Motivational Concept: कार्य के प्रति निष्ठा जरूरी

Friday, Jun 03, 2022 - 09:59 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
राजस्थान के प्रसिद्ध जैन साहित्यकार टोडरमल में अपने काम के प्रति अद्भुत लगन थी। वह जिस भी विषय पर लिखना तय कर लेते थे उसे पूरा करके ही छोड़ते थे। एक समय वह अपने एक ग्रंथ ‘मोक्षमार्ग’ पर काम कर रहे थे। यह टोडरमल का लिखा विख्यात ग्रंथ है और आज भी लोगों के लिए मार्गदर्शक बना हुआ है। जब टोडरमल के मस्तिष्क में मोक्षमार्ग लिखने का विचार आया तो उसके लिए उन्होंने अनेक लोगों से सामग्री जुटानी आरंभ की। टोडरमल अपने काम में इतने डूब गए कि उन्हें रात और दिन का होश ही न रहा और न खाने-पीने की सुध रही। घर के लोग उनका ध्यान रखते और वह अपना ग्रंथ लिखते रहते।

एक दिन टोडरमल अपनी मां से बोले, ‘‘मां! आज सब्जी में नमक नहीं है। लगता है आप नमक डालना भूल गईं।’’ उनकी बात सुनकर मां मुस्कुराते हुए बोली, ‘‘बेटा! लगता है आज तुमने अपना ग्रंथ पूरा कर लिया है।’’

मां की बात सुनकर टोडरमल चौंके और हैरानी से बोले, ‘‘हां मां! मैंने अपने ग्रंथ पूरा कर लिया है, किन्तु आपको इस बात का कैसे पता चला?’’ 

मां ने जवाब दिया, ‘‘नमक तो मैं तुम्हारे भोजन में पिछले 6 महीने से नहीं डाल रही थी, किन्तु उसका अभाव तुम्हें आज पहली बार महसूस हुआ है। इसी से मैंने जाना। जब तक तुम्हारे मस्तिष्क में पुस्तक की विषय-सामग्री थी तब तक नमक जैसी वस्तुओं के लिए स्थान नहीं था। अब जब वह जगह खाली हो गई तो इंद्रियों के रसों ने उसे भरना शुरू कर दिया।’’

दरअसल, कार्य के प्रति लगन और निष्ठा हो तो कार्य थोड़े समय में और उत्कृष्टता के साथ  पूरा होता है। अत: जब भी कोई कार्य हाथ में लें तो उसे पूरी लगन के साथ करें।
 

Jyoti

Advertising