पाक सरकार, सिख जत्थे को भी भारत में धार्मिक यात्रा की अनुमति दे: कालका, काहलों
punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 12:56 PM (IST)
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका और महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों ने पाकिस्तान सरकार से अपील की है कि वह सिख और हिन्दू में भेदभाव न करें और भारत में हेमकुंट साहिब के दर्शन के लिए आने वाले सिख समुदाय के 110 सदस्यों को भारत यात्रा की अनुमति दे।
सरदार कालका और सरदार काहलों ने बताया कि कुछ दिन पहले पाकिस्तान से 110 सिखों का एक जत्था भारत आना चाहता था, जिसके लिए भारत सरकार ने वीजा भी जारी कर दिए। लेकिन अंतिम समय पर हवाई अड्डे पर पाकिस्तान के अधिकारियों ने इन धार्मिक श्रद्धालुओं से एनओसी की मांग कर दी, जबकि ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। इसी वजह से इन श्रद्धालुओं को भारत आने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने बताया कि अब पाकिस्तान से मध्य प्रदेश के मंदिरों के दर्शन के लिए हिन्दू समुदाय का एक प्रतिनिधिमंडल भारत पहुंचा है।
हम इस श्रद्धालु प्रतिनिधिमंडल का भी स्वागत करते हैं। जैसे पाकिस्तान सरकार ने इस प्रतिनिधिमंडल को अनुमति दी है, वैसे ही सिख श्रद्धालुओं के जत्थे को भी भारत आने की अनुमति देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हेमकुंट साहिब के दर्शन के लिए यही सही समय है क्योंकि आने वाले दिनों में बर्फबारी के कारण हेमकुंट साहिब के कपाट बंद हो जाएंगे और इसके बाद दर्शन संभव नहीं होंगे।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
