शनि जयंती पर जरूर करें ये खास उपाय

Wednesday, Jun 09, 2021 - 10:17 AM (IST)

जैसे कि सभी जानते ही हैं कि शनिदेव को कर्मफल दाता कहा जाता है। शनिदेव सभी को उनके कर्मों के हिसाब से फल देते हैं। हालांकि शनि की साढ़े साती महादशा का नाम सुनते ही लोग घबराते हैं। वहीं ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, जन्म कुंडली में शनि अशुभ स्थिति में होने पर शनि की साढ़े साती महादशा के दौरान कष्टों का सामना करना पड़ता है। मान्यता है कि शनि जयंती के दिन शनि की साढ़े साती महादशा से पीड़ित राशि वालों को कुछ खास उपाय करने से लाभ मिलता है। लेकिन उससे पहले आपको बता दें कि ज्येष्ठ मास की अमावस्या तिथि को शनिदेव का जन्म हुआ था, इसलिए इस दिन शनि जयंती मनाते हैं।

ऐसा कहा जाता है कि इस दिन शनिदेव की सच्चे मन से आराधना और पूजा-पाठ करने से शुभ फल की प्राप्ति होती है। इस दिन शनिदेव से संबंधित चीजों का दान करने से शनि की महादशा में लाभ मिलता है। हिंदू पंचांग के अनुसार इस साल ये दिन 10 जून को पड़ रहा है।और साथ ही इस दिन साल का पहला सूर्य ग्रहण भी लग रहा है। इसके अलावा वट सावित्री व्रत भी इसी दिन रखा जाएगा। तो चलिए इस बार शनि जयंती पर किए जाने वाले कुछ खास उपायों के बारे में बताते हैं।

शनि जयंती के दिन शनि चालीसा का पाठ करने से शुभ फल की प्राप्ति होने की मान्यता है।

शनिदेव से संबंधित वस्तुएं जैसे तेल, काली उड़द, काला वस्त्र, लोहा, काला कंबल दान करने से लाभ होता है।

शनि जयंती के दिन भगवान शंकर व हनुमान जी की पूजा करने से शनिदेव प्रसन्न होते हैं।

शनि जयंती के दिन शनि दोष से मुक्ति पाने के लिए सुबह जल्दी स्नान आदि करके शनिदेव की पूजा करनी चाहिए।

एक कटोरी में सरसों का तेल लेकर उसमें अपना चेहरा देखकर तेल सहित उस कटोरी शनि मंदिर या शनि का दान लेने वालों को दान करने से लाभ मिलता है।

शनि मंत्रों ॐ शं शनैश्चराय नम:। ॐ निलांजन समाभासम रविपुत्रम यमाग्रजंम। छायामार्तंड संभूतं तं नमामि शनेश्चरम। का जाप करने से भी लाभ मिलने की मान्यता है।

Lata

Advertising