Nirjala Ekadashi 2021: धन वृद्धि के लिए आज इन वस्तुओं का करें दान

Monday, Jun 21, 2021 - 06:11 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Nirjala Ekadashi 2021: निर्जला एकादशी ज्येष्ठ मास में पड़ने वाली सर्वश्रेष्ठ एकादशी व्रत है। निर्जला एकादशी का उपवास करने पर सभी एकादशियों के व्रत के बराबर फल मिलता है। इस दिन व्रती जल की एक बूंद भी नहीं पीते। ज्येष्ठ मास अत्यंत गर्म महीना होता है। इस समय इतना कठोर उपवास करना एक अत्यन्त कठिन तप है, जिसका फल भी उतना ही श्रेष्ठ है। भगवान कृष्ण ने भीमसेन से यह उपवास करवा कर उनके लिए स्वर्ग का मार्ग प्रशस्त करवाया था। इस एकादशी को किए जाने वाले दान, पुण्य में वृद्धि करते हैं और मृत्यु लोक के संताप से मुक्ति मिलती है। विष्णु जी को समर्पित एकादशी व्रत मन को साधने का अत्यंत सुगम मार्ग है। एकादशी को कुछ खास वस्तुओं के दान से भौतिक सुख-साधनों की सरलता से प्राप्ति होती है। जो लोग इस कठिन व्रत को नहीं कर पाते वे भजन-कीर्तन, दान-पुण्य और जाप इत्यादि से कई प्रकार के लाभ प्राप्त कर सकते हैं। आइए जानें, कुछ महत्त्वपूर्ण वस्तुओं का दान जो बनाएगा धनवान और हर प्रकार का ऐश्वर्य देने वाली ये शुभ तिथि कैसे बनाती हैं ऐश्वर्यवान-

निर्जला एकादशी पर भगवान विष्णु को चढ़ने वाली प्रत्येक वस्तु में तुलसी पत्र अवश्य मिलाएं। आज के दिन माता लक्ष्मी का पूजन भी साथ में करें। कमलगट्टे की माला, अनार का रस व दही मां लक्ष्मी को चढ़ाएं। ऐसा करने से धन के मार्ग में आने वाली सभी अड़चने दूर होंगी।

सबसे गर्म दिनों में यह तिथि जल का दान करने पर अत्यंत कल्याणकारी बन जाती है। इस दिन दूध, जल, खीर, दही, रस, शर्बत और पंखे का दान कारोबार और नौकरी दोनों में प्रगति दिलाता है।

एकादशी की इस तिथि पर अपने घर के दामाद और बेटी के जल से चरण पखारें। उन्हे शीतलता देने वाली वस्तुओं का दान करें। ऐसा करने पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होगी।

निर्जला एकादशी पर राहगीरों और मुसाफिरों को शीतल जल, शर्बत और फलों के रस का दान करने से राहु, शनि और केतु ये तीनों ग्रह शांत रहते हैं। इनके शुभ होने से धन कमाने में बाधा नहीं आती।

निर्जला एकादशी को अपने घर उत्तर की दिशा में कच्चे घड़े में पानी भर कर रखें। सम्भव हो तो पूरे माह इसी घड़े का पानी ही पिएं। धन निरंतर चल रहे झरने की तरह बहेगा।
 
नीलम
neelamkataria0012@gmail.com 

Niyati Bhandari

Advertising