Panchak July 2026 : जुलाई में कब से शुरू हो रहा है पंचक, जानिए किन कामों पर लगेगी रोक
punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2026 - 10:12 AM (IST)
Panchak July 2026 : हिंदू धर्म और ज्योतिष शास्त्र में पंचक की अवधि को बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके अनुसार, पूरे महीने को शुभ और अशुभ दो कालखंडों में बांट दिया जाता है। इन्हीं में से एक संवेदनशील काल है- पंचक। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, जब चंद्रमा कुंभ और मीन राशि में गोचर करता है, तो उस अवधि को पंचक कहा जाता है। पंचक के दौरान कुछ शुभ और मांगलिक कार्यों की मनाही होती है। इस साल जुलाई का महीना धार्मिक और अध्यात्मिक तौर से बहुत शुभ और खास रहने वाला है क्योंकि इस माह में दो बार पंचक लगेगा। तो आइए जानते हैं कि कब से कब तक लगेगा पंचक और इस दौरान कौन से कामों को करने की भूल नहीं करना चाहिए।

कब से कब तक रहेगा पंचक का साया?
पंचांग के अनुसार, जुलाई 2026 में पंचक दो बार लगेंगे। जुलाई के पहले पंचक की शुरुआत 03 जुलाई को रात 12 बजकर 48 मिनट से 8 जुलाई को शाम 4:00 बजे तक है। वहीं, जुलाई के दूसरे पंचक की शुरुआत 31 जुलाई को सुबह 06 बजकर 38 मिनट से शुरू होकर 4 अगस्त तक है।

पंचक में भूलकर भी न करें ये 5 काम
पचंक के दौरान लकड़ी से जुड़ी चीजें जैसे- ईंधन के लिए लकड़ी एकत्र करना, लकड़ी का फर्नीचर खरीदना या घास-फूस इकट्ठा करना अशुभ माना जाता है। इसलिए पंचक में न तो लकड़ी कटवाएं और न ही लकड़ी का सामान खरीदें।
जो लोग नया मकान बनवा रहे हैं, वो इस चीज का जरूर ध्यान दें कि पंचक के पांच दिनों तक घर की छत से जुड़ा कोई भी काम न करवाएं और न ही लेंटर डलवाएं। माना जाता है कि इससे घर में अशांति बनी रहती है और पैसों से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
पंचक की अवधि के दौरान दक्षिण दिशा की यात्रा नहीं करना चाहिए क्योंकि दक्षिण दिशा को यमराज की दिशा कहा जाता है। माना जाता है कि पंचक के दौरान इस दिशा में यात्रा करने से दुर्घटना या भारी नुकसान होने की संभावना बनी रहती है।
यदि पंचक काल में परिवार में किसी सदस्य का निधन हो जाता है, तो बेहद सावधानी बरतनी चाहिए। गरुड़ पुराण के अनुसार, पंचक में दाह संस्कार करने से पहले किसी योग्य पंडित से सलाह लेकर शव के साथ पांच आटे या कुशा के पुतले बनाकर रखने चाहिए, ताकि परिवार पर से पंचक दोष का साया दूर हो सके।
क्या पंचक में सभी कार्य बंद रहते हैं?
पंचक का नाम सुनते ही लोग अक्सर डर जाते हैं, लेकिन ऐसा नहीं हैं। पंचक केवल कुछ चुनें हुए निर्माण और यात्रा संबंधित कामों के लिए वर्जित माना गया है। इस दौरान अगर बहुत जरूरी शुभ और मांगलिक कार्य जैसे- शादी या सगाई करना हो तो पंचक के दौरान आने वाले शुभ नक्षत्रों और शुभ मुहूर्त को देखते हुए सारे काम पूरे किए जा सकते हैं।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
