September month 2025 Horoscope: सितंबर में ग्रहों का खेल देगा, इन राशियों को गजब कामयाबी

punjabkesari.in Tuesday, Sep 02, 2025 - 09:02 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

September month 2025 Horoscope: सितंबर का महीना ज्योतिष की दृष्टि से इस साल का सबसे खास महीना साबित होने वाला है और कई राशियों पर खुशियों और उपलब्धियों की बारिश भी होगी। इस महीने कई बड़े ग्रह राशि परिवर्तन करेंगे और दो ग्रहण भी लगेंगे। कई बड़े ग्रह नक्षत्र परिवर्तन भी करेंगे और ज्योतिष में हलचल मचाएंगे। इस महीने 7 सितंबर को साल का दूसरा चंद्र ग्रहण लगेगा और 21 सितंबर को साल का दूसरा सूर्य ग्रहण लगेगा। 7 सितंबर से 21 सितंबर तक पितृपक्ष भी रहेगा। इस महीने ग्रहों के खेल की शुरुआत 3 सितंबर को हो जाएगी। जब मंगल अपने ही चित्रा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। फिर 13 सितंबर को मंगल राशि परिवर्तन करके शुक्र की तुला राशि में आ जाएंगे और वहां बैठकर सीधे अपने घर को देखेंगे। 14 सितंबर को शुक्र ग्रह भी कर्क राशि से निकलकर सिंह राशि में आ जाएंगे। यहां केतु के साथ उनका कांबिनेशन बनेगा।

September month 2025 Horoscope

15 सितंबर को बुध ग्रह अपनी उच्च कन्या राशि में आएंगे और 16 सितंबर को सूर्य राशि परिवर्तन करके अपनी सिंह राशि से निकलकर बुद्ध की कन्या राशि में आएंगे और बुध आदित्य राजयोग बनाएंगे। 23 सितंबर को मंगल स्वाति नक्षत्र में गोचर करेंगे। जो राहु का नक्षत्र है। इस तरह पूरा महीना ग्रहों का खेल चलता रहेगा। देवगुरु बृहस्पति मिथुन राशि में और शनि मीन राशि में अपना गोचर बरकरार रखेंगे। राहु कुंभ राशि में तो केतु सिंह राशि में गोचर करते रहेंगे। चंद्रमा तो हर सवा दो दिन के बाद अपना राशि परिवर्तन कर लेते हैं। जानते हैं, सितंबर में हो रही ग्रहों की हलचल का किन राशियों पर बहुत सुखद प्रभाव पड़ने वाला है।

September month 2025 Horoscope

मेष: सबसे पहले मेष राशि की बात करते हैं तो मेष राशि वालों के लिए यह महीना बहुत शुभ रहने वाला है। हालांकि मेष राशि पर शनि की साडेसाती भी शुरू हो चुकी है लेकिन इसके बावजूद ग्रहों की चाल से मेष राशि वालों को जबरदस्त आर्थिक लाभ होगा और  तरक्‍की के शुभ योग बनेंगे। आपके सोशल सर्कल में भी वृद्धि होगी और आप कुछ नए संपर्क भी बनाएंगे। व्यापारी वर्ग के लोगों के लिए साल का यह महीना ही तरक्‍की से भरा होगा। कोई बड़ी डील भी फाइनल हो सकती है। नौकरी में प्रमोशन के योग बन सकते हैं।

वृषभ: वृषभ राशि की बात करूं तो वृषभ राशि वाले बहुत भाग्यशाली रहने वाले हैं क्योंकि ग्रहों की चाल आपकी जिंदगी में कमाल दिखाने वाली है। आप काफी पॉजिटिव बदलाव महसूस करेंगे। करियर के लिहाज से भी यह महीना आपके लिए टर्निंग प्वाइंट साबित होने वाला है। प्रमोशन का तोहफा भी मिल सकता है और अगर प्राइवेट सेक्टर में हैं तो बेहतर पैकेज पर किसी बड़ी कंपनी से आपको जॉब का ऑफर मिल सकता है। अगर आप बिजनेस करते हैं तो अब मुनाफा कमाने का बेहतरीन मौका आपके हाथ आएगा।

मिथुन: मिथुन राशि वाले बहुत लकी रहने वाले हैं क्योंकि ग्रहों की चाल आपके लिए मददगार साबित होगी। बुध ग्रह के साथ-साथ लग्जरी लाइफ के प्रतीक माने जाने वाले शुक्र ग्रह आपके सुख-सुविधाओं में बढ़ोतरी करेंगे और धन लाभ के अवसर भी आपको प्रदान करेंगे।लव लाइफ भी आपकी बेहतर होगी और प्रेम संबंध परवान चढ़ेगा। देवगुरु बृहस्पति भी मिथुन राशि में ही गोचर कर रहे हैं इसलिए मिथुन राशि वाले काफी लकी रहने वाले हैं।

