शनि सुखधाम मंदिर में शनि समारोह की तैयारियां ज़ोरों पर

Thursday, May 03, 2018 - 12:55 PM (IST)

जालन्धर: श्री शनि सुखधाम रायपुर रसूलपुर में 15 मई को शनि जन्म महोत्सव मनाने को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। समारोह को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मंदिर के संस्थापक मुरली मनोहर वधवा ने बताया कि उक्त दिन गोचर दोष-शनिमहादशा, साढ़ेसाती दोष जैसे कष्टों को सुख में बदलने का शुभ मुहूर्त है। उन्होंने कहा कि शास्त्रों के मुताबिक शनि सहस्रनाम से शनि महाराज की शिला का अभिषेक करने से आखंड सुख, लक्ष्मी अनुकम्पा की प्राप्ति होती है। 
 

इस बार शनि जन्म महोत्सव मंगलवार को है। शिलाभिषेक प्रात: 9 से 2 बजे तक तथा सुन्दरकांड के पाठ के साथ हवन यज्ञ सायं 3 से 5 बजे तक होगा। उपरान्त आरती महाभोग लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 मई को सायं 6 बजे जन्म महोत्सव केक काटा जाएगा। समारोह में प्रात: 10 से 4 बजे तक मन्दिर प्रांगण में 4 ज्योतिषाचार्यों द्वारा टेवा देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जैसे हम अपने बच्चों का जन्मदिवस मनाते हैं वैसे ही शनि महाराज का जन्मदिवस मनाने से हमारे सारी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। कष्ट स्वयं ही खत्म होते चले जाते हैं। 
 

उन्होंने बताया कि शास्त्रों के मुताबिक शनि शिला का पूजन करने से शनि की विशेष कृपा होती है। शनि न्याय के देवता हैं। जो जैसा कर्म करता है उसे उसके मुताबिक ही न्याय करते हैं। शनि की कृपा से रंक भी राजा बन जाता है। शनि के पूजन में मंत्रों का सही उच्चारण न होने पर उसका उल्टा प्रभाव पड़ता है।  

Jyoti

Advertising