Saturn transit 2022: मेष राशि वालों के लिए कैसा रहेगा शनि का राशि परिवर्तन !
punjabkesari.in Tuesday, Jan 18, 2022 - 08:30 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Shani transit 2022: शनिदेव इस साल यानी साल 2022 में दो बार अपना राशि परिवर्तन करने जा रहे हैं। शनि देव हर अढ़ाई साल के बाद अपनी राशि बदलते हैं और ज्योतिष के राशि चक्र की सभी 12 राशियों के भ्रमण में 30 साल लगाते हैं। एक राशि में अपना सफर पूरा करने के बाद शनि देव को उसी राशि में आने में 30 साल लग जाते हैं।
शनिदेव 29 अप्रैल 2022 को सुबह 7 बजकर 52 मिनट पर मकर से निकलकर कुंभ राशि में प्रवेश करेंगे। शनि 30 साल बाद अपनी कुम्भ राशि में प्रवेश करने जा रहे हैं और उनके कुंभ में प्रवेश करते ही कर्क और वृश्चिक वालों पर शनि की ढैय्या शुरू हो जायेगी। साथ ही मीन राशि वालों पर शनि की साढ़ेसाती शुरू हो जाएगी।
29 अप्रैल 2022 को शनि देव कुंभ राशि में आने के बाद सभी 12 राशियों को प्रभावित करेंगे। इस बार विलक्षण संयोग भी बन रहा है कि 29 अप्रैल को मकर राशि से कुंभ राशि में जाने के अढाई महीने बाद 12 जुलाई 2022 को फिर उल्टी गति चलते हुए यानी वक्री अवस्था में शनिदेव फिर से मकर राशि में आ जाएंगे और 17 जनवरी 2023 तक मकर राशि में रहने के बाद फिर से कुंभ राशि में जाएंगे। इस तरह वर्ष 2022 में पहले 29 अप्रैल और फिर 12 जुलाई को शनि के दो बार राशि परिवर्तन से सभी 12 राशियों पर क्या प्रभाव पड़ेगा, इस बारे में आपको बताया जाएगा।
शुरुआत मेष राशि से करेंगे। शनि का राशि परिवर्तन मेष राशि के लिए कैसा रहेगा लेकिन मेष राशि पर शनि के प्रभाव के बारे में विस्तार से बताने से पहले ज्योतिष में और नवग्रहों में शनि देव को एक प्रमुख स्थान हासिल है। इन्हें न्याय का देवता और कर्म का कारक माना गया है। ऐसा माना जाता है कि शनि देव जिस पर प्रसन्न हो जाएं, उसे रंक से राजा बना देते हैं और जिन पर उनकी क्रूर दृष्टि पड़ती है, उस व्यक्ति की मुसीबतें बढ़ जाती हैं। ऐसा भी माना जाता है कि हमारे इसी जीवन में शनि हमारे कर्मों के मुताबिक हमें फल देते हैं।
जन्म कुंडली में शनि की शुभ स्थिति जहां लाभ प्रदान करती है, वहीं अशुभ स्थिति जीवन में दिक्कत, परेशानी और आर्थिक संकटों का कारण भी बनती है। यही कारण है कि शनि देव को हर कोई शांत रखना चाहता है और हर कोई शनि की कृपा पाने को लालायित रहता है।
शनि देव नाराज होने पर धन में कमी लाते हैं, धन हानि कराते हैं। जॉब और बिजनेस में दिक्कतें पैदा करते हैं। यहां तक कि कई बार जॉब से भी व्यक्ति को हाथ धोना पड़ता है। इस दौरान रोग भी घेर लेते हैं, दांपत्य जीवन में भी दिक्कतें आने लगती हैं। व्यक्ति की जमा पूंजी नष्ट हो जाती है। कर्ज बढ़ जाता है।
शनिदेव अपनी साढ़ेसाती, ढैया और अपनी महादशा व अंर्तदशा में व्यक्ति को सबसे अधिक प्रभावित करते हैं। शनि देव व्यक्ति के कर्मों के आधार पर फल प्रदान करने वाले देवता के रूप में जाने जाते हैं।
वैदिक ज्योतिष में शनि को सबसे मंद गति से चलने वाला ग्रह माना जाता है और यह एक राशि में अढ़ाई साल तक रहते हैं। यही कारण है कि शनि का प्रभाव व्यक्ति अधिक समय तक रहता है।
29 अप्रैल 2022 को जब शनि देव अपना राशि परिवर्तन करेंगे तो मेष राशि वालों के लिए उनका राशि परिवर्तन कैसा रहेगा ? मेष राशि वाले क्या खोएंगे, क्या पाएंगे ? उनके जीवन में क्या अच्छा रहेगा ? कहां दिक्कत रहेगी? शनि मेष राशि वालों को कैसे फल प्रदान करेंगे और कहां सचेत रहना होगा।
मेष राशि वालों के लिए अभी शनि 10वें भाव यानि कर्म भाव में गोचर कर रहे हैं। दसवां स्थान जो होता है, वह कर्म का स्थान होता है, पिता का स्थान होता है, प्रोफेशन और नौकरी का स्थान होता है और जिसके कारण शनि की दृष्टि का प्रभाव आपके 12वें भाव में, चौथे भाव में और सातवें भाव में रहेगा। 12वां भाव खर्च का भाव है। बीमारी का भाव है। हॉस्पिटलाइजेशन का भाव है। इन तीनों भागों पर शनि प्रभाव डालेंगे और इसके बाद 29 अप्रैल 2022 से 12 जुलाई तक शनिदेव आपकी कुंडली के ग्यारहवें भाव यानि आय और लाभ के स्थान पर गोचर करेंगे। शनि के ग्यारहवें भाव में गोचर से शनि का कुंडली के पहले, पांचवें और आठवें भाव में प्रभाव पड़ेगा।
