अजब गजब स्थान: रइसों का ‘स्वर्ग’ स्विट्जरलैंड

Tuesday, Sep 28, 2021 - 02:29 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
दशकों से स्विट्जरलैंड विश्व के बेहद अमीर लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता रहा है। देश के प्रसिद्ध बैंक, कार्य स्वतंत्रता तथा सुरक्षा के साथ-साथ दिल को छूने वाले दृश्य ऐसे कुछ कारण है जो अमीर लोगों को विश्वभर से अपनी ओर खींचते हैं। स्वर्ग जैसे एक छोटे अल्पाइन राष्ट्र स्विट्जरलैंड ने महामारी में लोगों को लग्जरी सम्पत्तियों को खरीदने के लिए आकर्षित किया है।

यू.बी.एस. बैंक के अनुसार स्विट्जरलैंड में सम्पत्ति की कीमत में बेहद उछाल आया है। यह उछाल ज्यादातर जेनेवा के निकट कोलोग्नी की म्युनिसिपलटी में देखने को मिला है। रियल एस्टेट की कीमतें प्रति वर्ग मीटर 39 हजार डॉलर हो चुकी है। कोरोना वायरस के फूटने के कारण लोगों का ध्यान अपनी सुरक्षा की तरफ बढ़ा है। यहां यह भी ध्यान देने योग्य बात यह है कि स्विट्जरलैंड में दूसरे देशों की तुलना में ऊंचे करों का जोखिम नियंत्रण में होता है। इसके लिए सुदृढ़ वित्तीय स्थिति जिम्मेदार है।

जी.डी.पी. का ऋण अनुपात 40 प्रतिशत है। जर्मनी में यह अनुपात 70 प्रतिशत तथा फ्रांस में यह 100 प्रतिशत से अधिक है। ‘बिलांज’ मैग्जीन के अनुसार 2020 में स्विट्जरलैंड के तीन सौ अमीर लोगों की सूची में शीर्ष पर आईकेईए संस्थापक दिवंगत इंगवार कैम्पराड के वारिस काबिज है। 

2020 में जनसंख्या का 14.9 प्रतिशत हिस्सा करोड़पति लोगों का था। मतलब यह है कि 8.5 मिलियन आबादी वाले स्विट्जरलैंड में हर छठा व्यक्ति करोड़पति है। स्विट्जरलैंड में 135 अरबपति भी है।

इस दौरान पता चला है कि ज्यादा धनाढ्य लोग स्विट्जरलैंड का रुख कर रहे हैं। विदेशी क्लाइंट्स को देखने वाले वकील एनजो कैप्यूटो का कहना है कि लोग स्विट्जरलैंड में एक नए जीवन की शुरूआत करना चाहते हैं। स्विट्जरलैंड के बारे में पूछने वाले लोगों की गिनती में 25 प्रतिशत तक का इजाफा हुआ है। वहीं दूसरे वकीलों का कहना है कि यह दर 45 प्रतिशत की हो सकती है।

हालांकि ऐसे आंकड़ों को जांचना असम्भव है। स्विट्जरलैंड में आने वाले नए क्लाइंट्स को अपनी परिसम्पत्तियों के बारे में घोषणा नहीं करनी पड़ती।

Jyoti

Advertising