कर्क: कर्क राशि वालों ने विदेश जाने की कोई फाइल लगाई है तो अच्छी खबर भी सुनने को मिलेगी। प्रमोशन के योग भी बनेंगे और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। लव लाइफ भी बेहतर होगी। इनकम के नए साधन बनेंगे लेकिन आपको अपने पेट और पाचन तंत्र का ख्याल रखना होगा।

सिंह: सिंह राशि की बात करें तो ग्रहों का राशि परिवर्तन सिंह राशि के जातकों के लिए बेहद शुभ रहने वाला है। हालांकि शनि की ढैया भी सिंह राशि पर चल रही है लेकिन आपको अचानक धन लाभ होगा, जिससे आपकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। आपको अपने करियर में कोई बड़ी उपलब्धि भी हासिल हो सकती है या नई नौकरी का भी प्रस्ताव मिल सकता है। मां लक्ष्मी की आप पर कृपा बनी रहेगी।

कन्या: ग्रहों के गोचर का शुभ प्रभाव कन्या वालों के जीवन में भी देखने को मिलेगा। इनकी आमदनी बढ़ सकती है, जिससे आर्थिक स्थिति में तेजी से सुधार होने की उम्मीद रहेगी। कर्ज चुकाने में सफल हो सकते हैं। बिजनेस में नया निवेश मिल सकता है या आप अपने काम का विस्तार करने में सफलता पा सकते हैं।

तुला: तुला राशि वालों के लिए यह महीना शानदार रहने वाला है। करियर में सफलता मिलेगी। लव लाइफ बेहतर होगी। प्रेम और रोमांस के मौके मिलेंगे। प्रमोशन का योग बनेगा। विदेश से भी कोई अच्छी खबर सुनने को मिलेगी। कोर्ट-कचहरी में कोई मामला चल रहा है तो काफी राहत आपको मिलने वाली है।

वृश्चिक: वृश्चिक राशि की बात करते हैं तो वृश्चिक राशि वालों की लव लाइफ पहले से बेहतर होती जाएगी। तरक्की के रास्ते खुलते चले जाएंगे। रोमांस के मौके मिलेंगे। नया फ्लैट या वाहन खरीदने का सपना भी पूरा हो सकता है। प्रॉपर्टी में इजाफा होगा। पारिवारिक जीवन में मधुरता आएगी। संतान से जुड़ी कोई गुड न्यूज़ मिलेगी।

धनु: धनु राशि पर शनि की ढैया चल रही है लेकिन इस महीने ग्रहों के खेल से धनु राशि वालों को कई स्रोतों से इनकम हासिल होगी और लंबे समय से अटकी हुई समस्याओं का भी हल निकालेंगे। प्रमोशन का योग भी बनेगा और बेहतर पैकेज पर किसी दूसरी बड़ी कंपनी में भी स्विच कर सकते हैं।

मकर: मकर राशि वालों के लिए तो यह महीना खुशियों का पैगाम लेकर आ रहा है। आर्थिक स्थिति मजबूत होने से नई गाड़ी खरीद सकते हैं। किसी भी प्रोजेक्ट में निवेश करने के लिए समय बढ़िया है। कहीं घूमने-फिरने का कार्यक्रम भी बना सकते हैं।

कुंभ: ग्रहों का राशि परिवर्तन कुंभ राशि वालों को शानदार सफलता देने वाला है। आपके कई अटके काम बनते चले जाएंगे। कोर्ट- कचहरी के मामले में भी सफलता मिलेगी। विदेश से भी अच्छी खबर मिलेगी। बिजनेस में भी कामयाबी मिलेगी और कोई नई प्रॉपर्टी भी आप बना सकते हैं।

मीन: मीन राशि वालों को मिले-जुले नतीजे मिलेंगे। आर्थिक स्थिति तो मजबूत होगी लेकिन करियर में थोड़ा स्ट्रगल का सामना भी करना पड़ेगा। विरोधी थोड़ा परेशान कर सकते हैं लेकिन अंतिम जीत आपकी ही होगी। स्वास्थ्य पक्ष का आपको ख्याल रखना होगा लेकिन संतान की तरफ से कोई गुड न्यूज़ मिलेगी।

गुरमीत बेदी
9418033344

September month 2025 Horoscope


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News