Motivational Concept: परिश्रम और साहस से जीती जा सकती है हर लड़ाई

Monday, Jun 21, 2021 - 11:54 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
एक बार की बात है कि उत्तरी वर्जीनिया के जंगल में एक पार्टी का आयोजन हो रहा था, सहसा एक स्त्री के विलाप ने सबको चौंका दिया। सब लोग उस ओर चल पड़े, स्त्री ने इन लोगों में से एक युवक को देखकर पुकारा कि ‘‘देखिए ये लोग मुझको छोड़ते नहीं हैं। मेरा लड़का नदी में गिर गया है। मुझे इन लोगों से छुड़ा लीजिए जिसमें मैं अपना लड़का नदी से निकाल सकूं।’’

जिन लोगों ने स्त्री को पकड़ रखा था वे यह सोच रहे थे कि यदि वे इसे छोड़ देंगे तो वह अवश्य पानी में जाकर लड़के के साथ खुद भी डूब जाएगी क्योंकि नदी गहरी थी और जल प्रवाह काफी तेज था।

स्त्री की पुकार सुनते ही एक युवक नदी में कूद पड़ा। जहां बच्चे का वस्त्र दिखाई दे रहा था, जल प्रवाह को पार करता हुआ वह वहां जा पहुंचा और उसने बच्चे को हाथ से पकड़ तो लिया पर वह हाथ से फिर से निकल गया। फिर जल के वेग ने उन दोनों को डुबो दिया।

बड़ी देर में परिश्रम और साहस के साथ वह युवक अंत में उस लड़के को ऊपर उठाए चट्टान पर आ गया। दर्शक लोग और वह स्त्री दौड़कर दोनों के पास पहुंचे।
बच्चा और युवक दोनों बेसुध और अशक्त हो गए थे। थोड़ी देर बाद दोनों को होश आया। स्त्री ने बच्चे को छाती से लगाया और युवक को आशीर्वाद देती हुई चली गई। वह संवेदनशील साहसी युवक थे अमरीका के प्रथम राष्ट्रपति जार्ज वाशिंगटन।

Jyoti

Advertising