कुंडली का पहला भाव हमारी नेचर, बुद्धि, विवेक, सेहत और पर्सनैलिटी व क्षमताओं का भाव है। इसी तरह 5वां भाव प्रेम, शिक्षा, पेट व मन का भाव है। जिसे संतान का भाव भी है। जबकि 8 वां भाव हमारी आयु, एक्सीडेंट, विदेश यात्रा और भोग विलास का भाव भी है।
29 अप्रैल तक आपके दसवें भाव में गोचर करने के बाद शनि आपके ग्यारहवें भाव में गोचर करेगा। 11वां भाव बड़े भाई व लाभ का भाग है। 29 अप्रैल 2022 से लेकर 12 जुलाई 2022 के बीच में शनि का इस भाव में गोचर आपके लिए बहुत मंगलकारी रहेगा। आपको बहुत शुभ परिणाम मिलेंगे। कर्म क्षेत्र से तमाम बाधाएं दूर होती चली जाएंगी। प्रमोशन व वेतन में वृद्धि का योग बनेगा । बोनस या कोई प्रोत्साहन राशि मिलने की संभावना भी बनती है। इस पीरियड के दौरान आप अपने परिवार के साथ कहीं बाहर घूमने-फिरने का कार्यक्रम भी बना सकते हैं यानी लाइफ को थोड़ा एंजॉय करेंगे। बेरोजगारों की नौकरी की तलाश खत्म होगी। अच्छी नौकरी मिलने की संभावना भी बनती है। सरकारी कर्मचारियों के लिए समय अनुकूल रहेगा। दफ्तर में उच्चाधिकारियों से कामकाज को लेकर सराहना मिलेगी।
इस दौरान आपको अपनी मेहनत का फल मिल सकता है। आय के साधनों में भी सकारात्मक प्रगति प्रदान करेंगे। इनकम का कोई नया सोर्स भी विकसित होगा। आर्थिक स्थिति को बल मिलेगा। आप किसी बड़े प्रोजेक्ट में निवेश भी कर सकते हैं। जो लोग प्राइवेट सेक्टर में जॉब कर रहे हैं, उनके लिए प्रमोशन व वेतन वृद्धि का योग भी बनेगा। इसके अलावा भी कंपनी की तरफ से कोई इंसेंटिव आपको मिल सकता है। बेहतर पैकेज पर किसी दूसरी बड़ी कंपनी में भी स्विच कर सकते हैं, ऐसे योग भी बनेंगे। बॉस आपके कार्य से प्रसन्न रहेंगे और कार्यस्थल पर आप की नेतृत्व क्षमता को सराहा जाएगा। आपकी कार्य क्षमता व नेतृत्व क्षमता में वृद्धि होगी।
शनि के राशि परिवर्तन से मेष राशि वाले बेरोजगार युवाओं या नई-नई जॉब में आए लोगों के अलावा अपना व्यवसाय शुरू करने की योजना बना रहे लोगों के लिए भी यह समय अनुकूल साबित हो सकता है। इस दौरान आप उत्साह व ऊर्जा से लबरेज रह सकते हैं। आपका कॉन्फिडेंस लेवल बढ़ेगा। मेष राशि के सरकारी कर्मचारियों के लिए यह समय अनुकूल रहेगा। प्रमोशन का योग भी बनेगा। मनपसंद जगह पर तबादला करवाने में भी आप कामयाब रहेंगे। आपका प्रभाव बढ़ेगा। इस दौरान आपको कोई राजकीय सम्मान भी प्राप्त हो सकता है या आपके कार्यों की सराहना होगी। शनि का राशि परिवर्तन करने पर मेष राशि वाले अपने घर की रेनोवेशन व साज-सज्जा पर भी खर्च करेंगे। नया वाहन खरीदने का योग भी बनेगा। कोई प्रॉपर्टी भी खरीद सकते हैं। यह अवधि उन जातकों के लिए बेहतर साबित हो सकती है जो अंतर्राष्ट्रीय या बहुराष्ट्रीय कंपनियों में कार्यरत हैं।
इसके साथ-साथ कुछ चीजें ध्यान देने योग्य भी हैं। वह यह कि आप थोड़ा भ्रमित रहेंगे। यानि कंफ्यूजन में रहेंगे। सही समय पर सही फैसला लेने के लिए आपको थोड़ी माथापच्ची करनी पड़ेगी।
जुलाई 2022 में शनि वापिस अपने दसवें भाव में गोचर करेंगे और इस दौरान शनि का प्रभाव आपके कार्यक्षेत्र में बदला हुआ नज़र आ सकता है। यह समय कार्यक्षेत्र में आपकी छवि व प्रतिष्ठा को ख़राब कर सकता है। तब आपको थोड़ा सचेत रहना होगा और कोई भी ऐसा कार्य करने से बचना होगा जो अनैतिक हो। उस समय आपको थोड़ा स्वास्थ्य के प्रति भी सचेत रहना होगा। वाद-विवाद से भी परहेज करना होगा। प्रेम संबंधों में टकराव की स्थिति भी हो सकती है।
मेष राशि वाले शनि देव को प्रसन्न करने के लिए शनिवार को गुड़ वाली मीठी पूड़ी सरसों के तेल में बनाकर गाय को खिलाएं, शुभ फल मिलेगा। इसके अलावा अपने नहाने के पानी में कुछ काले तिल अवश्य डालें। गरीबों को अनाज, काला कंबल आदि का दान कर सकते हैं । कुष्ठ रोगियों की सेवा करें। ऐसा करने पर शनिदेव की कृपा हासिल होगी।
गुरमीत बेदी
gurmitbedi@gmail.com