोच्चार (ध्वनि) के जप तथा श्रवण के अभ्यास से मनुष्य के कान, जीभ तथा मन व्यस्त रहते हैं। इस ध्यान का अभ्यास अत्यन्त सुगम है और इससे परमेश्वर को प्राप्त करने में सहायता मिलती है। पुरुषम का अर्थ भोक्ता है।

यद्यपि सारे जीव भगवान की तटस्था शक्ति हैं, जबकि वे होते नहीं। यहां पर स्पष्ट उल्लेख है कि भगवान ही अपने विभिन्न स्वरूपों तथा नारायण, वासुदेव आदि अंश विस्तारों के रूप में परम भोक्ता हैं। भक्त हरे कृष्ण का जप करके अपनी पूजा के लक्ष्य परमेश्वर का, उनके किसी भी रूप नारायण, कृष्ण, राम, आदि का निरन्तर चिन्तन कर सकता है।
ऐसा करने से वह शुद्ध हो जाता है और निरन्तर जाप करते रहने से जीवन के अन्त में वह भगवद्धाम को जाएगा। योग अन्त:करण के परमात्मा का ध्यान है। इसी प्रकार हरे कृष्ण के जप द्वारा मनुष्य अपने मन को परमेश्वर में स्थिर करता है। मन चंचल है, अत: आवश्यक है कि मन को बलपूर्वक कृष्ण-चिन्तन में लगाया जाए।

प्राय: उस इल्ली का दृष्टान्त दिया जाता है जो तितली बनना चाहती है और वह इसी जीवन में तितली भी बन जाती है। इसी प्रकार यदि हम निरन्तर कृष्ण का चिन्तन करते रहें, तो यह निश्चित है कि हम जीवन के अन्त में कृष्ण जैसा शरीर प्राप्त कर सकें।

