लोकसभा चुनाव : भाजपा ने प.बंगाल में राम मंदिर, सी.ए.ए. पर लगाया दाव
Monday, Feb 12, 2024 - 07:54 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
कोलकाता (प.स.): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई राज्य की 42 लोकसभा सीटों में से 35 पर जीत दर्ज करने के अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की कवायद में अब भ्रष्टाचार के मुद्दे से अपना ध्यान हटाकर अयोध्या में राम मंदिर और संशोधित नागरिकता कानून (सी.ए.ए.) जैसे भावनात्मक मुद्दों को उठाने की कोशिश कर रही है। भाजपा की रणनीति पश्चिम बंगाल में आगामी लोकसभा चुनाव विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ से अलग होकर अकेले लड़ने के तृणमूल कांग्रेस के फैसले पर आधारित है। इस कदम ने भाजपा के भीतर तृणमूल विरोधी वोट हासिल करने की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
राज्य में 2021 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद से आंतरिक कलह और चुनावी झटकों के बावजूद ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को भुनाने की भाजपा की कोशिशें रंग नहीं लाई हैं। लोकसभा की 42 में से 35 सीटें जीतने का लक्ष्य तय करते हुए भाजपा ने अब राम मंदिर और सी.ए.ए. जैसे मुद्दों पर दाव लगाया है। भाजपा की प्रदेश महासचिव अग्निमित्रा पॉल ने बताया, ‘राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा और सी.ए.ए. लागू करना दोनों ही पार्टी के अहम मुद्दे हैं।’
उन्होंने कहा, ‘दोनों मुद्दे भावनात्मक हैं और लोग इससे जुड़ सकते हैं।’