इस मंदिर में झाडू अर्पित करने से मिलती है चर्म रोग से मुक्ति

Wednesday, Feb 22, 2017 - 02:48 PM (IST)

उत्तरप्रदेश के मुरादाबाद जिले में बीहाजोई गांव में पुरातन पतालेश्वर शिव मंदिर स्थित है। यहां लोग भोलेनाथ का पूजा हेतु लंबी-लंबी लाईनों में खड़े रहते हैं। इस मंदिर में श्रद्धालु भोलेनाथ की आराधना हेतु झाडू अर्पित करते हैं। यहां शिवलिंग पर दूध, जल और फल के साथ-साथ सीखों वाली झाड़ू को भी अर्पित किया जाता है। माना जाता है कि पतालेश्वेर मंदिर में भोलेनाथ को झाडू अर्पित करने से प्रत्येक इच्छाएं पू्र्ण होती हैं। झाडू के अर्पण से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं और त्वचा संबंधी रोगों से मुक्ति मिलती है। यह मंदिर पूरे क्षेत्र में प्रसिद्ध है। कहा जाता है कि यह मंदिर 150 वर्ष प्राचीन है।
 

मंदिर में झाडू को अर्पित करने की प्रथा बहुत प्राचीन है। कहा जाता है कि इस गांव में भिखारीदास नाम का एक व्यापारी रहता था, जो बहुत धनी था। लेकिन उसे त्वचा संबंधी रोग था। एक दिन वह इस रोग का इलाज करवाने जा रहा था कि अचानक से उसे प्यास लगी। तभी रास्ते में उसे एक आश्रम दिखाई दिया। वह व्यापारी आश्रम में आया। वह मंदिर में झाड़ू लगा रहे महंत से टकरा गया। झाडू के स्पर्श करने से उसका रोग ठीक हो गया। व्यापारी ने प्रसन्न होकर संत को मंदिर बनवाने के लिए धन दिया। लेकिन संत ने धन नहीं लिया। कुछ दिनों के बाद व्यापारी ने आश्रम के नजदीक भगवान शिव का मंदिर वनवा दिया। तब से ही माना जाने लगा कि मंदिर में झाडू अर्पित करने से त्वचा संबंधी रोग ठीक होते हैं। 

 
 

Advertising