जब त्रिदेव माता अनुसुईया के वात्सल्य प्रेम के बंदी बन गए...

punjabkesari.in Thursday, Jun 03, 2021 - 11:26 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Story Of Mata Sati Anasuya: भारत वर्ष की सती-साध्वी नारियों में अनुसुईया जी का स्थान बहुत ऊंचा है। इनका जन्म अत्यंत उच्च कुल में हुआ था। इन्होंने ब्रह्मा जी के मानस पुत्र परम तपस्वी महर्षि अत्रि के हृदय को जीत लिया था। भगवान को अपने भक्तों का यश बढ़ाना होता है तो वह नाना प्रकार की लीलाएं करते हैं। श्री लक्ष्मी जी, श्री सती जी और श्री सरस्वती जी को अपने पतिव्रत्य का बड़ा अभिमान था। तीनों देवियों के अहंकार को नष्ट करने के लिए भगवान ने नारद जी के मन में प्रेरणा की। फलत: वह श्री लक्ष्मी जी के पास पहुंचे। नारद जी को देख कर लक्ष्मी जी का मुखमंडल खिल उठा और वह बोलीं, ‘‘आइए, नारद जी! आप तो बहुत दिनों बाद आए।’’

PunjabKesari anasuya

नारद जी बोले, ‘‘माता जी! क्या बताऊं, कुछ बताते नहीं बनता। इस बार मैं घूमता हुआ चित्रकूट की ओर चला गया। वहां मैं महर्षि अत्रि के आश्रम पर पहुंचा। माता जी! मैं तो महर्षि की पत्नी अनुसुईया जी का दर्शन करके कृतार्थ हो गया। तीनों लोकों में उनके समान पतिव्रता कोई अन्य नहीं है।’’

लक्ष्मी जी को यह बात बहुत बुरी लगी। उन्होंने पूछा, ‘‘क्या वह मुझसे भी बढ़ कर पतिव्रता है?’’

नारद जी ने कहा, ‘‘माता जी! तीनों लोकों में कोई भी स्त्री सती अनुसुईया की तुलना में किसी भी गिनती में नहीं है।’’

इसी प्रकार देवर्षि नारद ने सती और सरस्वती के पास जाकर उनके मन में भी सती अनुसुईया के प्रति ईर्ष्या की अग्नि जला दी। अंत में तीनों देवियों ने त्रिदेवों से हठ करके उन्हें सती अनुसुईया के सतीत्व की परीक्षा लेने के लिए बाध्य कर दिया। ब्रह्मा, विष्णु और महेश महर्षि अत्रि के आश्रम पर पहुंचे। तीनों देव मुनि वेष में थे। उस समय महर्षि अत्री अपने आश्रम पर नहीं थे। अतिथि के रूप में आए हुए त्रिदेवों का सती अनुसुईया ने स्वागत, सत्कार करना चाहा परंतु त्रिदेवों ने उसे अस्वीकार कर दिया।

सती अनुसुईया ने उनसे पूछा, ‘‘मुनियो! मुझसे कौन-सा ऐसा अपराध हो गया जो आप लोग मेरे द्वारा की हुई पूजा को ग्रहण नहीं कर रहे हैं?’’

मुनिवेषधारी त्रिदेवों ने कहा, ‘‘देवि! यदि आप बिना वस्त्र के हमारा अतिथ्य करें तभी हम आपके यहां भिक्षा ग्रहण करेंगे।’’ 

PunjabKesari  anasuya

यह सुन कर सती अनुसुईया सोच में पड़ गईं। उन्होंने ध्यान लगाकर देखा तो सारा रहस्य उनकी समझ में आ गया। 

वह बोलीं, ‘‘मैं आप लोगों का विवस्त्र होकर आतिथ्य करूंगी। यदि मैं पतिव्रता हूं और मैंने कभी भी काम भाव से किसी परपुरुष का चिंतन नहीं किया हो तो आप तीनों छ:-छ: माह के बच्चे बन जाएं।’’

पतिव्रता सती अनुसुईया का इतना कहना था कि त्रिदेव छ:-छ: माह के बच्चे बन गए। माता ने विवस्त्र होकर उन्हें स्तनपान कराया और उन्हें पालने में खेलने के लिए डाल दिया। इस प्रकार त्रिदेव माता अनुसुईया के वात्सल्य प्रेम के बंदी बन गए।

इधर जब तीनों देवियों ने देखा कि हमारे पति तो आए ही नहीं तो वे चिंतित हो गईं। आखिर तीनों अपने पतियों का पता लगाने के लिए चित्रकूट गईं। संयोग से वहीं नारद जी से उनकी मुलाकात हो गई। त्रिदेवियों ने उनसे अपने पतियों का पता पूछा तो नारद जी बोले कि वे तो महर्षि अत्रि के आश्रम में बालक बन कर खेल रहे हैं।

त्रिदेवियों ने अनुसुईया जी से आश्रम में प्रवेश करने की आज्ञा मांगी। अनुसुईया जी ने उनसे उनका परिचय पूछा। त्रिदेवियों ने कहा, ‘‘माता जी! हम तो आपकी बहुएं हैं। आप हमें क्षमा कर दें और हमारे पतियों को लौटा दें।’’

अनुसुईया जी का हृदय द्रवित हो गया। उन्होंने बालक रूपी त्रिदेवों पर जल छिड़क कर उन्हें उनका पूर्व रूप प्रदान किया और अंतत: उन त्रिदेवों की पूजा-स्तुति की। त्रिदेवों ने प्रसन्न होकर अपने-अपने अंशों से अनुसुईया के यहां पुत्र रूप में प्रकट होने का वरदान दिया।

PunjabKesari anasuya


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Recommended News

Related News