कन्नौज में प्रस्तावित स्थल पर ठहरने की नहीं मिली अनुमति, अस्थायी शिविर में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने गुजारी रात

punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 08:35 AM (IST)

कन्नौज (एजैंसी): गाय को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने की मांग को लेकर निकाली जा रही ‘गो-विष्टि यात्रा’ के दौरान स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को कन्नौज में प्रस्तावित स्थल पर ठहरने की अनुमति नहीं मिलने के बाद सड़क किनारे बने अस्थायी शिविर में रात गुजारनी पड़ी। 

उनके सहयोगियों का आरोप है कि प्रशासन ने छिबरामऊ के एक निजी स्कूल में रात्रि विश्राम की अनुमति नहीं दी। इसके बाद स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने पाल चौराहे पर बनाए गए स्वागत स्थल पर ही रुकने का निर्णय लिया, जहां अस्थायी शिविर की व्यवस्था की गई। सहयोगियों के अनुसार, भीषण गर्मी के बावजूद वहां पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। बृहस्पतिवार सुबह फर्रुखाबाद रवाना होने से पहले स्वामी ने कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य गाय को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाने की मांग को जन-जन तक पहुंचाना तथा गौ-रक्षा और गौ-संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना है। 

शंकराचार्य ने आरोप लगाया कि उनकी यात्रा को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना था कि जिस स्थान पर उन्हें ठहरना था, वहां के प्रबंधन पर दबाव बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि स्कूल संचालक को कार्यक्रम रद्द करने के लिए मजबूर किया गया। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि किसी भी परिस्थिति में उनकी यात्रा नहीं रुकेगी और वह अपने अभियान को पूरा करके रहेंगे।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News