New Delhi: अष्टमी पर मंदिरों में हवन और भंडारा, घर-घर पूजी गईं कंजकें

Wednesday, Apr 17, 2024 - 08:38 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स):  चैत्र नवरात्रि के आखिरी दिन देशभर में राम नवमी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को अष्टमी के दिन भी घरों व मंदिरों में अष्टम महा गौरी की पूजा की गई और कंचिकाओं को भोजन कराया गया। कल यानी बुधवार को हर घर में मां दुर्गा के नौ रूपों को कन्याओं के रूप में पूजा जाएगा। इसके लिए लोग हल्वा, पूरी के साथ कन्याओं को चुनरी पहनाकर और उनको उनकी पसंद के गिफ्ट देकर पूजा करेंगे। कुछ ऐसी ही तैयारी दिल्ली के मंदिरों ने भी की है। मंदिरों में हवन पूजा के बाद भंडारे की तैयारी मंदिरों ने की है। इसके लिए राजधानी के कई नामी मंदिरों में आप भगवान राम के दर्शन कर पूजा अर्चना कर सकते हैं। दिल्ली के कुछ प्राचीन राम मंदिर खास हैं। 

दिल्ली के अशोक विहार में भगवान राम का ये मंदिर अयोध्या में बने राम मंदिर से काफी मिलता जुलता है। इस मंदिर का शिखर करीब 100 फीट ऊंचा है। ऐसे में अगर आप अभी अयोध्या का प्लान नहीं बना पा रहे हैं, तो इस मंदिर में दर्शन करके भी मन की शांति पा सकते हैं। विवेक विहार स्थित राम मंदिर की भी काफी मान्यता है। राम नवमी पर यहां दर्शन करने का मौका बेहद खास है। बता दें कि इस मंदिर के पास ही श्री बालाजी मंदिर भी है, ऐसे में एक ही साथ आप दो दर्शन का लाभ उठा सकते हैं। राम नवमी का दर्शन करने के लिए लोधी रोड पर स्थित ये दक्षिण भारतीय राम मंदिर भी काफी फेमस है। प्रभु राम का यह मंदिर अपनी वास्तुकला शैली के लिए जाना जाता है। यहां के गर्भगृह में भगवान राम, मां सीता, भरत, लक्ष्मण, शत्रुघ्न और हनुमान विराजमान हैं।

Prachi Sharma

Advertising