Motivational Concept: राजनीतिक जीवन में जनता का विश्वास अधिक मूल्यवान

Tuesday, Apr 19, 2022 - 03:09 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
महान संत कन्फ्यूशियस का जनता में बहुत सम्मान था। लोग उनसे अपनी समस्याओं का हल जानने उनके पास आते थे। कन्फ्यूशियस भी लोगों की समस्याओं के हल को उन्हें अच्छे ढंग से समझा कर उनका निदान करते थे। एक बार कुछ राजनेता, राजनीति के संदर्भ में कुछ प्रश्रों का उत्तर जानने उनके पास आए। चर्चा चल रही थी कि उनमें से एक राजनेता ने पूछा-कृपया बताएं, सच्चे अर्थों में एक आदर्श व अच्छा शासक कौन हो सकता है?

प्रश्र सुनकर कन्फ्यूशियस बोले-महानुभाव जिसके पास जनता के पालन पोषण के लिए पर्याप्त साधन हो, देश की रक्षा के लिए पर्याप्त सेना और अस्त्र-शस्त्र हों तथा जिस पर जनता का पूर्ण विश्वास हो, वही वास्तव में एक अच्छा व आदर्श शासक साबित हो सकता है।

राजनेता बोले लेकिन इनमें से सबसे महत्वपूर्ण क्या है? इस पर कन्फ्यूशियस बोले-इनमें सबसे महत्वपूर्ण जनता का विश्वास है। शासक या सरकार के प्रति यदि जनता का विश्वास डगमगा गया तो उसका पतन निश्चित है। विश्वास एवं विश्वसनीयता से बढ़कर किसी शासक के लिए सर्वोत्तम तत्व और कुछ नहीं हो सकता क्योंकि अन्य वस्तुएं जैसे आधुनिक शस्त्र, सर्वोत्तम साधन आदि तो रुपए पैसों से खरीदे जा सकते हैं किन्तु विश्वास को अपना सब कुछ न्यौछावर कर देने पर भी नहीं खरीदा जा सकता। विश्वास ही इस संसार में एक ऐसा तत्व है, जो अपनी दृष्टि और आचरण से प्राप्त किया जा सकता है।

यदि जनता का विश्वास किसी बड़े राजनेता पर से उठ जाए तो वह उसी क्षण आसमान से जमीन पर आ गिरता है। राजनेता इससे पूर्ण सहमत हो गए। वास्तव में राजनीतिक जीवन में जनता का विश्वास सबसे अधिक मूल्यवान होता है।

Jyoti

Advertising