Stock Market Astrology: कुंभ में बनेगा सूर्य, बुध, शुक्र राहु का चतुर्ग्रही योग, ऊपरी स्तरों पर बाजार में आ सकता है दबाव

punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 09:28 AM (IST)

Stock Market Astrology: एस्ट्रोसाइकल में इस सप्ताह बुध 10 फरवरी को सुबह 5 बजे के करीब उदय होगा जबकि इसी दिन सुबह 7.37 बजे शुक्र और शनि 30 डिग्री एक्सिस पर आएंगे। 11 फरवरी को सुबह 8.54 बजे शुक्र राहु के शतभिषा नक्षत्र में आएंगे और 13 फरवरी को सुबह 4.14 बजे राशि बदल कर कुंभ राशि में गोचर करेंगे और 6.41 बजे मंगल और गुरु 150 डिग्री एक्सिस पर रहेंगे। 

ग्रहों की यह स्थिति शेयर बाजार में ऊपरी स्तरों पर दबाव का संकेत देती है, लिहाजा इस सप्ताह बाजार में ऊपरी स्तरों पर संभल कर ट्रेड करना चाहिए। कुंभ राशि में सूर्य, बुध, शुक्र और राहु के चतुर्ग्रही योग और इस पर गुरु की दृष्टि हालांकि पॉजिटिव है लेकिन इसके बावजूद चन्द्रमा की स्थिति बाजार में उतार-चढ़ाव लाने का काम करेगी। 

9 फरवरी को सुबह बाजार खुलने पर राहु, बुध, शुक्र एक साथ कुंभ राशि में रहेंगे और चन्द्रमा वृश्चिक राशि में विशाखा नक्षत्र में रहेगा। चन्द्रमा का विशाखा नक्षत्र में गोचर तेजी कारक है, लिहाजा बाजार में ओपनिंग तेजी के साथ हो सकती है और 11.44 पर चन्द्रमा के विशाखा नक्षत्र के दूसरे चरण में प्रवेश करने के साथ तेजी बढ़ सकती है लेकिन इसके बाद ऊपरी स्तरों पर दबाव देखने को मिल सकता है लिहाजा बाजार के ट्रेंड को देख कर ट्रेड करें। इस दौरान हमें बैंकिंग, फार्मा, एनबीएफसी और शेयर ब्रोकरेज कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिल सकती है। 

10 फरवरी को सुबह 5 बजे बुध कुंभ राशि में उदय हो जाएंगे और शुक्र और शनि का सुबह 7.37 बजे 30 डिग्री के एक्सिस पर रहेंगे। चन्द्रमा बाजार खुलने पर शनि के अनुराधा नक्षत्र में रहेगा, लिहाजा बाजार में ओपनिंग पर दबाव देखने को मिल सकता है लेकिन दोपहर 2.39 पर चन्द्रमा के नक्षत्र पद बदलने के बाद बाजार की स्थिति सुधर सकती है। इस दिन मैटल सैक्टर के शेयरों में तेजी देखने को मिल सकती है।
 
11 फरवरी को सुबह 8.56 पर शुक्र शतभिषा में गोचर करेगा और बुध भी शतभिषा नक्षत्र में रहेंगे इस दौरान चन्द्रमा का गोचर सुबह अनुराधा नक्षत्र के चौथे चरण में होगा। इस लिहाज से बाजार की शुरूआत फ्लैट टू नेगेटिव हो सकती है लेकिन चन्द्रमा के सुबह 10.52 बजे बुध के ज्येष्ठा नक्षत्र में गोचर करने के बाद बाजार की स्थिति सुधर सकती है। इसी बीच दोपहर 2.07 बजे बुध के शतभिषा नक्षत्र के तीसरे चरण में प्रवेश से बाजार में फिर दबाव देखने को मिलेगा। इस दिन हमें बैंकिंग, आई.टी., फार्मा और मैटल शेयरों में खरीदारी देखने को मिल सकती है। 

12 फरवरी को बाजार की ओपनिंग के समय बुध और राहु दोनों ही ग्रह कुंभ राशि में 14 डिग्री पर गोचर करेंगे जबकि चन्द्रमा वृश्चिक राशि में बुध के ज्येष्ठा नक्षत्र में गोचर करेंगे, लिहाजा बाजार ओपनिंग पर अस्थिर रह सकता है लेकिन दोपहर 1.21 बजे चन्द्रमा के धनु राशि में गोचर करने से बाजार में उतार-चढ़ाव गहरा सकता है। चन्द्रमा सिर्फ राशि ही नहीं बदलेंगे बल्कि बुध से नक्षत्र से निकल कर केतु के मूला नक्षत्र में भी गोचर करेंगे, लिहाजा आखिरी घंटे के दौरान बाजार में रिकवरी देखने को मिल सकती है। कोई भी पोजीशन बाजार की स्थिति को देख कर लें, इस दिन हमें आई.टी., कम्युनिकेशन, बैंकिंग सैक्टर के शेयरों में तेजी देखने को मिल सकती है। 
 
13 फरवरी को बाजार खुलने से पहले सूर्य 4.14 पर कुंभ राशि में प्रवेश करेगा और बुध, शुक्र और राहु के साथ चतुर्ग्रही योग बनाएगा। इन चारों ग्रहों पर गुरु की दृष्टि रहेगी, लिहाजा बाजार तेज खुलने के बाद भी ऊपरी स्तरों पर दबाव महसूस कर सकते हैं। चन्द्रमा इस दिन केतु के मूला नक्षत्र के तीसरे चरण में गोचर करेंगे, लिहाजा बाजार में सामान्य कारोबार होता रहेगा और पॉजिटिविटी ज्यादा देखने को मिल सकती है।

नरेश कुमार
https://www.facebook.com/Astro-Naresh-115058279895728

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News