Sawan 2025: सावन में घर के आंगन में लगाएं ये पौधे, मिलेगा सुख, शांति और समृद्धि का वरदान
punjabkesari.in Sunday, Jul 06, 2025 - 07:00 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Sawan 2025: हिंदू पंचांग के अनुसार सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित होता है। यह महीना भक्ति, तप और आस्था का प्रतीक है। वर्ष 2025 में सावन माह 11 जुलाई से 9 अगस्त 2025 तक रहेगा। इस पूरे माह में शिवभक्त व्रत, पूजा, रुद्राभिषेक और शिवलिंग पर जल अर्पण करके भोलेनाथ की कृपा पाने का प्रयास करते हैं। सावन का एक विशेष पक्ष यह भी है कि इस दौरान यदि कुछ विशेष पौधों को लगाया जाए और उनकी सेवा की जाए, तो न केवल भगवान शिव प्रसन्न होते हैं बल्कि व्यक्ति के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति भी आती है। इन पौधों का धार्मिक, आयुर्वेदिक और वास्तु शास्त्र में भी विशेष महत्व बताया गया है। यहां हम बात करेंगे ऐसे 5 पौधों की जिन्हें सावन में लगाने से भोलेनाथ की कृपा प्राप्त होती है और जीवन में धन, सौभाग्य और सकारात्मकता का आगमन होता है।
बेलपत्र
बेलपत्र भगवान शिव को अत्यंत प्रिय होता है। शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ाना सबसे बड़ा पुण्य माना जाता है। शास्त्रों में वर्णित है कि बिल्वपत्र मात्र अर्पित करने से हजारों यज्ञों का फल प्राप्त होता है। इसे लगाने से शिव कृपा से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। पितृ दोष, कालसर्प दोष का निवारण होता है और साथ ही साथ वास्तु दोष दूर होता है।
शमी का पौधा
शमी का पौधा शक्ति, साहस और विजय का प्रतीक है। यह भगवान शिव के साथ-साथ शनि देव को भी प्रिय होता है। सावन में शमी का पौधा लगाने और उसकी पूजा करने से जीवन की अड़चनें समाप्त होती हैं। शमी का पौधा लगाने से शत्रु बाधा से मुक्ति मिलती है। इसके अलावा करियर में उन्नति होती है और कुंडली के दोष शांत होते हैं।
आंवला का पौधा
आंवला का पौधा देवी लक्ष्मी और भगवान विष्णु को प्रिय होता है लेकिन यह पौधा त्रिदेवों का भी प्रतीक माना गया है। सावन में इसे लगाना विशेष फलदायी होता है।
आक का पौधा
आक का पौधा महादेव के दिल के बेहद करीब है, खास तौर पर इसका सफ़ेद फूल। इसे घर में लगाने से सुख-समृद्धि के साथ भगवान शिव की कृपा बरसती है। धन-धान्य से जुड़ी समस्या से मुक्ति पाने के लिए भी यह पौधा बेहद ही लाभकारी है। इसके फूल भगवान शिव को चढ़ाने से हर अधूरी मनोकामना पूर्ण हो जाती है।